विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Up Farmers To Provide Training In Natural Farming Government To Appoint Them As Brand Ambassadors Plan In P

UP: प्राकृतिक खेती की ट्रेनिंग देंगे किसान, सरकार बनाएगी ब्रांड एंबेसडर, बायोगैस-एफपीओ से कमाई बढ़ाने का प्लान

गांव जंक्शन डेस्क, लखनऊ Published by: Devesh Saraswat Updated Thu, 26 Nov 2026 09:04 PM IST
सार

  • यूपी में गो आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की तैयारी।
  • 200 प्रगतिशील किसान बनेंगे प्राकृतिक खेती के ब्रांड एंबेसडर।
  • किसानों को खेतों पर प्राकृतिक खेती का मॉडल दिखाकर देंगे प्रशिक्षण।
  • गोपालन और बायोगैस संयंत्र वाले किसानों को मिलेगी प्राथमिकता।
  • कैटल शेड और बायोगैस संयंत्र विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा।

यूपी सरकार प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को ब्रांड एंबेसडर बनाएगी।
यूपी सरकार प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को ब्रांड एंबेसडर बनाएगी। - फोटो : ai
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गो आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए यूपी सरकार 200 प्रगतिशील किसानों को ब्रांड एंबेसडर के रूप में तैयार करेगी। ये किसान अपने खेतों पर प्राकृतिक खेती का मॉडल दिखाने के साथ दूसरे किसानों को इसके तरीके भी सिखाएंगे। इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए पशुपालन, कृषि, उद्यान, वन, आयुष और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के समन्वय से एकीकृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के अनुसार, इस पहल के लिए ऐसे किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो खुद गोपालन करते हों, जिनके खेतों पर बायोगैस संयंत्र लगे हों और जो पहले से प्राकृतिक खेती कर रहे हों। आयोग ने इस संबंध में संबंधित विभागों को सुझाव और संस्तुतियां भी भेजी हैं।

प्राकृतिक खेती को जन आंदोलन बनाने पर जोर
इस योजना को लेकर गुरुवार को उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के कार्यालय में बैठक हुई। आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पद्मश्री सम्मानित प्राकृतिक कृषि विशेषज्ञ डॉ. भारत भूषण त्यागी और अन्य विशेषज्ञ शामिल हुए। बैठक में मिट्टी की सेहत और उर्वरता, गोवंश की उपयोगिता, बायोगैस, प्राकृतिक कृषि उत्पादों के निर्माण और किसानों की आर्थिक आत्मनिर्भरता जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

डॉ. भारत भूषण त्यागी ने कहा कि जिस तरह स्वच्छता अभियान के जरिए देशभर में जनचेतना पैदा की गई, उसी तरह प्राकृतिक और रसायनमुक्त खेती को भी जन आंदोलन बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के असंतुलित इस्तेमाल से मिट्टी की उर्वरता के साथ जल और पर्यावरण की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। ऐसे में किसानों और पशुपालकों को प्राकृतिक खेती के तरीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना जरूरी है। उन्होंने किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को प्राकृतिक खेती से जुड़े उत्पादन, प्रसंस्करण, प्रमाणीकरण और विपणन की प्रक्रिया में प्रमुख भूमिका देने की बात कही। उनके अनुसार, इससे किसानों को अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य दिलाने और प्राकृतिक खेती को आर्थिक रूप से लाभकारी बनाने में मदद मिल सकती है।

फसल अवशेषों के इस्तेमाल और सहफसली खेती पर जोर
बैठक में डॉ. त्यागी ने फसल अवशेषों को जलाने के बजाय खेतों में ही उनका उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे मिट्टी में जैविक पदार्थ और कार्बन की मात्रा बढ़ाने के साथ उसकी प्राकृतिक उर्वरता बनाए रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने सहफसली पद्धति के तहत अलग-अलग तरह की वनस्पतियां उगाने और गो आधारित कृषि पद्धतियां अपनाने की भी बात कही।

प्राकृतिक खेती से उत्पादन घटने की धारणा दूर करने की बात
गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि किसानों के बीच इस धारणा को दूर करना जरूरी है कि प्राकृतिक खेती अपनाने से कृषि उत्पादन घट जाता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती का उद्देश्य मिट्टी की उर्वरता, पर्यावरण संतुलन और मानव स्वास्थ्य को सुरक्षित रखते हुए खेती की लंबे समय तक उत्पादकता बनाए रखना है।

गुप्ता के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गो आधारित प्राकृतिक खेती किसानों की आत्मनिर्भरता और गांवों की समृद्धि का आधार बन सकती है। आयोग विभिन्न विभागों के साथ मिलकर इस दिशा में एकीकृत कार्ययोजना को आगे बढ़ा रहा है।

कैटल शेड और बायोगैस संयंत्र विकसित करने की भी योजना
बैठक में वीबी-जी राम जी योजना के प्रावधानों और पात्रता के अनुरूप व्यक्तिगत कैटल शेड और बायोगैस संयंत्र जैसी ग्रामीण परिसंपत्तियों के विकास की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। प्रस्ताव के मुताबिक, पशुपालन, ऊर्जा उत्पादन और प्राकृतिक खेती को एक-दूसरे से जोड़कर किसानों के लिए अतिरिक्त आर्थिक अवसर तैयार करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

 


विज्ञापन
विज्ञापन