फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) में लंबे समय से खाली पड़े कैटेगरी-III और कैटेगरी-IV के पदों पर जल्द भर्ती शुरू हो सकती है। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी ने पत्र के माध्यम से जानकारी दी है कि इन पदों पर सीधी भर्ती के प्रस्ताव की समीक्षा चल रही है और इस पर सक्रियता से विचार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है।
सांसदों ने उठाया था मामला
हाल ही में राज्यसभा सांसद डॉ. वी. शिवदासन, सांसद के. राधाकृष्णन और सांसद जॉन ब्रिटास ने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर FCI में खाली पदों को जल्द भरने की मांग की थी। इसके बाद मंत्री ने पत्र के माध्यम से जानकारी दी कि विभाग इस विषय पर गंभीरता से विचार कर रहा है।
FCI कर्मचारी संघ लगातार कर रहा था मांग
FCI कर्मचारी संघ (CITU) लंबे समय से भर्ती की मांग कर रहा था। संघ के अध्यक्ष डॉ. ए. संपत का कहना है कि देशभर में FCI के हजारों गोदाम हैं, जहां किसानों से खरीदे गए गेहूं, धान और अन्य खाद्यान्न का भंडारण किया जाता है। इन्हीं गोदामों से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राज्यों तक अनाज पहुंचाया जाता है। लेकिन कर्मचारियों की कमी के कारण भंडारण, परिवहन और वितरण जैसे कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
हर साल कर्मचारी रिटायर हो रहे, नई भर्ती नहीं
संघ के अनुसार, कैटेगरी-III और कैटेगरी-IV में पिछली प्रमुख भर्तियां 2017 और 2022 में हुई थीं। इसके बाद कोई बड़ा भर्ती अभियान नहीं चलाया गया। इस बीच हर साल बड़ी संख्या में कर्मचारी सेवानिवृत्त होते रहे, लेकिन उनकी जगह नए कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं हुई। इससे रिक्त पदों की संख्या लगातार बढ़ती गई।
10 हजार से अधिक पद खाली होने का दावा
FCI कर्मचारी संघ का कहना है कि वर्तमान में करीब 10 हजार पद खाली हैं। इन पदों पर भर्ती होने से न केवल गोदामों में कामकाज बेहतर होगा, बल्कि खाद्यान्न की ढुलाई और वितरण व्यवस्था भी मजबूत होगी। यदि भर्ती प्रक्रिया शुरू होती है तो देशभर के लाखों अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। साथ ही FCI की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी और किसानों से खरीदे गए अनाज के भंडारण एवं वितरण का काम अधिक सुचारु ढंग से हो सकेगा।
फिलहाल भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है। सरकार ने केवल यह जानकारी दी है कि रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के प्रस्ताव की समीक्षा की जा रही है। आधिकारिक विज्ञापन जारी होने के बाद ही पदों की संख्या, योग्यता और आवेदन प्रक्रिया स्पष्ट होगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।