विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Farmers In Bijnor Broke Barricades Held Panchayat Demanding Payment Sugarcane And Increased Prices

उत्तर प्रदेश : बिजनौर में किसानों ने बैरिकेडिंग तोड़कर की पंचायत, गन्ना भुगतान और बढ़े दाम की मांग

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 14 Oct 2026 05:42 PM IST
सार

  • बैरिकेडिंग पार कर पहुंचे किसान : बिजनौर में भाकियू लोक शक्ति के सैकड़ों किसान गन्ना समिति कार्यालय पहुंचे।

  • पुलिस से हुई धक्का-मुक्की : प्रदर्शन रोकने के लिए कई जगह बैरिकेडिंग की गई थी।

  • बकाया भुगतान जल्द देने की मांग : किसानों ने चीनी मिलों से पिछले सीजन का गन्ना भुगतान कराने की मांग उठाई।

  • गन्ने का दाम बढ़ाने की मांग : किसानों का कहना है कि बढ़ती लागत के मुकाबले उन्हें लाभकारी कीमत नहीं मिल रही है।

किसान आंदोलन (फाइल फोटो)
किसान आंदोलन (फाइल फोटो) - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) लोक शक्ति के सैकड़ों किसान गन्ना समिति कार्यालय पहुंच गए। प्रदर्शन पर रोक के बावजूद किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से वहां पहुंचे। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने कई जगह बैरिकेडिंग की थी, लेकिन किसान इसे पार कर अपने निर्धारित स्थान तक पहुंच गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, किसान दोपहर करीब 1:30 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पहुंचे थे। पुलिस ने कलेक्ट्रेट, समाजवादी पार्टी कार्यालय, नुमाइश ग्राउंड चौराहे और रोडवेज बस स्टैंड समेत कई जगहों पर बैरिकेडिंग की थी। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

पांच से सात जगहों पर बैरिकेडिंग का आरोप
भाकियू लोक शक्ति के अध्यक्ष श्योराज ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने किसानों को पंचायत करने से रोकने के लिए पांच से सात जगहों पर बैरिकेडिंग की और बल प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद किसान अपने निर्धारित स्थान पर पहुंचने में सफल रहे।

श्योराज ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों की मांगों का समाधान नहीं होगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा। उनके मुताबिक, देशभर के किसान अपनी अलग-अलग समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहे हैं और समाधान की मांग कर रहे हैं।

गन्ना भुगतान और कीमत बढ़ाने की मांग
प्रदर्शन कर रहे किसानों की प्रमुख मांगों में पिछले सीजन का बकाया गन्ना भुगतान जल्द कराना और गन्ने का दाम बढ़ाना शामिल है। किसानों का कहना है कि बिजनौर की कई चीनी मिलों ने पिछले सीजन का भुगतान अब तक नहीं किया है। इससे गन्ना उत्पादकों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने यह भी नाराजगी जताई कि चीनी के दाम बढ़ने के बावजूद गन्ने की कीमत में बढ़ोतरी नहीं की गई। उनका कहना है कि बढ़ती लागत के मुकाबले उन्हें उपज का लाभकारी दाम नहीं मिल रहा है।

तेंदुए के आतंक से निजात दिलाने की मांग
किसानों ने बिजनौर जिले में तेंदुओं की बढ़ती समस्या से राहत दिलाने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि गन्ना भुगतान और उचित कीमत के साथ-साथ क्षेत्र में तेंदुओं से जुड़ी समस्या का समाधान भी जरूरी है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से बकाया भुगतान जल्द जारी कराने, गन्ने का दाम बढ़ाने और तेंदुए के आतंक से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
विज्ञापन
विज्ञापन