विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Grain Stocks Three Times The Buffer Requirement Food Subsidy Expenditure Could Significantly Exceed The Budge

बफर स्टॉक से 3 गुना ज्यादा अनाज जमा : बजट से काफी अधिक हो सकता है खाद्य सब्सिडी खर्च, रखरखाव ने बिगाड़ा गणित

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Mon, 23 Nov 2026 08:58 AM IST
सार

  • वित्त मंत्रालय ने एफसीआई को 1.52 लाख करोड़ रुपये के खाद्य सब्सिडी बजट में से 95,400 करोड़ रुपये जारी किए।
  • एफसीआई के पास 8.1 करोड़ टन खाद्यान्न का भंडार, जो अनिवार्य बफर स्टॉक से करीब तीन गुना है।
  • चावल की आर्थिक लागत बढ़कर 43.91 रुपये और गेहूं की 31.45 रुपये प्रति किलो होने का अनुमान।
  • वित्त वर्ष 2026-27 में खाद्य सब्सिडी का कुल खर्च 2.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है।

सरकार के खाद्य सब्सिडी बजट में बड़े उछाल की संभावना।
सरकार के खाद्य सब्सिडी बजट में बड़े उछाल की संभावना। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वित्त मंत्रालय ने भारतीय खाद्य निगम को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए तय खाद्य सब्सिडी बजट में से अब तक 95,400 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। यह कुल 1.52 लाख करोड़ रुपये के बजट का करीब 61 प्रतिशत है। इसके अलावा, एफसीआई की तत्काल पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए मंत्रालय ने 50,000 करोड़ रुपये का अस्थायी आर्थिक मदद भी दी है। हालांकि, केंद्रीय पूल में जरूरत से काफी ज्यादा अनाज जमा होने और उसके रखरखाव पर बढ़ते खर्च के कारण चालू वित्त वर्ष में खाद्य सब्सिडी का कुल खर्च 2.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है।

बफर स्टॉक से करीब तीन गुना ज्यादा अनाज जमा
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, एफसीआई के पास इस समय करीब 8.1 करोड़ टन खाद्यान्न का भंडार है। इसमें 3.7 करोड़ टन चावल और 4.4 करोड़ टन गेहूं शामिल है। यह मात्रा 1 जनवरी के लिए तय 2.141 करोड़ टन के अनिवार्य बफर स्टॉक से लगभग तीन गुना अधिक है।

इस भंडार में वह 1.8 करोड़ टन चावल शामिल नहीं है, जिसे मिलर्स से अभी लिया जाना बाकी है। यानी आने वाले समय में केंद्रीय पूल में अनाज की मात्रा और बढ़ सकती है। अधिकारियों के अनुसार, इतना बड़ा भंडार रखने से उसके भंडारण और रखरखाव पर खर्च भी बढ़ रहा है।

जानकारों के मुताबिक, वित्त वर्ष के अंत तक एफसीआई को दिए गए 50,000 करोड़ रुपये के अग्रिम को उसके कुल आवंटन में समायोजित कर लिया जाएगा। हालांकि, अतिरिक्त अनाज के रखरखाव पर होने वाले खर्च को पूरा करने के लिए वित्त मंत्रालय को और राशि जारी करनी पड़ सकती है। इसके अलावा, एफसीआई ने वित्त वर्ष 2025-26 के 12,000 करोड़ रुपये से अधिक के बकाये का भुगतान करने की मांग भी की है।

चावल और गेहूं की आर्थिक लागत में बढ़ोतरी
विभागीय अनुमानों के मुताबिक, अनाज की खरीद, भंडारण और ढुलाई पर होने वाला खर्च बढ़ने से एफसीआई की आर्थिक लागत में भी इजाफा हुआ है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और अन्य खर्चों में बढ़ोतरी का असर चावल और गेहूं की लागत पर पड़ा है।वित्त वर्ष 2026-27 में चावल की आर्थिक लागत 43.91 रुपये प्रति किलोग्राम और गेहूं की लागत 31.45 रुपये प्रति किलोग्राम रहने का अनुमान है। जबकि वित्त वर्ष 2025-26 में यह लागत क्रमशः 42.11 रुपये और 29.68 रुपये प्रति किलोग्राम थी। इस तरह दोनों अनाज की लागत में पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले बढ़ोतरी हुई है।

2.47 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो सकता है खाद्य सब्सिडी खर्च
जानकारों के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 के लिए एफसीआई और विकेंद्रीकृत खरीद करने वाले राज्यों को मिलाकर कुल खाद्य सब्सिडी का बजट 2.27 लाख करोड़ रुपये रखा गया है। लेकिन केंद्रीय पूल में अनाज का भंडार लगातार बढ़ने और उसकी आर्थिक लागत में इजाफा होने से वास्तविक खर्च 2.47 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच सकता है।

इससे पहले वित्त वर्ष 2025-26 में सरकार का कुल खाद्य सब्सिडी खर्च 2.27 लाख करोड़ रुपये रहा था। इसमें से 1.69 लाख करोड़ रुपये एफसीआई के माध्यम से खर्च किए गए थे। विभागीय अनुमानों के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष में सब्सिडी का खर्च पिछले साल के मुकाबले बढ़ सकता है।

मुफ्त राशन योजना के लिए हर साल खरीदे जा रहे 8 से 8.5 करोड़ टन अनाज
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, केंद्र सरकार के कुल खाद्य सब्सिडी बजट का 70 प्रतिशत से अधिक हिस्सा एफसीआई के माध्यम से खर्च होता है। इसका बड़ा हिस्सा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाई) के तहत पात्र लाभार्थियों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराने और बफर स्टॉक बनाए रखने पर खर्च किया जाता है।

इस योजना के तहत देश में करीब 81 करोड़ लोगों को हर महीने 5 किलोग्राम अनाज मुफ्त दिया जा रहा है। सरकार ने इस योजना को 2028 के अंत तक बढ़ाया है। इसके लिए 11.8 लाख करोड़ रुपये के अनुमानित खर्च का उल्लेख किया गया है। आंकड़ों के मुताबिक, एफसीआई हर साल इस योजना के लिए 3.6 से 3.8 करोड़ टन चावल और 1.8 से 2 करोड़ टन गेहूं की आपूर्ति करता है। वहीं, सालाना अनाज की खरीद करीब 8 से 8.5 करोड़ टन के बीच रहती है। खरीद और वितरण के बीच इस अंतर के चलते केंद्रीय पूल में अनाज का भंडार लगातार बढ़ रहा है।

एफसीआई को 1 लाख करोड़ रुपये तक कर्ज लेने की सुविधा
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले दो वित्त वर्षों में वित्त मंत्रालय की ओर से सब्सिडी की राशि समय पर जारी किए जाने से एफसीआई को अल्पकालिक कर्ज और बैंक क्रेडिट पर अपनी निर्भरता कम करने में मदद मिली है। हालांकि, सब्सिडी जारी होने और खर्च के बीच नकदी की जरूरत पूरी करने के लिए एफसीआई के पास 90 दिनों तक के लिए 1 लाख करोड़ रुपये का अल्पकालिक कर्ज लेने की सुविधा है। इस कर्ज पर नामित बैंक सालाना 5.55 से 7.4 प्रतिशत तक ब्याज लेते हैं।

इसके अलावा, एफसीआई अब तक 36,700 करोड़ रुपये के बॉन्ड भी जारी कर चुका है। इन बॉन्ड का भुगतान 2028 से 2031 के बीच किया जाना है। ऐसे में एक ओर जहां एफसीआई के पास अनाज का बड़ा भंडार है, वहीं दूसरी ओर उसके रखरखाव और वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता भी बढ़ रही है।


विज्ञापन
विज्ञापन