विज्ञापन
Home› Kheti Kisani› Krishi Vyapar› From Sugarcane To Market How Science Quality And Value Addition Can Sweeten Jaggery Profits

गन्ने से गुड़ बनाने का पूरा गणित : बेल से बाजार तक मिठास से भरा कारोबार, सही किस्म और तकनीक से बढ़ेगा मुनाफा

रामजी मिश्रा (कृषि एवं ग्रामीण विकास पत्रकार), सीतापुर Published by: Umashankar Mishra Updated Tue, 15 Sep 2026 02:37 PM IST
सार

भारत दुनिया के 70 प्रतिशत से ज्यादा गुड़ का उत्पादन करता है और करीब 25 लाख लोगों की आजीविका इससे जुड़ी है। गन्ने की सही किस्म, पकने की अवस्था, उचित तापमान, प्राकृतिक क्लैरिफिकेंट और मूल्यवर्धन अपनाकर गुड़ की गुणवत्ता और कीमत दोनों बढ़ाई जा सकती हैं। सीतापुर का हरदासपुर गांव इसकी पारंपरिक बेलों और बदलती तकनीक का उदाहरण है।

हरदासपुर गांव गुड़ बनाने वाली करीब 35 इकाइयों, जिन्हें स्थानीय स्तर पर गुड़ बेल कहा जाता है, के लिए जाना जाता है।
हरदासपुर गांव गुड़ बनाने वाली करीब 35 इकाइयों, जिन्हें स्थानीय स्तर पर गुड़ बेल कहा जाता है, के लिए जाना जाता है। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सीतापुर का हरदासपुर गांव गुड़ बनाने वाली करीब 35 इकाइयों, जिन्हें स्थानीय स्तर पर गुड़ बेल कहा जाता है, के लिए जाना जाता है। महोली हरगांव मार्ग पर बसे इस गांव के 50 वर्षीय सियाराम पिछले 32 साल से गुड़ बेल चला रहे हैं। उन्हें वह दौर बखूबी याद है, जब गांव में 42 गुड़ बेल होती थीं।

सियाराम के मुताबिक, एक गुड़ बेल पर रोज 200 से 250 क्विंटल गन्ने की पेराई होती है और करीब 20 क्विंटल गुड़ तैयार होता है। सियाराम बवारी और पेड़ी गन्ने को देखते ही पहचान लेते हैं। वह बताते हैं, बवारी गन्ने की जड़ अधिक सफेद और गन्ना चिकना होता है। 
 
गुड़ के लिए बवारी की तुलना में पेड़ी गन्ने की गुणवत्ता और उससे घमिलने वाली गुड़ की मात्रा बेहतर मानी जाती है।
गुड़ के लिए बवारी की तुलना में पेड़ी गन्ने की गुणवत्ता और उससे घमिलने वाली गुड़ की मात्रा बेहतर मानी जाती है। - फोटो : ai

पेड़ी गन्ने से ज्यादा गुड़, बेहतर गुणवत्ता

हरदासपुर के 42 वर्षीय रामप्रकाश वर्मा ने कक्षा 9 तक पढ़ाई के बाद गुड़ का कारोबार शुरू किया। उनकी बेल पर रोज करीब 200 क्विंटल गन्ने की पेराई होती है। काम अक्तूबर में शुरू होकर मई तक चलता है। रामप्रकाश बताते हैं, बावक या पौधा गन्ना कटने के बाद खेत में पेड़ी गन्ना तैयार होता है।

गुड़ के लिए बवारी की तुलना में पेड़ी गन्ने की गुणवत्ता और उससे घमिलने वाली गुड़ की मात्रा बेहतर मानी जाती है। आगे वह बताते हैं, सामान्य तौर पर बेल से महीने में कम से कम डेढ़ लाख रुपये की बचत हो जाती है। हालांकि, गुड़ ठीक न बने या जमने में दिक्कत हो तो भाव गिर जाता है। वह बताते हैं, गन्ना से माल अच्छा न निकले तो कमाई घटकर करीब 50 हजार रुपये रह जाती है। 
 
देश में पैदा होने वाले कुल गन्ने का 20 से 30 प्रतिशत हिस्सा गुड़ बनाने में इस्तेमाल होता है।
देश में पैदा होने वाले कुल गन्ने का 20 से 30 प्रतिशत हिस्सा गुड़ बनाने में इस्तेमाल होता है। - फोटो : गांव जंक्शन

विश्व का 70 % से ज्यादा गुड़ उत्पादन

दुनिया का 70 प्रतिशत से ज्यादा गुड़ भारत में तैयार होता है। देश में पैदा होने वाले कुल गन्ने का 20 से 30 प्रतिशत हिस्सा गुड़ बनाने में इस्तेमाल होता है। साल 2024 के आंकड़ों के अनुसार, भारत के घरेलू बाजारों में इसकी सालाना बिक्री 5 हजार मीट्रिक टन रही।

भारत गुड़ निर्यात भी करता है। इसके प्रमुख निर्यात ठिकानों में इंडोनेशिया, अमेरिका, यूएई, नाइजीरिया और नेपाल शामिल हैं। साल 2024-25 में भारत ने गुड़ के निर्यात से 40.68 करोड़ अमेरिकी डॉलर की कमाई की।
 
वैज्ञानिक तरीकों से तैयार गुड़ स्वादिष्ट और अधिक सेहतमंद होता है और इसकी कीमत 700 से 800 रुपये किलो तक हो सकती है।
वैज्ञानिक तरीकों से तैयार गुड़ स्वादिष्ट और अधिक सेहतमंद होता है और इसकी कीमत 700 से 800 रुपये किलो तक हो सकती है। - फोटो : क्रिएटिव कॉमन्स

गुड़ की गुणवत्ता पर मिट्टी का असर

उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. प्रियंका सिंह बताती हैं कि चीनी से बनने वाली हर चीज गुड़ से भी बनाई जा सकती है। वह गुणवत्तापूर्ण गुड़ के लिए उपयुक्त गन्ने की किस्मों, जैविक क्लैरिफिकेंट्स, लंबे समय तक भंडारण, मूल्य संवर्धन और स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों पर शोध कर रही हैं।

डॉ. प्रियंका सिंह बताती हैं, वैज्ञानिक तरीकों से तैयार गुड़ स्वादिष्ट और अधिक सेहतमंद होता है और इसकी कीमत 700 से 800 रुपये किलो तक हो सकती है। डॉ. प्रियंका सिंह के अनुसार, क्षारीय मिट्टी वाले क्षेत्र के गन्ने से तैयार गुड़ की गुणवत्ता खराब हो सकती है और स्वाद कुछ नमकीन लग सकता है।

बावक गन्ना पूरी तरह पका न हो तो उसकी पेराई नहीं करनी चाहिए, क्योंकि उससे बना गुड़ ठीक से नहीं जमता। छिलाई और कटाई से एक महीने पहले गन्ने में यूरिया नहीं डालना चाहिए। यूरिया डालकर कटाई करने पर सुक्रोज टूटकर ग्लूकोज में बदलता है, जिससे गुड़ का जमाव और गुणवत्ता प्रभावित होती है। ऐसा गुड़ लंबे समय तक सुरक्षित नहीं रहता और नमी व फफूंद से जल्दी प्रभावित हो सकता है।
 
गन्ने की विभिन्न किस्मों से बना गुड़, जो उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद में रखा है।
गन्ने की विभिन्न किस्मों से बना गुड़, जो उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद में रखा है। - फोटो : गांव जंक्शन

बेहतर गुड़ के लिए गन्ने की किस्में  

डॉ. प्रियंका सिंह बताती हैं, जो गन्ना चीनी उत्पादन के लिए अच्छा माना जाता है, उससे गुड़ भी अच्छा बने यह जरूरी नहीं है। गुड़ के लिए अच्छी मानी जाने वाली प्रमुख अगेती किस्मों में को.0118, को.98014, को.15023, को.0238, को.05011, को.शा.18231, को.शा.13235, को.शा.13231, को.शा.08272, को.से.17451 और यू.पी.0512 शामिल हैं।

वहीं, देर से पकने वाली प्रमुख किस्मों में को.शा.18231, को.शा.13235, को.शा.13231, को.शा.08272, को.शा.0767, को.शा.09232, को.शा.08276, को.शा.12232, को.05011, को.लख.14201 और को.लख.16202 शामिल हैं। इनमें यू.पी.05125 गन्ने की प्रजाति को गुड़ पाउडर बनाने के लिए बहुत अच्छी किस्म माना जाता है। 
 
गन्ने में रेड रॉट रोग।
गन्ने में रेड रॉट रोग। - फोटो : एजेंसी

गुड़ के लिए न लें रेड रॉट वाला गन्ना 

गुड़ बनाने के लिए रेड रॉट रोग वाला गन्ना इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इससे बना गुड़ ठीक से जमता नहीं है। यहां तक कि इसमें अच्छा गन्ना मिलाने पर भी गुड़ नहीं जमता। इसलिए वैज्ञानिक रेड रॉट वाले गन्ने का इस्तेमाल न करने की सलाह देते हैं।

गन्ने के पकने की पहचान वैज्ञानिक तरीके से भी की जा सकती है। पके गन्ने को काटकर धूप में रखने पर उसका कटा हिस्सा चमकीला दिखाई देता है। गन्ने को काटने या उसके टुकड़े को थपथपाने पर धातु जैसी साफ और खनकदार आवाज सुनाई देती है। इसे गन्ने के पकने का एक संकेत माना जाता है।

गन्ने में ब्रिक्स 18 से 20 होने पर उसे मुख्य रूप से पका माना जाता है। ब्रिक्स मापने के लिए रिफ्रेक्टोमीटर का इस्तेमाल किया जाता है।
 
जो गन्ना चीनी उत्पादन के लिए अच्छा माना जाता है, उससे गुड़ भी अच्छा बने यह जरूरी नहीं है।
जो गन्ना चीनी उत्पादन के लिए अच्छा माना जाता है, उससे गुड़ भी अच्छा बने यह जरूरी नहीं है। - फोटो : गांव जंक्शन

गुड़ के तीन रूपों में तापमान का रखें ध्यान

गुड़ तीन रूपों में तैयार होता है। ये ठोस, तरल और पाउडर हैं। गुड़ बनाने के दौरान रस को पकाकर गाढ़ा किया जाता है। तरल गुड़ के लिए अंतिम अवस्था में तापमान 105 से 106 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए। ठोस गुड़ के लिए 118 से 120 डिग्री सेल्सियस और पाउडर गुड़ के लिए 125 से 126 डिग्री सेल्सियस तापमान जरूरी है।

अधिकांश गुड़ बेलों पर तापमान का अंदाजा लगाया जाता है। सही माप के लिए फूड ग्रेड थर्मामीटर का इस्तेमाल बेहतर है। कीमत और स्वास्थ्य के लिहाज से तरल गुड़ सबसे महंगा होता है। इसमें अन्य गुड़ की तुलना में अधिक मिनरल और विटामिन होते हैं। इसमें ठोस गुड़ की तुलना में चीनी भी कम होती है।

ठोस गुड़ में 85 प्रतिशत चीनी होती है तो तरल गुड़ में यह करीब 65 प्रतिशत होती है। सही तापमान और वैज्ञानिकों की सुझाई देसी विधि से बिना रसायनों के तैयार गुड़ लंबे समय तक सुरक्षित रह सकता है।
 
उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. प्रियंका सिंह।
उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. प्रियंका सिंह। - फोटो : गांव जंक्शन

रसायन नहीं, देवला से साफ करते हैं गुड़

गुड़ को साफ करने के लिए सोडियम हाइड्रोसल्फाइट का अंधाधुंध इस्तेमाल होता है, जबकि 4 क्विंटल रस में 40 से 50 ग्राम ही पर्याप्त है। वैज्ञानिक इसके बजाय देवला यानी जंगली भिंडी इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं। 4 क्विंटल रस में 150 से 200 ग्राम देवला पर्याप्त रहता है। इससे गुड़ साफ होता है और लंबे समय तक खराब नहीं होता।
गुड़ साफ करने के बाद फेंके गए देवला के अवशेष दिखाते हुए एक किसान।
गुड़ साफ करने के बाद फेंके गए देवला के अवशेष दिखाते हुए एक किसान। - फोटो : गांव जंक्शन
देवला के इस्तेमाल से गुड़ की कीमत दोगुनी तक हो सकती है। 50 रुपये किलो वाला गुड़ 100 रुपये किलो तक बिक सकता है। सफाई में देवला के पूरे पौधे का इस्तेमाल किया जा सकता है। अलग-अलग सांचों से गुड़ के क्यूब बनाने पर कीमत और बढ़ सकती है। इन सांचों से 5 ग्राम तक के टुकड़े तैयार किए जा सकते हैं। देसी विधि से बना गुड़ पाउडर नमी बढ़ने पर भी जल्दी खराब नहीं होता।

गुड़ का ग्रेड भी तय करता है गुणवत्ता

सोडियम हाइड्रोसल्फाइट की मात्रा बढ़ने पर गुड़ में सल्फाइट्स भी बढ़ता है। ग्रेड-1 के गुड़ में सल्फाइट्स 3.5 प्रतिशत और ग्रेड-2 के गुड़ में 5 प्रतिशत से अधिक नहीं होना चाहिए। नमी की मात्रा ग्रेड-1 में 5 प्रतिशत और ग्रेड-2 में 7 प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए। ये मानक एफएसएसएआई और भारतीय मानक ब्यूरो के अनुसार तय किए गए हैं।
गुड़ को सेहत के लिए बेहद गुणकारी माना जाता है।
गुड़ को सेहत के लिए बेहद गुणकारी माना जाता है। - फोटो : Jaggery, Jaggery medicinal properties, Jaggery products, ODOP Jaggery, Farm to Fork Summit, Sugarcan
वैज्ञानिकों की सलाह से गुड़ में कुछ औषधीय तत्व मिलाकर भी इसकी कीमत बढ़ाई जा सकती है। गुड़ बनाने की सही ट्रेनिंग मुनाफे को कई गुना बढ़ा सकती है। गन्ना शोध परिषद समय-समय पर प्रशिक्षण भी देता है। इसकी जानकारी गन्ना शोध परिषद के खांडसारी विभाग से ली जा सकती है।

मिठास ही नहीं, कई व्यंजनों का विकल्प

डॉ. प्रियंका सिंह बताती हैं, स्वाद से भरपूर गुड़ स्वास्थ्य के लिए भी बेहतर माना जाता है। इसीलिए, गुड़ को औषधीय चीनी भी कहा जाता है। उनकी पुस्तक दावत-ए-गुड़ में जैगरी, केक, सोम टैम, समोसा गुड़, एपल रबड़ी और जैगरी डोनट समेत 40 व्यंजन बनाने के तरीके बताए गए हैं।

हरदासपुर की गुड़ बेलों से लेकर वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं तक का अनुभव बताता है कि गुड़ का कारोबार केवल गन्ना खरीदकर पकाने तक सीमित नहीं है। सही गन्ना किस्म, उसकी परिपक्वता, उचित तापमान, प्राकृतिक क्लैरिफिकेंट, बेहतर भंडारण और मूल्यवर्धन पर ध्यान देकर इस पारंपरिक कारोबार को अधिक कमाई वाला व्यवसाय बनाया जा सकता है।

(यह स्टोरी मूल रूप से गांव जंक्शन पत्रिका के सितंबर 2026 अंक में प्रकाशित की गई है)
विज्ञापन
विज्ञापन