हिमालय के पौधे में छिपा दवाओं का खजाना : विष्णुक्रांता में मिले हानिकारक जीवाणुओं को रोकने वाले 32 यौगिक
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sun, 29 Nov 2026 02:56 PM IST
सार
हिमालयी पौधे विष्णुक्रांता की पत्तियों में 32 जीवाणुरोधी रासायनिक यौगिक मिले हैं। एसएसजे विश्वविद्यालय के शोध में चार हानिकारक जीवाणुओं पर इनके प्रभाव का पता चला है।
विष्णुक्रांता में मिले हानिकारक जीवाणुओं को रोकने वाले 32 यौगिक
- फोटो : गांव जंक्शन
एंटीबायोटिक दवाओं का असर कम होने और जीवाणुओं में दवाओं के प्रति प्रतिरोध बढ़ने के बीच हिमालयी पौधे विष्णुक्रांता ने नई उम्मीद जगाई है। एसएसजे विश्वविद्यालय के शोधार्थियों ने इस पौधे की पत्तियों में 32 ऐसे प्राकृतिक रासायनिक यौगिकों की पहचान की है, जिनमें हानिकारक जीवाणुओं की वृद्धि रोकने की क्षमता पाई गई है। यह खोज भविष्य में नई दवाएं बनाने के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
इस शोध के निष्कर्ष अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका जर्नल ऑफ हर्ब स्पीशीज एंड मेडिसिनल प्लांट्स में प्रकाशित हुए हैं। एलएसएम परिसर के वनस्पति विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रीति पंत ने बताया कि एंटीबायोटिक दवाओं के प्रति जीवाणुओं का बढ़ता प्रतिरोध दुनियाभर में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। कई बार जीवाणुओं पर दवाओं का असर नहीं होता, जिससे संक्रमण का इलाज मुश्किल हो जाता है। ऐसे में हिमालयी पौधे विष्णुक्रांता (माइक्रोमेरिया बायोफ्लोरा) में मिले जीवाणुरोधी गुण प्राकृतिक स्रोतों से नई दवाओं की खोज के लिए महत्वपूर्ण हो सकते हैं।
चार हानिकारक जीवाणुओं पर दिखा असर
शोध में पाया गया कि विष्णुक्रांता के रासायनिक यौगिक चार तरह के हानिकारक जीवाणुओं की वृद्धि रोकने में प्रभावी हैं। इनमें लिस्टेरिया मोनोसाइटोजेन्स, प्रोटियस मिराबिलिस, स्यूडोमोनास एरुजिनोसा और एग्रोबैक्टीरियम ट्यूमेफेशियंस शामिल हैं। शोधकर्ताओं के अनुसार, इन यौगिकों के औषधीय इस्तेमाल की संभावनाएं हैं। भविष्य में इनसे नई दवाएं विकसित की जा सकती हैं। हालांकि, इसके लिए अभी और शोध और परीक्षण की जरूरत होगी।
ऐसे की गई 32 यौगिकों की पहचान
शोध के दौरान वैज्ञानिकों ने विष्णुक्रांता की पत्तियों से हेक्सेन और मेथेनॉल की मदद से अर्क तैयार किया। इसके बाद पौधे में मौजूद रासायनिक तत्वों की पहचान के लिए गैस क्रोमैटोग्राफी और मास स्पेक्ट्रोमेट्री जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया। इस जांच में 32 जैव सक्रिय रासायनिक यौगिक मिले। इनमें प्राकृतिक रूप से जीवाणुओं की वृद्धि रोकने वाले गुण पाए गए।
शोधकर्ताओं ने प्रयोगशाला में परीक्षण करने के साथ आणविक डॉकिंग तकनीक का भी इस्तेमाल किया। इसकी मदद से यह समझने का प्रयास किया गया कि पौधे के रासायनिक यौगिक हानिकारक जीवाणुओं के प्रोटीन के साथ किस तरह प्रतिक्रिया करते हैं। इससे उनके जीवाणुरोधी गुणों को समझने में मदद मिली।यह शोध डॉ. कपिल खुल्बे के निर्देशन में किया गया।
हिमालयी वनस्पतियों में छिपी औषधीय संभावनाएं
डॉ. प्रीति पंत के अनुसार, विष्णुक्रांता पर किया गया अध्ययन हिमालयी औषधीय पौधों की वैज्ञानिक और औषधीय खूबियों को सामने लाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। हिमालयी क्षेत्र में कई ऐसे पौधे पाए जाते हैं, जिनमें उपयोगी औषधीय गुण हो सकते हैं। इन पौधों का वैज्ञानिक तरीके से अध्ययन करने पर भविष्य में नई दवाओं के लिए उपयोगी प्राकृतिक रासायनिक तत्व मिल सकते हैं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।