विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Conflict With Centre Over Drought Relief Cm Announces Karnataka Government March To Delhi If Aid Not Provided

सूखा राहत पर केंद्र से टकराव: सीएम का एलान- मदद नहीं मिली तो 'दिल्ली कूच' करेगी कर्नाटक सरकार

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sun, 29 Nov 2026 12:53 PM IST
सार

कर्नाटक में सूखे से किसानों की परेशानी बढ़ी। राज्य सरकार ने केंद्र से 22,400 करोड़ रुपये की राहत मांगी। मदद नहीं मिलने पर दिल्ली में प्रदर्शन की तैयारी।

कर्नाटक के सीएम डी.के. शिवकुमार
कर्नाटक के सीएम डी.के. शिवकुमार - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कर्नाटक में सूखे की मार झेल रहे किसानों को राहत दिलाने के लिए राज्य सरकार ने केंद्र से 22,400 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद मांगी है। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा है कि अगर केंद्र सरकार दिसंबर में विधानसभा सत्र खत्म होने तक सूखा राहत के लिए आर्थिक सहायता जारी नहीं करती है, तो राज्य सरकार दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर राज्य सरकार इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएगी।

मुख्यमंत्री शिवकुमार के मुताबिक, कर्नाटक में सूखे से करीब 62,000 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। राज्य सरकार ने इस नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र से 22,400 करोड़ रुपये की सहायता मांगी है। उन्होंने कहा कि अब तक केंद्र सरकार की ओर से राज्य को कोई आर्थिक मदद नहीं मिली है और न ही इस संबंध में कोई घोषणा की गई है।

सूखे से गन्ना किसानों की बढ़ी परेशानी
कर्नाटक में लंबे समय से बारिश की कमी के कारण खेती पर असर पड़ रहा है। पानी की कमी से गन्ना किसानों समेत दूसरे कृषि उत्पादकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने से किसानों को भूजल और बिजली से चलने वाले पंपसेट पर निर्भर रहना पड़ रहा है। पानी की कमी से गन्ने की बढ़वार और उत्पादन प्रभावित होने का खतरा है। वहीं, सिंचाई पर बढ़ता खर्च किसानों की आर्थिक परेशानी को और बढ़ा रहा है।

226 तालुका सूखाग्रस्त घोषित
राज्य सरकार ने कर्नाटक के 226 तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित किया है। इसके साथ ही सिंचाई पंपसेट चलाने के लिए मुफ्त बिजली सहायता का सालाना बजट 20,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 30,000 करोड़ रुपये कर दिया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार सूखे से हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट केंद्र को सौंप चुकी है। राज्य सरकार लगातार केंद्र से आर्थिक सहायता जारी करने की मांग कर रही है।

प्रधानमंत्री से मिलने का मांगा समय
डीके शिवकुमार ने कहा कि राज्य की जरूरतों और सूखे से पैदा हुए हालात पर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात का समय मांगा गया है। इस बैठक में राज्य का सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होना चाहता है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार से मदद नहीं मिलती है, तो दिसंबर में विधानसभा सत्र के बाद दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर कानूनी रास्ता भी अपनाया जाएगा।

किसानों की सूखा राहत राशि दोगुनी
इस बीच, कर्नाटक सरकार ने सूखे से प्रभावित किसानों को दी जाने वाली एकमुश्त राहत राशि दोगुनी कर दी है। पहले किसानों को 2,500 रुपये की सहायता दी जा रही थी, जिसे बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दिया गया है। सूखे के बढ़ते असर को देखते हुए राज्य सरकार ने यह फैसला लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन