Home›Baat Pate Ki›Janch Parakh›
Nit Rourkela Scientists Develop Technology To Recover Fertiliser From Human Urine
नई रिसर्च: फॉस्फेट उर्वरक का कच्चा माल बनेगा मानव मलमूत्र, एनआईटी राउरकेला ने विकसित की तकनीक
गांव जंक्शन डेस्क, राउरकेला
Published by: Umashankar Mishra
Updated Mon, 23 Nov 2026 08:41 PM IST
सार
एनआईटी राउरकेला के शोधकर्ताओं ने मानव मूत्र से स्ट्रुवाइट नाम का धीमी गति से घुलने वाला फॉस्फेट उर्वरक तैयार करने की विद्युत रासायनिक तकनीक विकसित की है। इससे अपशिष्ट के बेहतर उपयोग और उर्वरक के लिए जरूरी पोषक तत्वों की पुनर्प्राप्ति का रास्ता खुल सकता है।
नाइट्रोजन, फॉस्फोरस तथा पोटाश (एनपीके) उर्वरकों के तीन प्रमुख घटकों में शामिल है।
- फोटो : सोशल मीडिया
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) राउरकेला के वैज्ञानिकों ने मानव मूत्र से फॉस्फेट उर्वरक प्राप्त करने की नई तकनीक विकसित की है। इस प्रक्रिया से स्ट्रुवाइट नाम का धीमी गति से घुलने वाला खनिज उर्वरक तैयार किया जा सकता है। यह शोध जर्नल ऑफ वाटर प्रोसेस इंजीनियरिंग में प्रकाशित हुआ है।
मैग्नीशियम की मदद से निकाला जाएगा फॉस्फोरस
फॉस्फोरस पौधों की वृद्धि के लिए जरूरी पोषक तत्व है और नाइट्रोजन, फॉस्फोरस तथा पोटाश (एनपीके) उर्वरकों के तीन प्रमुख घटकों में शामिल है। इन उर्वरकों के निर्माण में काफी ऊर्जा खर्च होती है और लागत भी अधिक आती है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, अपशिष्ट पदार्थों से नाइट्रोजन और फॉस्फोरस प्राप्त करना औद्योगिक उत्पादन का एक विकल्प हो सकता है।
एनआईटी राउरकेला के जैव प्रौद्योगिकी एवं चिकित्सा इंजीनियरिंग विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर बालासुब्रमण्यम ने बताया कि नई विद्युत रासायनिक प्रक्रिया में मैग्नीशियम एनोड का उपयोग किया जाता है। इससे जरूरी मैग्नीशियम आयन प्रक्रिया के दौरान ही पैदा होते हैं और बाहर से रसायन मिलाने की जरूरत नहीं पड़ती।
इलेक्ट्रोड पर जमाव हटाने की तकनीक
इस प्रक्रिया में इलेक्ट्रोड की सतह पर कीचड़ जैसा जमाव होना एक बड़ी चुनौती थी। इससे बिजली के प्रवाह और रासायनिक प्रतिक्रिया की क्षमता प्रभावित होती है।
इस समस्या से निपटने के लिए शोधकर्ताओं ने रिवर्स पोलराइजेशन प्रक्रिया अपनाई। इसमें समय-समय पर विद्युत धारा की दिशा बदली जाती है, जिससे इलेक्ट्रोड पर जमा पदार्थ हटाने में मदद मिलती है।
शोध के आर्थिक विश्लेषण के अनुसार, 35 लीटर के रिएक्टर से केवल स्ट्रुवाइट प्राप्त करना फिलहाल आर्थिक रूप से लाभकारी नहीं है। इसके लिए अमोनियम सल्फेट जैसे अन्य पोषक तत्वों की पुनर्प्राप्ति को भी साथ जोड़ना जरूरी है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।