बिहार के किसानों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने रबी सीजन 2026-27 के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना शुरू कर दी है। इसके तहत किसान अपनी रबी फसलों का बीमा कराकर प्राकृतिक आपदा या अन्य तय कारणों से फसल खराब होने पर नुकसान की भरपाई पा सकते हैं। योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू हो चुकी है। किसान 15 जनवरी तक अपनी फसल का बीमा करा सकते हैं। खास बात यह है कि इस योजना का लाभ केवल अपनी जमीन पर खेती करने वाले किसानों को ही नहीं, बल्कि दूसरे की जमीन पर बटाई या किराये पर खेती करने वाले किसानों को भी मिलेगा।
15 जनवरी तक करा सकते हैं फसल का बीमा
बिहार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने किसानों से अपील की है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना समय पर आवेदन कर दें। उन्होंने बताया कि योजना को लागू करने के लिए जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
किसानों को आवेदन करने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए बैंक शाखाओं, पैक्स और वसुधा केंद्रों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। किसान इन केंद्रों पर जाकर योजना की जानकारी लेने के साथ आवेदन करने में भी मदद प्राप्त कर सकते हैं।
रैयत और बटाईदार, दोनों किसानों को मिलेगा फायदा
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अपनी जमीन पर खेती करने वाले और दूसरे की जमीन पर खेती करने वाले, दोनों तरह के किसान शामिल हो सकते हैं।
रैयत किसान: जिन किसानों के नाम पर जमीन है और वे खुद खेती करते हैं।
गैर-रैयत किसान: जो दूसरे की जमीन पर बटाई या किराये पर खेती करते हैं।
इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) से कर्ज लेकर खेती करने वाले किसान भी आवेदन कर सकते हैं। वहीं, बिना किसी कृषि ऋण के खेती करने वाले किसान भी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
फसल के हिसाब से देना होगा बीमा प्रीमियम
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को फसल के अनुसार बीमा प्रीमियम जमा करना होगा। अलग-अलग फसलों के लिए प्रीमियम की दर तय की गई है।
खाद्यान्न, दलहन और तिलहन फसलें: बीमा राशि का अधिकतम 1.5 फीसदी।
बागवानी और अन्य व्यावसायिक फसलें: बीमा राशि का अधिकतम 5 फीसदी।
अगर किसी फसल के लिए बीमा कंपनी की ओर से तय प्रीमियम सरकार की निर्धारित सीमा से कम है, तो किसान को कम दर के हिसाब से ही पैसा देना होगा। इससे किसानों पर बीमा का अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। इस योजना के जरिए किसान अपनी रबी फसलों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए आर्थिक सुरक्षा हासिल कर सकते हैं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।