विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Usda India May Be Forced To Import Hundreds Of Thousands Of Tonnes Of Sugar From Abroad Stocks Could Fall To

USDA: भारत में आ सकती है विदेश से लाखों टन चीनी खरीद की नौबत, 2 दश के निचले स्तर पर जा सकता है भंडार...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Sat, 21 Nov 2026 06:22 PM IST
सार

  • वैश्विक चीनी बाजार के लिए 2026-27 गुलजार होती नहीं दिखा रहा है
  • अमेरिकी कृषि विभाग ने वैश्विक चीनी उत्पादन में गिरावट का अनुमान जताया है
  • वैश्विक चीनी स्टॉक 3.98 करोड़ टन रहने का अनुमान, जो 15 साल का सबसे निचला स्तर होगा।
  • भारत में चीनी उत्पादन 5 लाख टन घटकर 2.95 करोड़ टन रहने की संभावना।
  • घरेलू मांग पूरी करने के लिए भारत करीब 30 लाख टन चीनी का आयात कर सकता है।

वैश्विक चीनी बाजार को झटका, USDA ने उत्पादन में गिरावट की संभावना जताई।
वैश्विक चीनी बाजार को झटका, USDA ने उत्पादन में गिरावट की संभावना जताई। - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वैश्विक चीनी बाजार के लिए विपणन वर्ष 2026-27 उत्पादन के मोर्चे पर गुलजार नहीं दिखता है। अमेरिकी कृषि विभाग ने अपनी ताजा रिपोर्ट में वैश्विक चीनी उत्पादन में गिरावट आने की संभावना जताई है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत, ब्राजील और यूरोपीय संघ जैसे प्रमुख उत्पादक देशों में उत्पादन घटने की भरपाई चीन और रूस की बढ़ोतरी से भी नहीं हो पाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक, वैश्विक खपत लगभग स्थिर यानी 17.64 करोड़ टन रहने के बावजूद उत्पादन घटने से दुनिया का अंतिम स्टॉक 12 प्रतिशत गिरकर 3.98 करोड़ टन पर आ सकता है, जो 2011-12 के बाद 15 सालों का सबसे निचला स्तर होगा। इसके साथ ही वैश्विक निर्यात 5 प्रतिशत घटकर 6.15 करोड़ टन और आयात 4 प्रतिशत घटकर 5.52 करोड़ टन रहने की संभावना है।

भारत में उत्पादन व निर्यात में गिरावट, 30 लाख टन आयात की उम्मीद
भारत की बात करें तो रिपोर्ट में बताया गया है कि 2026-27 में देश का चीनी उत्पादन 2025-26 के अनुमानित 3 करोड़ टन से 5 लाख टन घटकर 2.95 करोड़ टन रह सकता है। विभाग ने इस गिरावट की मुख्य वजह दक्षिण-पश्चिम मानसून की कमजोर बारिश को बताया है, जिससे गन्ने की पैदावार और चीनी की रिकवरी प्रभावित हुई है। दूसरी ओर, शहरीकरण, बढ़ती आय और सॉफ्ट ड्रिंक्स व बेकरी जैसे औद्योगिक क्षेत्रों की मांग से घरेलू खपत 2 प्रतिशत बढ़कर 3.08 करोड़ टन होने का अनुमान है। रिपोर्ट के मुताबिक, घरेलू जरूरतें पूरी करने के लिए भारत टैरिफ-रेट कोटा (TRQ) के तहत 10 लाख टन शुल्क-मुक्त आयात समेत करीब 30 लाख टन (व्यापार अनुमान में 30.3 लाख टन) चीनी आयात कर सकता है और मौजूदा भंडार का अधिक उपयोग करेगा। इसके चलते भारत का अंतिम स्टॉक 20 वर्षों के सबसे निचले स्तर 43 लाख टन पर आ सकता है, जबकि निर्यात 13 प्रतिशत घटकर एक दशक के निचले स्तर 31 लाख टन रहने का अनुमान है।

ब्राजील में भारी बारिश से उत्पादन और निर्यात को बड़ा झटका
दुनिया के सबसे बड़े चीनी उत्पादक और निर्यातक देश ब्राजील में भी 2026-27 के दौरान उत्पादन में बड़ी गिरावट आने के आसार हैं। यूएसडीए की रिपोर्ट के अनुसार, ब्राजील का चीनी उत्पादन पिछले वर्ष से 30 लाख टन यानी 6 प्रतिशत घटकर 4.05 करोड़ टन रह सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ब्राजील के मध्य-दक्षिण क्षेत्र में भारी बारिश के कारण गन्ने की गुणवत्ता और चीनी की रिकवरी प्रभावित हुई है, जिससे गन्ने का बड़ा हिस्सा इथेनॉल बनाने में इस्तेमाल किया जाएगा। इसके परिणामस्वरूप ब्राजील का चीनी निर्यात करीब 7 प्रतिशत घटकर 3.17 करोड़ टन और घरेलू खपत 7 प्रतिशत घटकर 88 लाख टन रहने का अनुमान है, जिसका असर वैश्विक आपूर्ति पर भी पड़ेगा।

यूरोपीय संघ, थाईलैंड और चीन के बाजार में उलटा रुझान
दूसरे प्रमुख चीनी उत्पादक देशों में अलग-अलग स्थिति देखने को मिल रही है। रिपोर्ट के अनुसार, यूरोपीय संघ में चुकंदर का रकबा घटने और अत्यधिक गर्म व शुष्क मौसम से चीनी उत्पादन 19 प्रतिशत गिरकर 1.31 करोड़ टन रहने का अनुमान है, जिससे वहां आयात 20 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 22 लाख टन हो सकता है और निर्यात रिकॉर्ड निचले स्तर 6 लाख टन पर सिमट सकता है। थाईलैंड में अल नीनो मौसम और कसावा की खेती से प्रतिस्पर्धा के कारण उत्पादन सालाना आधार पर 18 प्रतिशत घटकर 95 लाख टन रहने के बावजूद, मजबूत मांग के सहारे उसका निर्यात 13 प्रतिशत बढ़कर 70 लाख टन पहुंचने की उम्मीद है। इसके विपरीत, चीन में बेहतर गन्ना फसल से उत्पादन बढ़कर 1.34 करोड़ टन होने और कम चीनी वाले उत्पादों की बढ़ती मांग के कारण उसका आयात 43 लाख टन से घटकर 36 लाख टन रहने तथा अंतिम स्टॉक बढ़कर 45 लाख टन पहुंचने का अनुमान है।


विज्ञापन
विज्ञापन