विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Smart Food Sector Pulses And Millets Create New Protein Market With An Investment Of Rs 440 Crore

स्मार्ट फूड सेक्टर को मिली रफ्तार: दाल-मिलेट्स से बनेगा प्रोटीन का नया बाजार, 440 करोड़ रुपये का निवेश

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 21 Nov 2026 11:24 AM IST
सार

भारत में स्मार्ट प्रोटीन सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है। GFI India की रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में हाई-प्रोटीन फूड सेक्टर में 440 करोड़ रुपये का निवेश हुआ। दाल, मिलेट्स और तिलहन से नए प्रोटीन उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत में प्रोटीन से भरपूर खाद्य पदार्थों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसे देखते हुए प्लांट-बेस्ड प्रोटीन, फर्मेंटेशन तकनीक और लैब में तैयार मांस, मछली, अंडे व डेयरी उत्पादों का कारोबार भी आगे बढ़ रहा है। इस क्षेत्र को स्मार्ट प्रोटीन (Smart Protein) सेक्टर कहा जाता है। गुड फूड इंस्टीट्यूट इंडिया (GFI India) की नई रिपोर्ट के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर निवेश की रफ्तार धीमी होने के बावजूद भारत में इस सेक्टर की स्थिति मजबूत हुई है।

GFI इंडिया ने अपनी रिपोर्ट 'स्टेट ऑफ द इंडस्ट्री रिपोर्ट 2026' का दूसरा संस्करण जारी किया है। इसमें 2023 से 2025 के बीच भारत में स्मार्ट प्रोटीन सेक्टर के विकास, निवेश, नई तकनीक और बाजार की स्थिति का आकलन किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, अब यह सेक्टर शुरुआती दौर में नए उत्पाद बाजार में उतारने से आगे बढ़कर उत्पादन तकनीक को बेहतर बनाने, उपभोक्ताओं को किफायती उत्पाद उपलब्ध कराने और भारत को प्रोटीन उत्पादों के निर्माण का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इससे देश में पोषण सुरक्षा मजबूत करने, कृषि उत्पादों का बेहतर इस्तेमाल करने, पर्यावरण पर दबाव कम करने और खाद्य आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिल सकती है।

हाई-प्रोटीन फूड सेक्टर में 440 करोड़ रुपये का निवेश
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में प्रोटीन से भरपूर खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग ने इस क्षेत्र में निवेश के नए अवसर पैदा किए हैं। वर्ष 2025 में हाई-प्रोटीन फूड सेक्टर में 24 से अधिक निवेश सौदों के जरिए करीब 440 करोड़ रुपये की फंडिंग हुई।

अब इस क्षेत्र का कारोबार केवल दुकानों और सुपरमार्केट तक सीमित नहीं है। होटल, रेस्टोरेंट, फूड सर्विस और दूसरी खाद्य कंपनियों के साथ साझेदारी के जरिए भी नए बाजार तैयार हो रहे हैं। कंपनियां दूसरी खाद्य निर्माता कंपनियों के साथ मिलकर भी अपने उत्पाद बना रही हैं।

दालों, मोटे अनाज और तिलहन से बन रहे प्रोटीन उत्पाद
भारत में स्मार्ट प्रोटीन उत्पाद बनाने वाली कंपनियां अब स्थानीय कृषि उपज का इस्तेमाल बढ़ा रही हैं। इसके लिए दालों, मोटे अनाज (मिलेट्स) और तिलहन को प्रोटीन के नए स्रोत के रूप में विकसित किया जा रहा है। इससे विदेशों से मंगाए जाने वाले प्रोटीन से जुड़े कच्चे माल पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही किसानों की उपज को नए बाजार मिलेंगे और कृषि उत्पादों का मूल्य बढ़ाने के अवसर भी तैयार होंगे।

पोषण और पर्यावरण की चुनौतियों में स्मार्ट प्रोटीन की भूमिका
GFI इंडिया की मैनेजिंग डायरेक्टर स्नेहा सिंह के मुताबिक, पारंपरिक तरीके से मांस और दूसरे पशु-आधारित प्रोटीन का उत्पादन बढ़ने से पर्यावरण पर दबाव बढ़ रहा है। इससे ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन, पानी की कमी और जमीन की गुणवत्ता में गिरावट जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।

इसके अलावा, पोषण से जुड़ी स्वास्थ्य चुनौतियां और खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतें भी चिंता का विषय हैं। ऐसे में स्मार्ट प्रोटीन देश में प्रोटीन की उपलब्धता बढ़ाने और खाद्य आपूर्ति के विकल्पों में विविधता लाने में मदद कर सकता है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की पूरी क्षमता का लाभ उठाने के लिए खाद्य कंपनियों, निवेशकों, शोध संस्थानों और सरकार के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।

बायो-निर्माण क्षेत्र को मिल रहा सरकारी सहयोग
एसोसिएशन ऑफ बायोटेक्नोलॉजी लेड एंटरप्राइजेज (ABLE) के काउंसिल ऑफ प्रेसिडेंट्स के प्रेसिडेंट एमेरिटस मुरली पंचपागेसा मुथुस्वामी के मुताबिक, स्मार्ट प्रोटीन सेक्टर अब जैव तकनीक आधारित उत्पादन और नए खाद्य पदार्थों के निर्माण के एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार की बायोई3 (BioE3) नीति से इस क्षेत्र को मजबूती मिली है। इस नीति के तहत 2,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश को बढ़ावा मिला है। साथ ही, केंद्र और राज्य सरकारों के सहयोग से जरूरी बुनियादी सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले समय में स्मार्ट प्रोटीन सेक्टर भारत को खाद्य उत्पादन और प्रोटीन से जुड़े नए उत्पादों के निर्माण का वैश्विक केंद्र बनाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन