भारत के असंगठित गैर-कृषि क्षेत्र में अप्रैल-जून की गिरावट के बाद जुलाई-सितंबर तिमाही में तेजी देखने को मिली है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय की तिमाही बुलेटिन के अनुसार, इस दौरान असंगठित उद्यमों की संख्या पिछली तिमाही के मुकाबले 9.2 प्रतिशत और इनमें काम करने वाले लोगों की संख्या 9.7 प्रतिशत बढ़ी है। इस बढ़ोतरी में ग्रामीण क्षेत्रों की अहम भूमिका रही।
असंगठित उद्यमों की संख्या 9.47 करोड़ पहुंची
एनएसओ के आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई-सितंबर तिमाही में असंगठित उद्यमों की कुल संख्या बढ़कर 9.47 करोड़ हो गई। यह इस सर्वेक्षण श्रृंखला में अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं, इस दौरान इन उद्यमों में काम करने वाले लोगों की संख्या 15.02 करोड़ पहुंच गई। यह अब तक का दूसरा सबसे ऊंचा स्तर है। इससे पहले अप्रैल-जून तिमाही में उद्यमों की संख्या में पिछली तिमाही के मुकाबले 5.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी। वहीं, कामगारों की संख्या 9.7 प्रतिशत घट गई थी। एनएसओ ने जनवरी-मार्च 2025 से तिमाही आधार पर असंगठित उद्यमों के आंकड़े जारी करने शुरू किए थे। उसके बाद अप्रैल-जून की गिरावट सबसे बड़ी थी।
ग्रामीण क्षेत्रों में कारोबार और रोजगार की ज्यादा बढ़ोतरी
एनएसओ की रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई-सितंबर तिमाही में असंगठित क्षेत्र की वापसी में ग्रामीण भारत की बड़ी भूमिका रही। पहली और दूसरी तिमाही के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में असंगठित उद्यमों की संख्या 12.3 प्रतिशत बढ़ी। वहीं, इनमें काम करने वाले लोगों की संख्या में 11.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इसके मुकाबले शहरी क्षेत्रों में उद्यमों की संख्या 6 प्रतिशत और कामगारों की संख्या 8.4 प्रतिशत बढ़ी। आंकड़ों से पता चलता है कि इस अवधि में ग्रामीण क्षेत्रों में कारोबार और रोजगार दोनों की वृद्धि शहरी क्षेत्रों से अधिक रही।
व्यापार क्षेत्र में सबसे ज्यादा सुधार
रिपोर्ट के अनुसार, अलग-अलग कारोबारी गतिविधियों में व्यापार क्षेत्र में सबसे तेज सुधार दर्ज किया गया। जुलाई-सितंबर में व्यापार से जुड़े उद्यमों की संख्या पिछली तिमाही के मुकाबले 14.9 प्रतिशत बढ़ी। वहीं, इस क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की संख्या 14.7 प्रतिशत बढ़ी। इससे पहले अप्रैल-जून में व्यापार क्षेत्र के उद्यमों में 11.2 प्रतिशत और कामगारों की संख्या में 12 प्रतिशत की गिरावट आई थी।
अन्य सेवा क्षेत्र में उद्यमों की संख्या 7.9 प्रतिशत और कामगारों की संख्या 9.7 प्रतिशत बढ़ी। इससे पहले इस क्षेत्र के उद्यमों में 6.7 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी। विनिर्माण क्षेत्र में भी सुधार हुआ। इस दौरान उद्यमों की संख्या 5.8 प्रतिशत और कामगारों की संख्या 4.1 प्रतिशत बढ़ी। हालांकि, अप्रैल-जून में इस क्षेत्र के उद्यमों में 8.6 प्रतिशत और कामगारों की संख्या में 12.1 प्रतिशत की गिरावट आई थी।
स्वरोजगार करने वालों की हिस्सेदारी बढ़ी
एनएसओ के आंकड़ों के अनुसार, सालाना आधार पर असंगठित क्षेत्र में स्वरोजगार करने वालों की हिस्सेदारी बढ़ी है। जुलाई-सितंबर में कुल कामगारों में कामकाजी मालिकों की हिस्सेदारी 62 प्रतिशत रही, जो एक साल पहले 60 प्रतिशत थी। इसके उलट वेतन पर काम करने वाले कर्मचारियों की हिस्सेदारी घटकर 23.2 प्रतिशत रह गई, जबकि एक साल पहले यह 25.9 प्रतिशत थी।
हालांकि, तिमाही आधार पर स्थिति कुछ अलग रही। पहली तिमाही के मुकाबले दूसरी तिमाही में कामकाजी मालिकों की हिस्सेदारी 0.4 प्रतिशत अंक घटी, जबकि वेतन पर काम करने वाले कर्मचारियों की हिस्सेदारी 0.45 प्रतिशत अंक बढ़ी। इस दौरान वेतन पर काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या 3.12 करोड़ से बढ़कर 3.49 करोड़ हो गई। यानी इसमें करीब 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
83.7 प्रतिशत उद्यमों में इंटरनेट का इस्तेमाल
असंगठित क्षेत्र के कारोबारों में डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल भी बढ़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई-सितंबर में 83.7 प्रतिशत उद्यम इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे थे। पहली तिमाही में यह आंकड़ा 82.2 प्रतिशत था। वहीं, यूपीआई सहित ऑनलाइन वित्तीय सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले उद्यमों की हिस्सेदारी करीब स्थिर रही। जुलाई-सितंबर में यह 79.8 प्रतिशत थी, जबकि पहली तिमाही में 79.9 प्रतिशत थी।
असंगठित क्षेत्र में महिला कामगारों की हिस्सेदारी बढ़ी
एनएसओ की रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई-सितंबर तिमाही में असंगठित क्षेत्र के कुल रोजगार में महिलाओं की हिस्सेदारी 31.22 प्रतिशत रही। पहली तिमाही में यह 30.56 प्रतिशत थी। इस तरह दूसरी तिमाही में महिला कामगारों की हिस्सेदारी में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। कुल मिलाकर रिपोर्ट में ग्रामीण उद्यमों, रोजगार और महिला कामगारों की हिस्सेदारी में सुधार देखने को मिला है।