विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Himachal Pradesh Pyari Behna Yojana Suffers Major Setback Applications Of 7 69 Lakh Women Rejected

हिमाचल प्रदेश : प्यारी बहना योजना को बड़ा झटका, 7.69 लाख महिलाओं के आवेदन खारिज

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sun, 22 Nov 2026 09:52 AM IST
सार

  • हिमाचल में प्यारी बहना योजना के 8.25 लाख से ज्यादा आवेदन मिले।

  • 7.69 लाख आवेदन खारिज, करीब 93 फीसदी महिलाएं नहीं पाईं पात्रता।

  • सिर्फ 51,853 महिलाओं के आवेदन मंजूर हुए।

  • परिवार की सालाना आय दो लाख रुपये से अधिक होने पर नहीं मिलेगा लाभ।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश की इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना के तहत आवेदन करने वाली लाखों महिलाओं को निराशा हाथ लगी है। पिछले तीन वर्षों में योजना के लिए मिले 8.25 लाख से ज्यादा आवेदनों में से करीब 93 फीसदी आवेदन खारिज कर दिए गए हैं। अब तक सिर्फ 51,853 महिलाओं के आवेदन ही मंजूर हुए हैं, जबकि 4,408 आवेदन अभी लंबित हैं।

शनिवार को विधानसभा में पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी के सवाल के जवाब में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल ने यह जानकारी दी। मंत्री ने बताया कि एक नवंबर 2026 तक योजना के लिए कुल 8,25,446 आवेदन मिले थे।

इनमें से 7,69,185 आवेदन नियमों के तहत निरस्त कर दिए गए। बड़ी संख्या में आवेदन खारिज होने की मुख्य वजह योजना में तय परिवार की सालाना आय सीमा है। योजना का लाभ उन्हीं महिलाओं को मिल सकता है, जिनके परिवार की वार्षिक आय दो लाख रुपये तक है। इस शर्त के कारण कई महिलाएं योजना के लिए पात्र नहीं पाई गईं। सरकार के मुताबिक, बाकी पात्र महिलाओं को नियमों के अनुसार चरणबद्ध तरीके से योजना का लाभ दिया जाएगा। जिलावार आंकड़ों में कांगड़ा सबसे आगे है, जहां सबसे ज्यादा आवेदन निरस्त हुए हैं।

योजना के तहत सबसे ज्यादा लंबित आवेदन किन्नौर जिले में हैं। यहां 2,158 आवेदनों पर अभी फैसला नहीं हुआ है। इसके अलावा पांगी में 1,192, कांगड़ा में 806, डोडरा क्वार में 215 और काजा में 28 आवेदन लंबित हैं। कुल 4,408 आवेदन अभी मंजूरी या खारिज होने के अंतिम फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन