विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Favorable Weather For Rabi Sowing Keep Tuber Weight In Mind When Planting Potatoes Advice For Maize Peas A

रबी बुवाई के लिए मौसम अच्छा : आलू की रोपाई में कंदों के वजन का रखें ख्याल; मक्का-मटर और सब्जियों के लिए सलाह

गांव जंक्शन डेस्क, पटना Published by: Devesh Saraswat Updated Sun, 22 Nov 2026 03:41 PM IST
सार

  • बिहार के उत्तरी इलाकों में रबी फसलों की बुवाई के लिए मौसम अच्छा
  • विशेषज्ञों ने आलू-ब्रोकोली-मटर और मक्का की बंपर उपज देने वाली किस्मों का सुझाव दिया
  • बुवाई से पहले बीज उपचार कर किसान खेती की लागत को कम और फसल उपज बढ़ा सकते हैं
  • आलू की रोपाई के लिए कंदों के वजन का रखें खास ख्याल

बिहार के उत्तरी इलाकों में रबी बुवाई के लिए मौसम अच्छा।
बिहार के उत्तरी इलाकों में रबी बुवाई के लिए मौसम अच्छा। - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के उत्तरी इलाकों में मौजूदा मौसम रबी और सब्जियों की बुवाई-रोपाई के लिए अच्छा है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, समस्तीपुर और आसपास के इलाकों के किसान बेहतर किस्मों का चयन करने के साथ बीज उपचार करना चाहिए। इस तरह खेती की लगात कम होने के साथ फसल गुणवत्ता और उपज में अच्छी-खासी बढ़ोतरी हो सकती है।

मिट्टी के हिसाब से खाद का उपयोग, मिट्टी को फायदा
विशेषज्ञों के अनुसार, मिट्टी की सेहत को ध्यान में रखते हुए किसानों को संतुलित मात्रा में जैविक और रासायनिक उर्वरक का तालमेल बैठाना चाहिए। वहीं, आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग उत्पादन बढ़ाने के साथ लंबे समय तक मिट्टी की सेहत को बनाए रखने में मददगार होता है

कंद का वजन ध्यान में रख करें बुवाई, बीज उपचार न भूलें 
जानकारों के अनुसार, बंपर उपज के लिए आलू किसान कुफरी ख्याति, कुफरी पुखराज, कुफरी ज्योति, कुफरी लोहित और कुफरी नीलकंठ किस्मों का चुनाव कर सकते हैं। 30 से 40 ग्राम वजन वाली कंदों की 25 क्विंटल मात्रा प्रति हेक्टेयर रोपाई के लिए काफी है। वहीं, 40 से 50 ग्राम वाली कंदों की 30 क्विंटल प्रति हेक्टेयर की दर से रोपाई करने की सलाह दी गई है।

विशेषज्ञों की सलाह है कि रोपाई से पहले कंदों को 2.5 ग्राम मैंकोजेब प्रति लीटर पानी के घोल में उपचारित करना जरूरी है। इसके साथ ही खेत की तैयारी के दौरान प्रति हेक्टेयर 20 से 25 टन गोबर की खाद, 150 किलोग्राम नाइट्रोजन, 90 किलोग्राम फास्फोरस, 100 किलोग्राम पोटाश और आवश्यकता पड़ने पर 25 किलोग्राम जिंक सल्फेट का प्रयोग करना चाहिए।

रबी मक्का के लिए बंपर उपज वाली किस्में
विशेषज्ञों के अनुसार, रबी मक्का की खेती के लिए शक्तिमान, शक्तिमान-2, शक्तिमान-3, शक्तिमान-4, शक्तिमान-5, गंगा-11, राजेन्द्र शंकर मक्का, देवकी, लक्ष्मी और सुवान किस्मों का चयन मुफीद रहता है। मक्का की बोआई के लिए प्रति हेक्टेयर 20 किलोग्राम बीज दर निर्धारित की गई है। किसानों को थिरम दवा से बीजोपचार करने की सलाह दी गई है, जिसके उपरांत खेत में 100 क्विंटल कंपोस्ट खाद के साथ निर्धारित मात्रा में एनपीके और जिंक सल्फेट का उपयोग किया जाना चाहिए।

मटर  किसान बुवाई से तीन दिन पहले करें बीज उपचार 
कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, मटर की अच्छी उपज लेने के लिए रचना, मालवीय मटर-15, अपर्णा, हरभजन, डीडीआर-23, पूसा प्रभात, काशी प्रिया, वीएल-42, अर्का प्रिया और शांतिवाद मटर-1 किस्मों की सिफारिश की गई है। मटर की बोआई 75 से 80 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर की बीज दर से की जानी चाहिए। बोआई से दो से तीन दिन पहले प्रति किलोग्राम बीज को तीन ग्राम थिरम या 2.5 ग्राम कार्बन्डाजिम से उपचारित करना जरूरी है, अथवा किसान दो ग्राम थिरम और एक ग्राम कार्बन्डाजिम के मिश्रण से भी उपचार कर सकते हैं। इसके अलावा बोआई से ठीक पहले प्रति हेक्टेयर पांच पैकेट राइजोबियम कल्चर बीज में मिलाना अनिवार्य है। विशेषज्ञों के अनुसार, खेत में आधार खाद के तौर पर 20 किलोग्राम नाइट्रोजन, 45 किलोग्राम फास्फोरस, 20 किलोग्राम पोटाश और 20 किलोग्राम सल्फर प्रति हेक्टेयर की दर से डालना चाहिए।

ब्रोकोली की रोपाई में दूरी का रखें ख्याल
विशेषज्ञों के अनुसार, ब्रोकोली की खेती करने के इच्छुक किसानों को पूसा केटीएस-1, पालम समृद्धि, पालम विचित्रा, पालम कंचन और पंजाब ब्रोकोली किस्मों को चुनना चाहिए। ब्रोकोली के लिए प्रति हेक्टेयर 350 से 500 ग्राम बीज की जरूरत होती है। रोपाई करते समय पौधों और कतारों के बीच 45 गुणा पांच सेंटीमीटर की दूरी रखना निर्धारित किया गया है। बेहतर फसल के लिए प्रति हेक्टेयर 20 टन गोबर की खाद के साथ 100 किलोग्राम नाइट्रोजन, 75 किलोग्राम फास्फोरस और 50 किलोग्राम पोटाश का इस्तेमाल करना चाहिए।

चुकंदर की उन्नत किस्में और कतार प्रबंधन
कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, चुकंदर की सफल खेती के लिए डेट राइट डार्क रेड और क्रिमसन ग्लोब सबसे उन्नत किस्में मानी गई हैं। इसकी बोआई पांच से छह किलोग्राम प्रति हेक्टेयर बीज दर के आधार पर की जानी चाहिए। खेत में बोआई के दौरान कतारों और पौधों के बीच 30 गुणा 10 सेंटीमीटर की दूरी बनाए रखना आवश्यक है। विशेषज्ञों का कहना है कि सही समय पर फसलों की निगरानी और संतुलित पोषण देने से किसान चुकंदर की पैदावार से बढ़िया मुनाफा कमा सकते हैं।


विज्ञापन
विज्ञापन