विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Pulse Imports Surge 59 Amid El Ni O Fears Prices Still Rise By Up To 17 2 4 Million Tonnes Imported Over 6

अल नीनो की आशंका से 59% उछला दालों का आयात : फिर भी 17% तक बढ़े दाम; 6 महीनों में विदेश से मंगाई 24 लाख टन दाल

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Sat, 21 Nov 2026 10:47 AM IST
सार

  • चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में भारत का दाल आयात 59 फीसदी बढ़कर 24 लाख टन पहुंचा।
  • पूरे वित्त वर्ष में दालों का आयात 60 लाख टन तक पहुंचने का अनुमान।
  • मसूर के आयात में 235 फीसदी और पीली मटर के आयात में 84 फीसदी की बढ़ोतरी।
  • खुदरा बाजार में तूर, चना और उड़द की कीमतें सालाना आधार पर 10 से 17% तक बढ़ीं।

अल नीनो के चलते भारत में विदेशी दालों की आवक में भारी बढ़ोतरी देखने को मिली है।
अल नीनो के चलते भारत में विदेशी दालों की आवक में भारी बढ़ोतरी देखने को मिली है। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में अल नीनो के खतरे की वजह से घरेलू उत्पादन में गिरावट आने की आशंका के बीच दालों के आयात में भारी बढ़ोतरी हुई है। व्यापारिक जानकारों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष (2026-27) के अप्रैल से सितंबर महीने के दौरान सालाना आधार पर दालों का आयात 59 प्रतिशत उछलकर 24 लाख टन पर पहुंच गया है। मूल्य के लिहाज से देखें तो आयात में 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 1.43 अरब डॉलर रहा, जो यह दर्शाता है कि मांग बढ़ने के बावजूद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें अभी भी अपेक्षाकृत नरम बनी हुई हैं।

आने वाले महीनों में और बढ़ सकता है दालों का आयात
व्यापारियों का कहना है कि आने वाले महीनों में घरेलू मांग बढ़ने तथा ऑस्ट्रेलिया और कनाडा जैसे प्रमुख उत्पादक देशों की नई फसल बाजार में आने से दालों के आयात में और तेजी आने की संभावना है। इंडिया पल्सेस एंड ग्रेन्स एसोसिएशन के सचिव सतीश उपाध्याय के अनुसार, घरेलू उत्पादन में संभावित कमी को देखते हुए पूरे वित्त वर्षके दौरान कुल दाल आयात करीब 60 लाख टन तक पहुंच सकता है।

मसूर और पीली मटर के आयात में सबसे बड़ा उछाल
चालू वित्त वर्ष के अप्रैल-सितंबर महीनों के दौरान अलग-अलग दालों के आयात में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले इस दौरान मसूर का आयात 235 प्रतिशत बढ़कर 7.6 लाख टन (0.76 मिलियन टन) और पीली मटर का आयात 84 प्रतिशत बढ़कर 6.3 लाख टन हो गया। दूसरी ओर, चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में सालाना आधार पर उड़द का आयात 4 प्रतिशत घटकर 3.8 लाख टन रहा, जबकि चालू वित्त वर्ष में अब तक अरहर का आयात पिछले वित्त वर्ष (20205-26) की इसी अवधि की तुलना में 8 प्रतिशत बढ़कर 4.8 लाख टन पर पहुंच गया है।

खुदरा बाजार में तूर, चना और उड़द की कीमतें बढ़ीं
आयात बढ़ने के साथ-साथ आम लोगों की रसोई पर भी असर पड़ा है और प्रमुख दालों की खुदरा कीमतों में तेजी आई है। उपभोक्ता मामले विभाग के मूल्य निगरानी प्रकोष्ठ के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को प्रमुख दालों की औसत खुदरा कीमतें पिछले साल के मुकाबले 10 से 17 प्रतिशत तक अधिक रहीं। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, तूर दाल की औसत खुदरा कीमत 17 प्रतिशत बढ़कर 136.11 रुपये प्रति किलोग्राम, चने की कीमत 10 प्रतिशत बढ़कर 95.76 रुपये प्रति किलोग्राम और उड़द की कीमत 12 प्रतिशत बढ़कर 127.14 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज की गई।

कम बारिश से खरीफ की उपज प्रभावित, रबी की बुवाई पर मौसम की नजर
घरेलू खेती की बात करें तो कृषि मंत्रालय के अनुसार, इस सीजन में खरीफ दालों की बुवाई सालाना आधार पर 1.42 प्रतिशत बढ़कर 118.4 लाख हेक्टेयर (11.84 मिलियन हेक्टेयर) में हुई है। हालांकि, महाराष्ट्र और कर्नाटक के कई प्रमुख उत्पादक इलाकों में कम बारिश होने के कारण फसल की पैदावार प्रभावित हुई है। दूसरी तरफ, रबी की प्रमुख दालों यानी चना और मसूर की बुवाई शुरू हो चुकी है, लेकिन सर्दियों के महीनों में बारिश और तापमान का पैटर्न इनकी बुवाई को प्रभावित करेगा।

आयात शुल्क की नीति और पिछले सालों के आंकड़े
घरेलू बाजार को संभालने के लिए सरकार ने आयात शुल्क से जुड़े अहम फैसले भी लिए हैं। सरकार ने नवंबर 2025 में चने के सस्ते विकल्प पीली मटर पर 30 प्रतिशत आयात शुल्क लगाया था, जिससे दिसंबर 2023 से चल रहा इसका शुल्क-मुक्त आयात खत्म हो गया। इससे पहले मार्च 2025 में सरकार ने मसूर पर 10 प्रतिशत का आयात शुल्क लगाया था और अब इन दोनों शुल्कों को वित्त वर्ष FY27 के अंत तक के लिए बढ़ा दिया गया है। पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो व्यापारिक सूत्रों के अनुसार, वित्त वर्ष FY26 में भारत का दाल आयात सालाना आधार पर 34 प्रतिशत की तेज गिरावट के साथ 3.63 अरब डॉलर रहा था, जिसकी वजह सुस्त मांग और मजबूत घरेलू फसल थी। इससे पहले वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने रिकॉर्ड 5.54 अरब डॉलर की दालों का आयात किया था।


विज्ञापन
विज्ञापन