विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Gujarat Government To Provide Free Seeds And Fertilizers To 48000 Tribal Farmers Benefits Available Rabi Seaso

गुजरात : 48 हजार आदिवासी किसानों को मुफ्त बीज और खाद देगी सरकार, रबी सीजन में भी मिलेगा लाभ

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 18 Nov 2026 04:34 PM IST
सार

Gujarat Farmers Scheme के तहत राज्य के 14 जिलों के 48,190 आदिवासी किसानों को रबी सीजन में भी बीज और खाद की मदद मिलेगी। जानें किन फसलों के बीज और कितनी खाद मिलेगी।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गुजरात सरकार ने आदिवासी किसानों को बड़ी राहत देते हुए अपनी 'कृषि विविधीकरण योजना' का विस्तार रबी सीजन तक कर दिया है। अब इस योजना के तहत खरीफ के साथ रबी सीजन में भी किसानों को बीज और खाद की मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के इस फैसले से वित्त वर्ष 2026-27 में राज्य के 14 जिलों के 48,190 आदिवासी किसानों को फायदा होगा।

इस योजना के तहत किसानों को खेती के लिए जरूरी बीज और उर्वरक (खाद) दिए जाएंगे। इसका उद्देश्य खेती की लागत कम करना, फसल उत्पादन बढ़ाना और किसानों को पारंपरिक फसलों के अलावा दूसरी फसलें उगाने के लिए प्रोत्साहित करना है। राज्य सरकार ने आदिवासी क्षेत्रों में बीज और खाद की किट बांटने का काम भी शुरू कर दिया है।

इन 14 जिलों के किसानों को मिलेगा फायदा
योजना के तहत किसानों को उनके जिले की जलवायु और खेती की जरूरतों के हिसाब से बीज और खाद दिए जाएंगे। इसके लिए 14 जिलों को दो समूहों में बांटा गया है।

पहला समूह : बनासकांठा, साबरकांठा, अरावली, महीसागर, पंचमहल, दाहोद और छोटा उदेपुर।इन जिलों के किसानों को गेहूं, चना और मक्का में से किसी एक फसल के बीज दिए जाएंगे। इसके साथ टमाटर, भिंडी और बैंगन जैसी सब्जियों के बीज भी मिलेंगे।

दूसरा समूह : नर्मदा, भरूच, सूरत, नवसारी, तापी, वलसाड और डांग। इन जिलों के किसानों को भिंडी, टमाटर, लौकी, खीरा, बैंगन और ब्रोकली जैसी सब्जियों के बीज दिए जाएंगे।

खाद की किट में क्या-क्या मिलेगा?
सरकार किसानों को बीज के साथ खाद की किट भी उपलब्ध कराएगी। इसमें फसल की जरूरत के अनुसार जैविक खाद और दूसरे उर्वरक शामिल होंगे।

खाद की किट में मुख्य रूप से ये चीजें दी जाएंगी
  • फॉस्फेट से भरपूर जैविक खाद (PROM) का 50 किलो का बैग।
  • अमोनियम सल्फेट का 50 किलो का बैग। 
  • एनपीके कंसोर्टिया की एक बोतल।
इससे किसानों को खेती के लिए जरूरी पोषक तत्व उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। हालांकि, अलग-अलग क्षेत्रों के लिए खाद की किट का स्वरूप तय किया गया है।

बीज-खाद के अलावा खेती की ट्रेनिंग भी मिलेगी
योजना के तहत किसानों को सिर्फ बीज और खाद ही नहीं दिए जाएंगे, बल्कि खेती से जुड़ी दूसरी सुविधाएं भी मिलेंगी। किसानों को कृषि प्रशिक्षण दिया जाएगा और उन्हें बाजार से जुड़ने में मदद की जाएगी।

इसके अलावा योजना लागू करने वाली एजेंसी फोन कॉल और मैसेज के जरिए किसानों को खेती से जुड़ी जानकारी और जरूरी सलाह देगी। इससे किसानों को फसल उत्पादन और बेहतर खेती के तरीकों को समझने में मदद मिलेगी।

2012 में शुरू हुई थी कृषि विविधीकरण योजना
गुजरात सरकार ने आदिवासी किसानों की आय बढ़ाने और खेती में नई फसलों को बढ़ावा देने के लिए साल 2012 में कृषि विविधीकरण योजना शुरू की थी। योजना शुरू होने के बाद से अब तक करीब 15.70 लाख आदिवासी किसान इसका लाभ उठा चुके हैं।

इस योजना का खरीफ सीजन वाला हिस्सा 2022-23 में शुरू किया गया था। इसके तहत किसानों को मूंगफली, सोयाबीन, ज्वार, धान, बैंगन, उड़द, अरहर, रागी, भिंडी और बाजरा समेत 10 फसलों में से किसी एक के बीज दिए जाते हैं। बीज और खाद की मात्रा इस तरह तय की जाती है कि एक एकड़ जमीन में खेती के लिए पर्याप्त हो।

ऑनलाइन पोर्टल से कर सकते हैं आवेदन
आदिवासी किसानों को योजना का लाभ आसानी से दिलाने के लिए गुजरात के आदिवासी विकास विभाग ने ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया है। यह पोर्टल 2022-23 से सभी आदिवासी जिलों में काम कर रहा है। इसके जरिए किसान घर बैठे योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं और आवेदन को मंजूरी मिलने की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। इससे किसानों को सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती।

रबी सीजन तक योजना का विस्तार होने से उन आदिवासी किसानों को भी अतिरिक्त मदद मिल सकेगी, जिन्हें खरीफ सीजन में पहले ही योजना का लाभ मिल चुका है। सरकार को उम्मीद है कि इससे आदिवासी क्षेत्रों में खेती का दायरा बढ़ेगा और किसानों की आमदनी में सुधार होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन