विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Tea Prices Rise By Up To 2 A Kg Kochi Auctions Sabarimala Pilgrimage Season Expected Boost

Tea Demand: सबरीमाला यात्रा सीजन से चाय की मांग बढ़ने की उम्मीद, कोच्चि नीलामी में कीमतें ₹2 किलो तक बढ़ीं

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 21 Nov 2026 11:48 AM IST
सार

सबरीमाला तीर्थयात्रा सीजन से केरल में चाय की मांग बढ़ने की उम्मीद है। कोच्चि चाय नीलामी में 96 फीसदी चाय बिकी और कीमतों में 1 से 5 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

चाय पत्ती
चाय पत्ती - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केरल में सबरीमाला तीर्थयात्रा सीजन शुरू होने से चाय कारोबारियों को बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। खासकर सीटीसी डस्ट (CTC Dust) और पैकेट वाली चाय की मांग बढ़ सकती है। हर साल नवंबर से जनवरी तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु केरल पहुंचते हैं। इससे कोच्चि और मध्य केरल के बाजारों में चाय की खपत बढ़ जाती है।

कोच्चि की चाय नीलामी के 47वें सत्र में अच्छी गुणवत्ता वाली चाय की कीमतों में 1 से 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज की गई। नीलामी में बिक्री के लिए 6,69,156 किलो चाय रखी गई थी, जिसमें से 96 फीसदी बिक गई। केरल के खरीदारों ने अच्छी खरीदारी की। खुले बाजार में चाय बेचने वाले कारोबारियों की ओर से भी मांग बढ़ी।

टी ट्रेड एसोसिएशन ऑफ कोचीन के अनिल जॉर्ज जोसेफ ने बिजनेस लाइन को बताया कि 17 नवंबर से सबरीमाला की सालाना तीर्थयात्रा शुरू होने से चाय बाजार को अतिरिक्त सहारा मिला है। इस दौरान सीटीसी डस्ट, खुली और पैकेट वाली चाय की मांग बढ़ती है।

ऑर्थोडॉक्स चाय की मांग भी बढ़ी
कोच्चि नीलामी में ऑर्थोडॉक्स चाय की मांग भी अच्छी रही। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से निर्यात कारोबार को सहारा मिला है। कुछ किस्मों की कीमतों में 5 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई।कारोबारियों के मुताबिक, निर्यातक क्रिसमस और नए साल के दौरान होने वाली मांग को पूरा करने के लिए दिसंबर से पहले ही चाय की खेप भेजने में जुटे हैं। इससे घरेलू बाजार के साथ निर्यात बाजार में भी कारोबार को मजबूती मिली है।

निर्यातकों की मांग बढ़ी, कीमतों में 5 रुपये का उछाल
नीलामी कंपनी फोर्ब्स, इवार्ट एंड फिगिस के मुताबिक, सीआईएस (राष्ट्रमंडल के कुछ देशों) और पश्चिम एशिया के देशों से चाय निर्यात के लिए पूछताछ बढ़ी है। इससे चाय की औसत कीमत में 5 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई। इस नीलामी में 3,30,020 किलो चाय बिक्री के लिए रखी गई थी, जिसमें से 86 फीसदी की बिक्री हुई।

ऑनलाइन नीलामी प्लेटफॉर्म की तकनीकी दिक्कतें बनी चिंता
चाय बाजार में मांग बढ़ने के बावजूद ऑनलाइन नीलामी प्लेटफॉर्म ट्रेडफोर्ज (TradeForge) की तकनीकी और संचालन संबंधी समस्याएं कारोबारियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। कारोबारियों का कहना है कि नीलामी के 47वें सत्र में भी प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता, बोली प्रक्रिया की निष्पक्षता और कीमत तय करने में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठे हैं। उनका मानना है कि तकनीकी गड़बड़ियों का असर खरीदारों और विक्रेताओं के भरोसे पर पड़ सकता है।

इस मामले को लेकर टी बोर्ड ने कूनूर टी ट्रेड एसोसिएशन के साथ बैठक की है। वहीं, कोच्चि और कोयंबटूर की चाय व्यापार एसोसिएशन भी अपनी समस्याओं को उठाने के लिए टी बोर्ड के साथ बैठक करने की मांग कर रही हैं। कुल मिलाकर, सबरीमाला यात्रा और क्रिसमस-नए साल की मांग से चाय कारोबार को सहारा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, नीलामी प्लेटफॉर्म की समस्याओं का समाधान होना भी जरूरी है।
विज्ञापन
विज्ञापन