विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Uttarakhand Villagers Revive Drying River Restoring Heval Flow With Check Dams Tree Planting

उत्तराखंड : सूख रही नदी को ग्रामीणों ने दिया नया जीवन, चेक डैम और पौधरोपण से लौटी हेवल की धारा

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 21 Nov 2026 04:02 PM IST
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में कभी सूखने की कगार पर पहुंच चुकी हेवल नदी अब फिर से बहने लगी है। नदी को बचाने के लिए प्रशासन, वन विभाग और स्थानीय लोगों ने मिलकर अभियान चलाया। इसके तहत चेक डैम बनाए गए, तालाब तैयार किए गए और नदी के जलस्रोतों के आसपास बड़े स्तर पर पौधरोपण किया गया। इन प्रयासों से नदी के प्राकृतिक जलस्रोतों को फिर से जीवित करने और पानी का बहाव बढ़ाने में मदद मिली है।

हेवल नदी का पुनर्जीवन अब नमामि गंगे मिशन के तहत नदी संरक्षण की एक अच्छी मिसाल बन रहा है। इस अभियान का उद्देश्य केवल गंगा की सफाई करना ही नहीं, बल्कि उसकी सहायक नदियों, छोटी जलधाराओं और प्राकृतिक जलस्रोतों को भी बचाना है। क्योंकि छोटी नदियों और जलधाराओं का पानी ही आगे चलकर गंगा में पहुंचता है।

102 जलस्रोतों में से 52 सूखने की कगार पर थे
हेवल नदी टिहरी गढ़वाल जिले में सुरकंडा देवी मंदिर के पास सिरकुट पर्वत से निकलती है और शिवपुरी के पास गंगा नदी में मिल जाती है। कुछ साल पहले इस नदी का जलस्तर लगातार घटने लगा था। आसपास के कई प्राकृतिक जलस्रोत भी सूखने लगे थे। हालात को देखते हुए जिला गंगा समिति ने वन विभाग और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर नदी को फिर से जीवित करने की योजना बनाई।

क्षेत्र के वन प्रभागीय अधिकारी दिगंत नायक के मुताबिक, जब हेवल नदी का सर्वे किया गया तो करीब 102 प्राकृतिक जलस्रोतों की पहचान हुई। इनमें से लगभग 52 जलस्रोत या तो सूख रहे थे या धीरे-धीरे खत्म हो रहे थे। इसके बाद इन जलस्रोतों को बचाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से काम शुरू किया गया।

चेक डैम और तालाब बनाकर रोका बारिश का पानी
नदी और उसके जलस्रोतों को बचाने के लिए कई तरह के काम किए गए। इनमें निचले इलाकों में तालाब बनाना, चेक डैम तैयार करना और जमीन के अंदर पानी पहुंचाने के लिए विशेष गड्ढे और टैंक बनाना शामिल है। इन संरचनाओं की मदद से बारिश का पानी रोका गया, जिससे वह धीरे-धीरे जमीन के अंदर पहुंच सके। इससे भूजल स्तर बढ़ाने और सूख रहे प्राकृतिक जलस्रोतों को दोबारा जीवित करने में मदद मिली।

टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने बताया कि नदी के जलस्तर और भूजल को बेहतर बनाने के लिए परकोलेशन पिट, परकोलेशन टैंक और चेक डैम बनाए गए। इनका मुख्य उद्देश्य बारिश के पानी को जमीन में पहुंचाना और प्राकृतिक जलस्रोतों को फिर से सक्रिय करना था।

वन विभाग ने नदी के उद्गम स्थल पर लगाए पौधे
नदी के पुनर्जीवन में वन विभाग ने भी अहम भूमिका निभाई। नदी के उद्गम स्थल और आसपास के जलस्रोतों के क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधरोपण किया गया। वन प्रभागीय अधिकारी दिगंत नायक ने बताया कि नदी और उसके जलस्रोतों को बचाने के लिए वैज्ञानिक तरीके अपनाए गए। इस काम में स्थानीय लोगों की भी सक्रिय भागीदारी रही। प्रशासन, वन विभाग और ग्रामीणों ने मिलकर जल संरक्षण के कामों को आगे बढ़ाया।

गांवों की खेती और आजीविका को मिल रहा सहारा
हेवल नदी का पानी अब आसपास के कई गांवों के लिए जीवनरेखा बन रहा है। नदी में पानी का बहाव बेहतर होने से किसानों को खेती और सिंचाई में मदद मिल रही है। इसके साथ ही ग्रामीणों के लिए आजीविका के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं।

स्थानीय लोग भी नदी को साफ रखने और उसमें पानी का बहाव बनाए रखने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। गांवों में हेवल जलधारा समितियां बनाई गई हैं, जो नदी और उसके जलस्रोतों की देखभाल में मदद करती हैं। ग्राम प्रधान सुशील कुमार बहुगुणा ने बताया कि नदी के आसपास चेक डैम बनाने और जलस्रोतों के पास पौधरोपण करने से पानी के बहाव में काफी सुधार आया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की भागीदारी से नदी को बचाने के प्रयासों को मजबूती मिली है।

मन की बात में प्रधानमंत्री मोदी ने भी की तारीफ
हेवल नदी को फिर से जीवित करने के इस अभियान की चर्चा राष्ट्रीय स्तर पर भी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 139वें एपिसोड में इस पहल का जिक्र किया था।प्रधानमंत्री ने कहा था कि कुछ समय पहले हेवल नदी का जलस्तर घटने लगा था और आसपास के प्राकृतिक जलस्रोत भी सूख रहे थे। इसके बाद स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने मिलकर नदी को फिर से जीवित करने का अभियान शुरू किया। आज इन सामूहिक प्रयासों से नदी को नया जीवन मिला है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन