गेहूं की बुवाई के समय खाद का उपयोग फसल विकास को शुरुआती रफ्तार देने का काम करता है। हालांकि अधिक खाद डालना खेती की लागत को बढ़ा सकता है।
कृषि जानकारों के मुताबिक, गेहूं की बुवाई करते समय किसान प्रति एकड़ खाद की मात्रा तय करने के लिए दो अलग-अलग तरीकों में से किसी एक को अपना सकते हैं। पहले तरीके के अनुसार खेत में बुवाई के वक्त 65 किलो यूरिया, 150 किलो एसएसपी और 26.7 किलो एमओपी प्रति एकड़ की दर से डालना चाहिए। वहीं, दूसरे तरीके में किसान प्रति एकड़ 52.2 किलोग्राम डीएपी (DAP), 44.8 किलोग्राम यूरिया और 26.7 किलोग्राम एमओपी (MOP) का इस्तेमाल कर सकते हैं।
पहली सिंचाई और बाली बनने के समय यूरिया की खुराक
बुवाई के बाद फसल की बढ़वार के दौरान भी यूरिया की सही मात्रा देना जरूरी है। जानकारों के अनुसार, गेहूं की बुवाई के बाद जब खेत में पहली बार सिंचाई कर दी जाए, तब प्रति एकड़ 65 किलोग्राम यूरिया डाल देना चाहिए। इसके बाद तीसरी बार जब फसल के गाभे में बाली बनने लगे, तब एक बार फिर प्रति एकड़ 65 किलोग्राम यूरिया देना फसल के लिए जरूरी होता है।
एक साथ न डालें पूरी यूरिया, किस्तों में देने से मिलेगा पूरा पोषण
कृषि विशेषज्ञों का स्पष्ट मानना है कि खेत में यूरिया की पूरी मात्रा को एक ही बार में डाल देना सही नहीं होता। जानकारों के अनुसार, फसल को समय-समय पर जरूरी पोषक तत्व मिलते रहें, इसके लिए यूरिया को दो या तीन हिस्सों में बांटकर डालना चाहिए। इसमें बुवाई के समय पहली आधी मात्रा को खेत में अच्छी तरह मिला देना चाहिए, जबकि बाकी बची आधी मात्रा को दो भागों में बांटकर देना चाहिए। इस बची हुई यूरिया का पहला भाग पहली सिंचाई के बाद तब डालें, जब खेत में 'ओट' यानी इतनी हल्की नमी बनी रहे कि चलने पर पैर न धंसें, और दूसरा भाग दूसरी सिंचाई के बाद खेत में फिर से 'ओट' आने पर डालें, जिससे फसल को लगातार पोषण मिलता रहे।
पानी में बहाकर यूरिया देने से 20 प्रतिशत तक होता है नुकसान
अक्सर किसान सिंचाई के समय ही यूरिया डाल देते हैं, जिससे भारी नुकसान होता है। जानकारों ने सलाह दी है कि किसानों को यूरिया कभी भी पानी में बहाकर या सिंचाई करने से ठीक पहले नहीं डालना चाहिए। विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसा करने से यूरिया का फायदा फसल को नहीं मिल पाता है और करीब 15 से 20 प्रतिशत तक उर्वरक बेकार बर्बाद हो जाता है। इसलिए जानकारों का कहना है कि यूरिया हमेशा सिंचाई के बाद तब डालना चाहिए, जब खेत में 'ओट' आ जाए।