विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Maharashtra Sown Area Falls Below 1972 Drought Levels Rabi Sowing Covers Only 1 02 Million Hectares With Ma

Maharashtra: 1972 के सूखे से भी नीचे रकबा, महज 10.02 लाख हेक्टेयर में हुई रबी बुवाई, कई किसानों ने टाली खेती

गांव जंक्शन डेस्क, मुंबई Published by: Devesh Saraswat Updated Sat, 21 Nov 2026 06:46 PM IST
सार

  • महाराष्ट्र में रबी बुवाई सामान्य औसत के मुकाबले महज 17% यानी 10.02 लाख हेक्टेयर तक पहुंची।
  • पिछले साल के मुकाबले इस सीजन में करीब 6.49 लाख हेक्टेयर कम रकबे में बुवाई हुई।
  • लातूर संभाग में सबसे अधिक 2.36 लाख हेक्टेयर बुवाई, जबकि कोंकण में सिर्फ 1,579 हेक्टेयर।
  • पानी की कमी के चलते किसान चना और रबी ज्वार जैसी कम पानी वाली फसलों को प्राथमिकता दे रहे हैं

सूखे से जूझ रहे महाराष्ट्र में रबी फसलों की बुवाई में भारी गिरावट।
सूखे से जूझ रहे महाराष्ट्र में रबी फसलों की बुवाई में भारी गिरावट। - फोटो : StoryBlocks
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

साल 2026 महाराष्ट्र के कृषि क्षेत्र के लिए बड़ी चुनौती लेकर आया है। बीते खरीफ सीजन के दौरान कम बारिश ने बड़े पैमाने पर किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया था, जिसके बाद रबी सीजन में किसान आय को कुछ सहारा मिलने की उम्मीद थी। लेकिन, रबी बुवाई के आंकड़ों दूसरी कहानी बता रहे हैं। 

आंकड़ों के अनुसा,  चालू रबी सीजन में फसलों का रकबा सामान्य औसत के मुकाबले महज 17 प्रतिशत यानी 10.02 लाख हेक्टेयर पहुंच पाया है। यह आंकड़ा 1972 के गंभीर सूखे वाले साल में दर्ज की गई 47.29 लाख हेक्टेयर की बुवाई से भी काफी कम है। महाराष्ट्र कृषि विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में रबी फसलों का सामान्य औसत क्षेत्र 57.80 लाख हेक्टेयर है, लेकिन 16 नवंबर तक इसके बेहद छोटे हिस्से में ही बुवाई हो सकी है। पिछले साल 17 नवंबर, 2025 तक लगभग 16.51 लाख हेक्टेयर में रबी की बुवाई हो चुकी थी, जिसकी तुलना में इस सीजन में करीब 6.49 लाख हेक्टेयर की भारी कमी आई है।

लातूर संभाग में सबसे अधिक बुवाई, कोंकण में हालत बेहद सुस्त
कृषि विभाग के संभाग-वार आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में सबसे अधिक रबी बुवाई लातूर संभाग में 2.36 लाख हेक्टेयर में हुई है, हालांकि यह भी इसके सामान्य औसत क्षेत्र का केवल 16 प्रतिशत है। इसके बाद पुणे संभाग में 1.86 लाख हेक्टेयर, अमरावती में 1.48 लाख हेक्टेयर, कोल्हापुर में 1.24 लाख हेक्टेयर, छत्रपति संभाजीनगर में 1.08 लाख हेक्टेयर और नागपुर संभाग में 1.06 लाख हेक्टेयर में रबी फसलों की बुवाई दर्ज की गई है। वहीं, नासिक संभाग में 91,498 हेक्टेयर और कोंकण संभाग में महज 1,579 हेक्टेयर में ही रबी की बुवाई हो सकी है।

कम पानी वाली फसलों की ओर मुड़े किसान, चना और ज्वार बनी पहली पसंद
विभाग के फसल-वार आंकड़ों से पता चलता है कि पानी की किल्लत के चलते किसान अब अनाज और दलहन की ऐसी फसलों को प्राथमिकता दे रहे हैं जिनमें कम पानी की आवश्यकता होती है। रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में अब तक 5.29 लाख हेक्टेयर में अनाज और 4.61 लाख हेक्टेयर में दलहन की बुवाई के साथ कुल खाद्यान्न का रकबा 9.92 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा है, जबकि तिलहन की खेती मात्र 11,645 हेक्टेयर यानी अपने सामान्य मौसमी क्षेत्र के करीब 17 प्रतिशत तक ही सीमित है। कृषि विभाग के 12 नवंबर के पिछले आकलन के मुताबिक, किसानों की प्रमुख पसंद बनकर उभरे रबी ज्वार की खेती लगभग 3.16 लाख हेक्टेयर और चने की बुवाई 3.79 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गई थी। इस दौरान मक्के की बुवाई 82,569 हेक्टेयर में हुई, जबकि गेहूं का रकबा सिर्फ 53,626 हेक्टेयर रहा, जो इसके सामान्य औसत क्षेत्र का महज 5 प्रतिशत है।

गेहूं पर सिंचाई का संकट, कृषि विश्वविद्यालयों ने किसानों को दी सलाह
गेहूं की बुवाई में आई यह धीमी प्रगति काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि गेहूं की फसल को अपने नाजुक चरणों में पक्की सिंचाई की जरूरत होती है। मौजूदा हालात को देखते हुए कृषि विश्वविद्यालयों ने किसानों को सलाह दी है कि वे पानी की उपलब्धता के आधार पर कम अवधि और कम पानी वाली फसलों जैसे चना, रबी ज्वार और कुसुम (सैफ्लावर) की बुवाई को प्राथमिकता दें। कृषि अधिकारियों ने बुवाई की सुस्त रफ्तार के लिए कम मानसूनी बारिश, लौटते मानसून की अपर्याप्त वर्षा और मिट्टी की घटती नमी को कारण बताया है। इस स्थिति के चलते मराठवाड़ा और पश्चिमी महाराष्ट्र के कई सूखाग्रस्त जिलों में किसानों ने या तो बुवाई टाल दी है या फिर वे केवल उन्हीं खेतों में खेती कर रहे हैं जहां सिंचाई की पक्की सुविधा उपलब्ध है।

खरीफ सीजन में भी लक्ष्य से पीछे रहा था बुवाई का आंकड़ा
रबी से पहले खरीफ सीजन में भी राज्य में बुवाई का पैटर्न असमान रहा था और कुल रकबा तय लक्ष्य से कम रहने के साथ कई प्रमुख फसलों के क्षेत्रफल में पिछले साल की तुलना में गिरावट दर्ज की गई थी। सितंबर में जारी कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 2 सितंबर तक महाराष्ट्र में लक्ष्य की लगभग 95.1 प्रतिशत खरीफ बुवाई ही पूरी हो सकी थी। इस दौरान राज्य में 1.43 करोड़ हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले 1.36 करोड़ हेक्टेयर में फसलों की बुवाई हुई थी, जबकि उससे पिछले वर्ष की समान अवधि में लगभग 1.42 करोड़ हेक्टेयर में खरीफ फसलें बोई गई थीं।


विज्ञापन
विज्ञापन