बिहार (Bihar) के किसान रबी फसलों (Rabi Crops) की बुवाई की तैयारी में जुटे हुए हैं। इस बीच प्रदेश सरकार ने किसानों तक अच्छी गुणवत्ता वाले उन्नत बीज पहुंचाने के लिए बीज अनुदान योजना (Seed Subsidy Scheme) का एलान किया है। सरकार का मानना है कि इस कदम से खेती की लागत में कमी और फसल उपज में बढ़ोतरी होगी, जिससे किसानों की आमदनी में सुधार आएगा।
15 नवंबर तक आवेदन का मौका
इस योजना के तहत किसानों को 100 प्रतिशत तक की सब्सिडी पर बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। खास बात यह है कि किसान 15 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इतना समय रबी के लिए फसल का चुनाव कर आवेदन करने के लिए काफी है।
कैसे करें आवेदन?
इस योजना का लाभ उठाने के लिए किसानों को बिहार कृषि एप डाउनलोड करना होगा, जिसके माध्यम से आवेदन किया जाएगा। कृषि विभाग की इस पहल का मकसद हर किसानों तक सही समय पर उन्नत बीज पहुंचाना है। अच्छे बीजों के उपयोग से उपज बढ़ेगी, वहीं, सब्सिडी मिलने से खेती का खर्च कम होगा।
क्या है बीज मिलने की प्रक्रिया और शर्तें?
इस योजना के तहत सब्सिडी पर बीज बिहार राज्य बीज निगम लिमिटेड के माध्यम से बांटे जा रहे हैं। यह निगम प्रदेश के सभी जिलों में बीजों की सप्लाई का काम करता है। इस अनुदान का लाभ लेने के लिए किसान का बिहार का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। इसके अलावा कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर किसान का रजिस्ट्रेशन होना भी अनिवार्य है।