विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Sc Issues Strict Instructions Warnings Put On Packaged Foods High Sugar Salt And Fat Content No Longer Be Hidd

SC के सख्त निर्देश: पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर लगेगी चेतावनी, अब छिपेगी नहीं चीनी, नमक और फैट की अधिक मात्रा

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Thu, 26 Nov 2026 01:22 PM IST
सार

सुप्रीम कोर्ट ने पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर ज्यादा चीनी, नमक और फैट की अलग-अलग चेतावनी लगाने के निर्देश दिए हैं। जानिए FSSAI के नए लेबलिंग प्रस्ताव और उपभोक्ताओं को इससे क्या फायदा होगा।

सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बाजार में मिलने वाले पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में कितनी चीनी, नमक और फैट (वसा) है, इसकी जानकारी अब उपभोक्ताओं को आसानी से मिल सकेगी। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को खाद्य उत्पादों पर सामने की तरफ पोषण संबंधी चेतावनी लेबल लगाने की व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत जिन खाद्य पदार्थों में फैट, चीनी और नमक की मात्रा तय सीमा से ज्यादा होगी, उनके पैकेट पर अलग-अलग चेतावनी निशान लगाने होंगे।

जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने यह निर्देश '3एस एंड अवर हेल्थ सोसाइटी' की ओर से दायर जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान दिए। अदालत का उद्देश्य है कि लोग खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी पोषण संबंधी जानकारी आसानी से समझ सकें और अपने स्वास्थ्य के हिसाब से सही विकल्प चुन सकें।

क्या है फ्रंट ऑफ पैकेज लेबलिंग?
फ्रंट ऑफ पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग (FOPNL) एक ऐसी व्यवस्था है, जिसके तहत खाद्य पदार्थों के पैकेट के सामने ही उनमें मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी दी जाती है। इससे ग्राहकों को पैकेट के पीछे लिखी छोटी-छोटी जानकारियां पढ़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

उदाहरण के लिए, अगर किसी खाद्य उत्पाद में चीनी, नमक या फैट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा है, तो उसके पैकेट के सामने ही चेतावनी निशान के जरिए इसकी जानकारी दी जाएगी। इससे ग्राहक खरीदारी के समय आसानी से समझ सकेंगे कि कौन-सा उत्पाद उनके स्वास्थ्य के लिए बेहतर है।

पैकेट पर अलग-अलग लगेंगे चेतावनी निशान
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि फैट, चीनी और नमक की अधिक मात्रा वाले उत्पादों पर एक ही संयुक्त निशान लगाने के बजाय प्रत्येक पोषक तत्व के लिए अलग-अलग चेतावनी निशान होने चाहिए।

अदालत के निर्देशों के मुताबिक
  • षट्कोण वाले निशान : पैकेट के सामने छह कोनों वाले अलग-अलग निशान लगाने होंगे। इनमें फैट, चीनी और नमक की अधिक मात्रा की जानकारी दी जाएगी।
  • स्पष्ट चेतावनी : हर निशान पर 'HIGH FAT', 'HIGH SUGAR' या 'HIGH SALT' लिखा होना चाहिए। साथ में संबंधित पोषक तत्व का चित्र भी देना होगा।
  • तय होगा निशान का आकार : प्रत्येक चेतावनी निशान का आकार पैकेट के सामने वाले मुख्य हिस्से का करीब 4 से 5 प्रतिशत होना चाहिए।
  • बड़े और साफ अक्षर : चेतावनी के शब्द ऐसे आकार में लिखने होंगे, जिन्हें ग्राहक आसानी से पढ़ सकें।

कुल चीनी और सैचुरेटेड फैट को बनाया जाएगा आधार
सुप्रीम कोर्ट ने चेतावनी लगाने के लिए पोषक तत्वों की मात्रा तय करने के तरीके पर भी ध्यान दिया है। अदालत ने FSSAI को निर्देश दिया है कि चीनी और फैट के मामले में केवल मिलाई गई चीनी (Added Sugar) और मिलाए गए फैट (Added Fat) के बजाय कुल चीनी (Total Sugar) और सैचुरेटेड फैट (Saturated Fat) को आधार बनाया जाए।

अदालत ने यह भी कहा कि चेतावनी के लिए तय की जाने वाली सीमा वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए। अगर सीमा बहुत कम रखी गई तो बड़ी संख्या में उत्पादों पर चेतावनी लग जाएगी। इससे लोग धीरे-धीरे इन चेतावनियों को नजरअंदाज करने लगेंगे। वहीं, सीमा बहुत ज्यादा रखने पर कई ऐसे उत्पाद भी चेतावनी के दायरे से बाहर रह सकते हैं, जिनमें हानिकारक तत्वों की मात्रा अधिक है।

FSSAI ने क्या प्रस्ताव दिया है?
इस मामले में FSSAI ने खाद्य पदार्थों पर चेतावनी लेबल लगाने के लिए कई प्रस्ताव रखे हैं। शुरुआत में दो चरणों में लेबलिंग लागू करने की योजना बनाई गई थी। पहले चरण में दो या इससे अधिक पोषक तत्वों की मात्रा तय सीमा से ज्यादा होने पर चेतावनी लगाने और बाद में एक पोषक तत्व की अधिक मात्रा वाले उत्पादों को शामिल करने का प्रस्ताव था।

बाद में FSSAI ने किसी एक पोषक तत्व की तय सीमा पार होने पर लाल रंग का षट्कोणीय चेतावनी निशान लगाने का प्रस्ताव रखा। इसके लिए कनाडा में अपनाए जाने वाले मॉडल को आधार बनाया गया है। पोषक तत्वों की सीमा तय करने के लिए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) और राष्ट्रीय पोषण संस्थान (NIN) की 2024 की खानपान संबंधी गाइडलाइंस का भी सहारा लिया गया है।

इसके अलावा, नॉन-कैलोरिक स्वीटनर वाले उत्पादों पर 'CONTAINS NON-CALORIC SWEETENER' की अलग चेतावनी देने का प्रस्ताव भी रखा गया है। FSSAI ने नए नियमों की अधिसूचना जारी होने के बाद इन्हें लागू करने के लिए 365 दिन की स्वैच्छिक अवधि का प्रस्ताव दिया है।

बच्चों को भी दी जाएगी पोषण की जानकारी
सुप्रीम कोर्ट ने केवल खाद्य पदार्थों के पैकेट पर चेतावनी लगाने तक ही बात सीमित नहीं रखी है। अदालत ने बच्चों को कम उम्र से ही सही खानपान और पोषण के बारे में जानकारी देने पर भी जोर दिया है।इसके लिए केंद्र सरकार को स्कूली पाठ्यक्रम में जरूरी बदलाव करने और बच्चों के लिए पोषण से जुड़ी कार्यशालाएं व अन्य गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। अदालत ने खाद्य सुरक्षा और मानक (लेबलिंग और डिस्प्ले) विनियम, 2020 को भी प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा है।

FSSAI को 10 सप्ताह में देनी होगी रिपोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को नए नियमों के मसौदे पर हुई प्रगति की जानकारी देने और इस संबंध में हलफनामा दाखिल करने के लिए 10 सप्ताह का समय दिया है। इसके बाद मामले की अगली सुनवाई होगी। इस फैसले से पैकेटबंद खाद्य पदार्थ बनाने वाली कंपनियों को अपने उत्पादों की पैकेजिंग और पोषण संबंधी जानकारी में बदलाव करना पड़ सकता है। इससे ग्राहकों को यह समझने में आसानी होगी कि उनके रोजमर्रा के खाने में चीनी, नमक और फैट की मात्रा कितनी है।
विज्ञापन
विज्ञापन