विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Sugarcane Farmers Protest Haryana Indefinite Sit In Outside Sugar Mills Demanding Rs 600 Per Quintal

हरियाणा में गन्ना किसानों का आंदोलन: 600 रुपये क्विंटल दाम की मांग पर चीनी मिलों के बाहर अनिश्चितकालीन धरना

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 21 Nov 2026 01:10 PM IST
सार

हरियाणा में गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर किसान आंदोलन कर रहे हैं। नारायणगढ़ और शाहाबाद चीनी मिलों के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू, जानें किसानों की मांग और सरकार का फैसला।

गन्ना किसान
गन्ना किसान - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा में गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर किसानों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। अंबाला की नारायणगढ़ और कुरुक्षेत्र की शाहाबाद चीनी मिल के बाहर किसान अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। किसानों ने मांग पूरी होने तक गन्ने की कटाई और मिलों में आपूर्ति बंद करने की अपील की है।

हरियाणा में गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों का विरोध तेज हो गया है। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) और गन्ना किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में शुक्रवार से दो चीनी मिलों के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया। किसानों की मांग है कि सरकार चालू पेराई सीजन 2026-27 के लिए गन्ने का भाव 430 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करे।

नारायणगढ़ चीनी मिल में 23 नवंबर और शाहाबाद चीनी मिल में 24 नवंबर से गन्ने की पेराई शुरू होनी है। इससे पहले ही किसानों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। किसान नेताओं ने गन्ना उत्पादकों से अपील की है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक न तो गन्ने की कटाई करें और न ही चीनी मिलों को इसकी आपूर्ति करें।

सरकार ने 430 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है गन्ने का भाव
हरियाणा सरकार ने 2026-27 के पेराई सीजन के लिए गन्ने का भाव 430 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। वहीं, 2027-28 के सीजन के लिए इसे बढ़ाकर 450 रुपये प्रति क्विंटल करने का प्रस्ताव है। लेकिन किसान इस बढ़ोतरी से संतुष्ट नहीं हैं। उनकी मांग है कि मौजूदा सीजन में ही गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए।

किसानों का कहना है कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, बीज, मजदूरी और दूसरे कृषि खर्चों के कारण गन्ने की खेती करना महंगा हो गया है। वहीं, चीनी के दाम बढ़ने के बावजूद किसानों को गन्ने का उचित भाव नहीं मिल रहा है।

गन्ने की खेती की लागत 455 रुपये प्रति क्विंटल
भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं मिलने के कारण किसानों ने आंदोलन तेज कर दिया है। उन्होंने खेती की लागत से जुड़ी एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि गन्ने की खेती पर करीब 455 रुपये प्रति क्विंटल खर्च आता है, जबकि सरकार ने इसका भाव 430 रुपये तय किया है। यानी किसानों को लागत से भी कम कीमत मिल रही है।

चढ़ूनी ने कहा कि चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद से ही किसान गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं। सरकार को गन्ने का भाव तय करने से पहले किसानों से बातचीत करनी चाहिए थी। उन्होंने किसानों से अपील की कि मांग पूरी होने तक गन्ने की कटाई और मिलों में आपूर्ति बंद रखें। उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन को मजबूत करने के लिए अलग-अलग किसान संगठनों को एक साथ लाने की कोशिश की जाएगी।

15 रुपये की बढ़ोतरी से किसान नाराज
शाहाबाद में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के प्रवक्ता राकेश बैंस ने कहा कि राज्य की चीनी मिलों के बाहर अनिश्चितकालीन धरने शुरू किए गए हैं। जब तक सरकार चालू सीजन के लिए गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार ने गन्ने के भाव में केवल 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है। चीनी की कीमतों में तेजी को देखते हुए किसानों को उम्मीद थी कि सरकार गन्ने के दाम में अच्छी बढ़ोतरी करेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

गन्ने की खेती का रकबा घटने की चेतावनी
किसान नेताओं का कहना है कि खेती की लागत बढ़ने से गन्ने की खेती करना मुश्किल होता जा रहा है। अगर किसानों को फसल का उचित भाव नहीं मिला तो वे गन्ने की खेती का रकबा घटाकर दूसरी फसलों की ओर जा सकते हैं। राकेश बैंस ने चेतावनी दी कि अगर गन्ने की खेती कम हुई तो आने वाले समय में चीनी का उत्पादन प्रभावित हो सकता है। इससे भविष्य में चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर भी असर पड़ने की आशंका है।
विज्ञापन
विज्ञापन