विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Punjab Farm Fires Rise 40 To 7 006 This Season Breaking Six Year Decline

Punjab: पराली जलाने की घटनाओं में 40% की बढ़त, छह साल से जारी गिरावट का सिलसिला टूटा, ₹576 करोड़ खर्च...

गांव जंक्शन डेस्क, चंडीगढ़ Published by: Devesh Saraswat Updated Tue, 24 Nov 2026 07:30 PM IST
सार

पंजाब में धान की कटाई पूरी होने के साथ ही इस सीजन में पराली जलाने की कुल 7,006 घटनाएं दर्ज की गई हैं। यह पिछले साल के 5,114 मामलों के मुकाबले करीब 40 प्रतिशत अधिक है। 

पंजाब में पराली जलाने के मामलों में आई तेजी।
पंजाब में पराली जलाने के मामलों में आई तेजी। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब में धान की कटाई पूरी होने के साथ ही इस सीजन में पराली जलाने की कुल 7,006 घटनाएं दर्ज की गई हैं। यह पिछले साल के 5,114 मामलों के मुकाबले करीब 40 प्रतिशत अधिक है। रिपोर्ट के अनुसार, इस बढ़ोतरी से पिछले छह वर्षों से पराली जलाने की घटनाओं में आ रही गिरावट का सिलसिला टूट गया है।

पराली प्रबंधन पर 576 करोड़ रुपये खर्च
प्रदेश सरकार ने धान की पराली के खेत में प्रबंधन और खेतों से बाहर निकालने के लिए सब्सिडी पर कृषि मशीनें उपलब्ध कराने में 576 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसके तहत किसानों को कुल 24,817 मशीनें दी गईं। इनमें 17,200 सुपर सीडर और 1,100 बेलर मशीनें शामिल हैं। इसके बावजूद पराली जलाने की घटनाओं में बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रशासन ने निगरानी के लिए करीब 11,000 निगरानी दल और 1,200 विशेष पराली सुरक्षा टीमें भी बनाई थीं। इन टीमों की अगुवाई उपायुक्त और उपमंडल मजिस्ट्रेट कर रहे थे।

पांच जिलों में आधे से ज्यादा मामले
रिपोर्ट के अनुसार, इस सीजन में दर्ज कुल घटनाओं में से 3,492 मामले पांच जिलों में सामने आए। इनमें फिरोजपुर 906 घटनाओं के साथ पहले स्थान पर रहा। इसके बाद संगरूर में 793, तरनतारन में 711, बठिंडा में 638 और पटियाला में 444 मामले दर्ज किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब में 2023 के खरीफ सीजन में 36,650 और 2024 में 10,909 पराली जलाने की घटनाएं दर्ज की गई थीं। इस साल फिर से मामलों में बढ़ोतरी हुई है।

2,144 एफआईआर दर्ज, किसानों पर 1.23 करोड़ रुपये का जुर्माना
पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने पराली जलाने के मामलों में दोषी पाए गए किसानों पर कुल 1.23 करोड़ रुपये का पर्यावरण उपकर लगाया है। इसमें से 43.35 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है इसके अलावा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत 2,144 एफआईआर दर्ज की गई हैं। किसानों के राजस्व रिकॉर्ड में 2,268 रेड एंट्री भी की गई हैं। इसके कारण उनके फसल ऋण लेने पर रोक लग सकती है।
वहीं, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के प्रावधानों के तहत कम से कम 41 नोडल अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है और 2,193 कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

पराली को कमाई का जरिया बनाने पर जोर
अधिकारियों के अनुसार, 150 क्विंटल धान की पराली से भरी एक ट्रॉली करीब 60,000 रुपये में बिकती है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इसकी कीमत और बढ़ सकती है। वहीं, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने पंजाब सरकार को पराली जलाने की घटनाओं को पूरी तरह खत्म करने का निर्देश दिया है। इस साल मामलों में हुई बढ़ोतरी के बाद इस लक्ष्य को हासिल करना राज्य प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है।


विज्ञापन
विज्ञापन