Home›Khabar Junction›
Water Crisis Threatens Wheat Production Leading Biggest Decline 26 Years Farmers Turn Chickpea Mustard
गेहूं की खेती पर पानी का संकट: 26 साल में सबसे बड़ी गिरावट की आशंका, चना-सरसों की ओर मुड़े किसान
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sat, 21 Nov 2026 09:39 AM IST
सार
कमजोर मानसून और सिंचाई के पानी की कमी से भारत में गेहूं की खेती का रकबा 26 साल में सबसे ज्यादा घटने की आशंका है। किसान गेहूं छोड़ चना और सरसों की खेती की ओर बढ़ रहे हैं। जानिए गेहूं की बुवाई, MSP और उत्पादन पर इसका असर।
भारत में इस साल गेहूं की खेती का रकबा पिछले 26 वर्षों में सबसे ज्यादा घटने की आशंका है। कमजोर मानसून और सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने से किसान गेहूं की जगह चना और सरसों जैसी दूसरी फसलों की बुवाई कर रहे हैं। इन फसलों में पानी की जरूरत कम होती है और इस समय बाजार में इनके दाम भी गेहूं के मुकाबले बेहतर मिल रहे हैं।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मौसम की मार और दूसरी फसलों से बेहतर कमाई की उम्मीद के कारण गेहूं की खेती प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा, अल नीनो (El Niño) के असर से मौसम ज्यादा गर्म और शुष्क रहने की आशंका है। इससे गेहूं की पैदावार भी घट सकती है। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा गेहूं उत्पादक देश है। ऐसे में उत्पादन घटने से बाजार में गेहूं की कीमतें बढ़ सकती हैं और खाद्य महंगाई को काबू में रखना सरकार के लिए मुश्किल हो सकता है।
महाराष्ट्र के जालना जिले के किसान विलास भुटेकर ने बिजनेस लाइन को बताया कि गेहूं की फसल को कम से कम चार से पांच बार पानी देना पड़ता है, लेकिन इस साल खेतों में बुवाई के लिए भी पर्याप्त पानी नहीं है। इसलिए उन्होंने गेहूं की जगह चना बोने का फैसला किया, क्योंकि चने की फसल में कम पानी की जरूरत होती है।
15 फीसदी घट गई गेहूं की बुवाई
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 13 नवंबर तक देश में करीब 50 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई हुई थी। यह पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 15.3 फीसदी कम है। कृषि कारोबार से जुड़े 10 विशेषज्ञों के औसत अनुमान के मुताबिक, रबी सीजन 2026-27 में गेहूं का रकबा पिछले साल के रिकॉर्ड 3.36 करोड़ हेक्टेयर से करीब 6 फीसदी घट सकता है। ऐसा होने पर गेहूं की खेती का रकबा घटकर करीब 3.16 करोड़ हेक्टेयर रह जाएगा। यह पिछले चार वर्षों का सबसे कम स्तर होगा। अगर ऐसा होता है तो 2000-01 के बाद गेहूं की खेती के रकबे में यह सबसे बड़ी गिरावट होगी।
गेहूं छोड़ चना और सरसों की खेती कर रहे किसान
भारत में रबी सीजन की सबसे प्रमुख फसल गेहूं है। इसकी खेती के लिए चना, सरसों और मक्का जैसी फसलों से प्रतिस्पर्धा रहती है। इस साल पानी की कमी और दूसरी फसलों के बेहतर दाम के कारण किसान गेहूं से दूरी बना रहे हैं।
हरियाणा और पंजाब में सिंचाई की बेहतर सुविधा होने के कारण गेहूं का रकबा लगभग स्थिर रहने की उम्मीद है। लेकिन महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दूसरे राज्यों में किसान कम पानी में तैयार होने वाली फसलों की ओर रुख कर सकते हैं।
कृषि कारोबार कंपनी ओलम एग्री इंडिया के डिप्टी कंट्री हेड नितिन गुप्ता के मुताबिक, गेहूं को दूसरी रबी फसलों की तुलना में ज्यादा पानी की जरूरत होती है। इस साल कुछ इलाकों में पानी की कमी के कारण किसान गेहूं की बुवाई कम कर सकते हैं।
कमजोर मानसून ने बढ़ाई परेशानी
इस साल जून से सितंबर के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून की बारिश एक दशक से ज्यादा समय के निचले स्तर पर रही। अल नीनो के प्रभाव के कारण गेहूं उत्पादक राज्यों पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ प्रमुख इलाकों में सामान्य से 41 फीसदी तक कम बारिश दर्ज की गई। बारिश की कमी से जल स्रोतों में पानी घटा है। इसका असर रबी फसलों की बुवाई पर पड़ रहा है। गेहूं की खेती के लिए सिंचाई की ज्यादा जरूरत होने के कारण किसान दूसरी फसलों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
गेहूं के मुकाबले चना-सरसों के बेहतर दाम
किसानों के गेहूं से दूसरी फसलों की ओर जाने की एक बड़ी वजह बाजार में मिलने वाले बेहतर दाम भी हैं। चना और सरसों की कीमतों में गेहूं के मुकाबले ज्यादा तेजी आई है। इससे किसानों को इन फसलों में बेहतर कमाई की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश के एक आटा मिल संचालक और कारोबारी संदीप बंसल के मुताबिक, आमतौर पर किसान गेहूं को पहली पसंद रखते हैं, लेकिन इस साल दूसरी फसलें बेहतर दाम दे रही हैं। इसलिए किसान अपना रकबा बदल रहे हैं।
MSP में सिर्फ 1 फीसदी बढ़ोतरी भी बनी वजह
गेहूं की खेती का रकबा घटने के पीछे न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में कम बढ़ोतरी को भी एक वजह माना जा रहा है। भारतीय खाद्य निगम (FCI) किसानों से सरकार की ओर से तय न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदता है। सरकार ने इस साल गेहूं का MSP सिर्फ 1 फीसदी बढ़ाकर 2,610 रुपये प्रति क्विंटल किया है। वर्ष 2002-03 के बाद यह सबसे कम बढ़ोतरी है।
नई दिल्ली के एक कारोबारी के मुताबिक, सरकार आमतौर पर गेहूं की बुवाई को बढ़ावा देने के लिए हर साल MSP में 5 से 6 फीसदी की बढ़ोतरी करती रही है। लेकिन इस बार सिर्फ 1 फीसदी की बढ़ोतरी से किसानों को गेहूं का रकबा बढ़ाने के लिए पर्याप्त प्रोत्साहन नहीं मिला है। अगर गेहूं का रकबा और पैदावार दोनों घटते हैं तो इसका असर आने वाले महीनों में अनाज की उपलब्धता और बाजार कीमतों पर पड़ सकता है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।