विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Rabi Crop Sowing To Gain Momentum Dap Sales Up 7 Urea Demand Also Remains Intact

रबी फसलों की बुवाई को मिलेगी रफ्तार : DAP की बिक्री 7% बढ़ी, यूरिया की मांग भी बरकरार

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 21 Nov 2026 11:41 AM IST
सार

रबी सीजन में फसलों की बुवाई 11 फीसदी पीछे है। अक्टूबर में DAP की बिक्री 7 फीसदी बढ़ी, जबकि यूरिया की बिक्री स्थिर रही। जानिए गेहूं, सरसों और चना की बुवाई के ताजा आंकड़े।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रबी सीजन में गेहूं, सरसों और चना की बुवाई में आई गिरावट के बीच किसानों के लिए खाद की उपलब्धता से राहत मिलने की उम्मीद है। अक्टूबर में देशभर में डीएपी (DAP) की बिक्री पिछले साल के मुकाबले 7 फीसदी बढ़ी है, जबकि यूरिया की बिक्री लगभग पिछले साल के बराबर रही। इससे आने वाले हफ्तों में गेहूं और सरसों की बुवाई में तेजी आने की संभावना है।

हालांकि, अक्टूबर में सभी तरह की खाद की कुल बिक्री में गिरावट दर्ज की गई। इसकी मुख्य वजह एनपीके जैसे मिश्रित उर्वरकों की बिक्री में भारी कमी रही। आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में कुल खाद बिक्री 9 फीसदी घटकर 47.69 लाख टन रह गई, जबकि पिछले साल इसी महीने में 52.45 लाख टन खाद बिकी थी।

DAP की बिक्री 7% बढ़ी, यूरिया की मांग स्थिर
खाद बिक्री के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में यूरिया की बिक्री 23.25 लाख टन रही, जो पिछले साल के 23.34 लाख टन के लगभग बराबर है। इसमें सिर्फ 9 हजार टन की मामूली गिरावट आई।वहीं, डीएपी की बिक्री 7 फीसदी बढ़कर 15.3 लाख टन पहुंच गई। पिछले साल अक्टूबर में 14.3 लाख टन डीएपी की बिक्री हुई थी।

इसके उलट, एनपीके (नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश के मिश्रण) जैसे जटिल उर्वरकों की बिक्री में 44 फीसदी की बड़ी गिरावट आई। अक्टूबर में इनकी बिक्री 12.7 लाख टन से घटकर 7.15 लाख टन रह गई। इसी तरह म्यूरेट ऑफ पोटाश (MOP) की बिक्री भी 6 फीसदी घटकर 1.99 लाख टन रही।

खाद की मांग और बिक्री के आंकड़ों में अंतर
केंद्र सरकार ने अक्टूबर के लिए रबी सीजन में खाद की मांग का अनुमान जारी किया था। इसके मुताबिक, यूरिया की मांग 38.24 लाख टन, डीएपी की 19.01 लाख टन, एमओपी की 3.33 लाख टन और एनपीके जैसे मिश्रित उर्वरकों की 18.51 लाख टन आंकी गई थी।

हालांकि, वास्तविक बिक्री इन अनुमानों से कम रही। खाद उद्योग से जुड़े एक जानकार के मुताबिक, या तो सरकार की मांग का अनुमान वास्तविक स्थिति से ज्यादा है या फिर खाद की बिक्री सीमित की जा रही है। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में एक दिन डीएपी की बिक्री एक लाख टन से अधिक रही, जबकि महीने का औसत प्रतिदिन 50 हजार टन से भी कम था। इससे पता चलता है कि बाजार में डीएपी की बिक्री में कोई बड़ी बाधा नहीं है।

गेहूं और सरसों की बुवाई में आई गिरावट
कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 13 नवंबर तक देश में रबी फसलों की कुल बुवाई पिछले साल के मुकाबले 11 फीसदी कम रही। इस साल अब तक 178.25 लाख हेक्टेयर में रबी फसलों की बुवाई हुई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि तक 201.04 लाख हेक्टेयर में बुवाई हो चुकी थी।

प्रमुख फसलों की स्थिति भी चिंताजनक है। सरसों की बुवाई 8 फीसदी घटकर 59.31 लाख हेक्टेयर और गेहूं की बुवाई 15 फीसदी घटकर 50.07 लाख हेक्टेयर रह गई। वहीं, चना की बुवाई में 22 फीसदी की गिरावट आई है। अब तक 31.13 लाख हेक्टेयर में चना बोया गया है।

रबी सीजन में 17.77 करोड़ टन खाद्यान्न उत्पादन का लक्ष्य
सरकार ने चालू रबी सीजन के लिए कुल 17.772 करोड़ टन खाद्यान्न उत्पादन का लक्ष्य रखा है। इसमें 12.10 करोड़ टन गेहूं, 1.72 करोड़ टन दलहन और 2.23 करोड़ टन मोटे अनाज के उत्पादन का लक्ष्य शामिल है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए समय पर बुवाई और किसानों को पर्याप्त खाद मिलना जरूरी है। डीएपी और यूरिया का उपलब्ध भंडार आने वाले हफ्तों में गेहूं और सरसों की बुवाई को गति देने में मदद कर सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन