बीते अक्तूबर महीने के दौरान महिंद्रा की ट्रैक्टर बिक्री में गिरावट देखने को मिली है। आंकड़ों के अनुसार, अक्तूबर 2026 में कंपनी ने 64,846 ट्रैक्टरों की बिक्री दर्ज की, जो 2025 के अक्तूबर महीने के मुकाबले 12 प्रतिशत कम है। कंपनी ने इस गिरावट के अहम कारणों में त्योहारों की तारीखों में बदलाव को शामिल किया है। बीते साल दिवाली अक्तूबर में थी, जबकि इस बार यह मुख्य त्योहार नवंबर महीने में आ रहा है।
घरेलू बाजार में 13 प्रतिशत घटी बिक्री, विदेश में बढ़ी मांग
महिंद्रा की रिपोर्ट के अनुसार, अगर केवल घरेलू बाजार की बात करें तो, अक्तूबर महीने में कंपनी ने 62,626 ट्रैक्टर बेचे। यह आंकड़ा पिछले साल इसी महीने में बिके 72,071 ट्रैक्टरों की तुलना में 13 प्रतिशत कम है। दूसरी तरफ निर्यात बाजार में कंपनी ने सुधार दर्ज किया है। 2025 के अक्तूबर महीने में कंपनी ने 1,589 ट्रैक्टर विदेश भेजे थे, जो इस बार 40 प्रतिशत बढ़कर 2,220 ट्रैक्टर हो गए।
महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस के अध्यक्ष, वीजे नाकरा ने इस मासिक प्रदर्शन पर कहा, हमने अक्तूबर के दौरान घरेलू बाजार में 62,626 ट्रैक्टर बेचे हैं। बिक्री में यह कमी मुख्य रूप से त्योहारी कैलेंडर खिसकने के कारण आई है, क्योंकि पिछले साल दीवाली अक्टूबर में थी जो इस साल नवंबर में है। वहीं, हमने निर्यात बाजारों में 2,220 ट्रैक्टर बेचे हैं।
सात महीनों के कुल रिकॉर्ड में 2 प्रतिशत की बढ़त
अक्टूबर महीने में बिक्री घटने के बावजूद, चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले सात महीनों की कुल बिक्री में कंपनी ने अपनी बढ़त बनाए रखी है। इन सात महीनों में देश के भीतर 3,25,498 ट्रैक्टर बेचे गए हैं, जो पिछले वित्तीय वर्ष (2025-26) के इसी समय में बिके 3,19,407 ट्रैक्टरों के मुकाबले 2 प्रतिशत ज्यादा है।