Home›Khabar Junction›
Doiwala Sugar Mill Begins New Crushing Season Target Crush 25 Lakh Quintals Sugarcane Farmers Better Facilitie
चीनी मिल में नए पेराई सत्र की शुरुआत : 25 लाख क्विंटल गन्ना पेरने का लक्ष्य, किसानों को मिलेगी बेहतर सुविधा
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sun, 22 Nov 2026 12:23 PM IST
सार
डोईवाला चीनी मिल में नए पेराई सत्र की शुरुआत हो गई है। इस बार 25 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य रखा गया है। जानें 59 क्रय केंद्रों और किसानों की सुविधाओं से जुड़ी जानकारी।
चीनी मिल में नए पेराई सत्र की शुरुआत
- फोटो : सोशल मीडिया
उत्तराखंड की डोईवाला चीनी मिल में रविवार को नए पेराई सत्र की शुरुआत हो गई। इस बार मिल प्रबंधन ने 25 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य रखा है। सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने क्रेन कैरियर में गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया। इस दौरान मिल परिसर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और किसानों के बीच उत्साह देखने को मिला।
इस मौके पर त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि डोईवाला चीनी मिल क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और किसानों की आजीविका से जुड़ा महत्वपूर्ण संस्थान है। मिल को आधुनिक बनाने की जरूरत है और इसके लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों और कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाना चाहिए। सरकार का प्रयास है कि मिल की व्यवस्थाओं में सुधार हो और किसानों को बेहतर सुविधाएं मिलें।
चीनी मिल के विकास और विस्तार पर जोर
पूर्व कैबिनेट मंत्री और विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि डोईवाला चीनी मिल केवल एक औद्योगिक संस्थान नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की पहचान है। इसके विकास और विस्तार के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि मिल के बेहतर संचालन से किसानों को फायदा मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और मिल प्रबंधन को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
59 क्रय केंद्रों से होगी गन्ने की खरीद
चीनी मिल की अधिशासी निदेशक अपर्णा ढौंढियाल ने बताया कि इस पेराई सत्र में 59 गन्ना क्रय केंद्रों के माध्यम से गन्ने की खरीद और आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। मिल ने इस सीजन में करीब 25 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि मिल प्रबंधन की कोशिश रहेगी कि किसानों को गन्ना पहुंचाने और उसकी तौल कराने में किसी तरह की परेशानी न हो। साथ ही पेराई का काम भी बिना रुकावट जारी रहे।
पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई गन्ने की पेराई
नए पेराई सत्र की शुरुआत से पहले आचार्य मधुसूदन पांडेय, राकेश जोशी, विकास कला और पंडित जितेंद्र ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद अतिथियों ने क्रेन कैरियर में गन्ना डालकर मिल का संचालन शुरू कराया। इस अवसर पर मिल में सबसे पहले गन्ना लेकर पहुंचने वाले किसानों को सम्मानित भी किया गया।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।