विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Danger Of Cyclonic Storm In Bay Of Bengal Dense Fog In Up And Heavy Rain Alert In South India

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा: यूपी में घना कोहरा तो दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Mon, 16 Nov 2026 08:09 AM IST
सार

  • बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन आज चक्रवाती तूफान में बदल सकता है।

  • यूपी के कई हिस्सों में आज और कल घने कोहरे की आशंका।

  • दिल्ली में मौसम शुष्क रहेगा, तापमान 15 से 27 डिग्री के बीच रह सकता है।

  • तमिलनाडु में 18 और 19 नवंबर को बहुत भारी बारिश के आसार।

भारी बारिश का अलर्ट
भारी बारिश का अलर्ट - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह के समय कोहरा और धुंध देखने को मिल रही है। वहीं, दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बदल रहा है। इस बीच बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल गया है। इसके आज चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। मौसम के इस बदलाव का असर कई राज्यों में देखने को मिल सकता है।

दिल्ली में मौसम रहेगा शुष्क, सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड
देश की राजधानी दिल्ली में आज मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होगी। राजधानी में 21 नवंबर तक बारिश की संभावना नहीं है।

यूपी में घने कोहरे का अलर्ट, बिहार में छाएगी धुंध
उत्तर प्रदेश में आज बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन सुबह और रात के समय कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। मौसम विभाग ने आज और कल प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाने की आशंका जताई है। इससे सुबह के समय सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है।

बिहार में आज छठ पूजा के दौरान मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, कई इलाकों में सुबह के समय कोहरा और धुंध देखने को मिल सकती है। झारखंड में भी आज भारी बारिश या तेज आंधी को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं है।

बंगाल, राजस्थान और मध्य प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?
पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। राज्य में फिलहाल भारी बारिश की संभावना नहीं है।

मध्य प्रदेश में भी आज मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। हालांकि, रात के तापमान में गिरावट के कारण हल्की ठंड महसूस हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान का असर मुख्य रूप से दक्षिण भारत के राज्यों में दिखाई दे सकता है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी
बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के कारण दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। आज आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, रायलसीमा और केरल में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 और 19 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 19 और 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।

पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश के आसार
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी मौसम सक्रिय रह सकता है। आज अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश हो सकती है।

पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तराखंड में आज कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने का भी खतरा है। दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। राज्य में बारिश और बर्फबारी को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। जम्मू-कश्मीर में भी आज मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन