विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Maharashtra 42 30 Lakh Poor Farmers Free Food Grains Three Months Government Provide 5 Kg Ration Every Month

महाराष्ट्र : 42.30 लाख गरीब किसानों को तीन महीने तक मुफ्त मिलेगा अनाज, हर महीने 5 किलो राशन देगी सरकार

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 25 Nov 2026 05:25 PM IST
महाराष्ट्र सरकार ने आपदा प्रभावित किसानों को बड़ी राहत दी है
महाराष्ट्र सरकार ने आपदा प्रभावित किसानों को बड़ी राहत दी है - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र में सूखे जैसे हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने गरीब किसानों को राहत देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में बुधवार, 25 नवंबर को हुई कैबिनेट बैठक में अगले तीन महीने तक मुफ्त खाद्यान्न बांटने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस फैसले से राज्य के 33 जिलों के करीब 42.30 लाख गरीबी रेखा से नीचे (BPL) के किसानों को फायदा मिलेगा।

महाराष्ट्र सरकार की इस योजना के तहत हर पात्र किसान को हर महीने 5 किलो मुफ्त अनाज दिया जाएगा। इसमें 3 किलो चावल और 2 किलो गेहूं शामिल होगा। यह सुविधा अगले तीन महीने तक मिलेगी। यह योजना उन किसानों के लिए है, जो राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून (NFSA) के तहत पंजीकृत हैं, लेकिन फिलहाल प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) योजना के दायरे से बाहर हैं। राज्य मंत्रिमंडल ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

नर्मदा-तापी नदी जोड़ने की परियोजना को 5,548 करोड़ रुपये की मंजूरी
कैबिनेट बैठक में किसानों और सिंचाई से जुड़ा एक और बड़ा फैसला लिया गया। सरकार ने नंदुरबार जिले में नर्मदा-तापी नदी जोड़ने की परियोजना (NTRLP) के लिए 5,548 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इस परियोजना के तहत छह डायवर्जन बैराज बनाए जाएंगे। इससे क्षेत्र की करीब 26,526 हेक्टेयर जमीन को सिंचाई की सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा परियोजना से 11.50 मेगावाट बिजली का उत्पादन भी होगा।

वित्तीय धोखाधड़ी करने वाली संस्थाओं पर होगी कार्रवाई
महाराष्ट्र कैबिनेट ने वित्तीय संस्थानों में जमाकर्ताओं के हितों की सुरक्षा से जुड़े कानून (MPID Act) में संशोधन को भी मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य वित्तीय धोखाधड़ी करने वाली संस्थाओं की संपत्तियों को जल्द जब्त करना है, ताकि निवेशकों और जमाकर्ताओं के हितों की रक्षा की जा सके। इसके लिए अलग से MPID ट्रिब्यूनल बनाया जाएगा। इसमें मामलों का निपटारा 90 दिनों के भीतर करने का प्रावधान होगा।

राजस्व विभाग में शुरू होगी केस मैनेजमेंट व्यवस्था
कैबिनेट ने महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता, 1966 में संशोधन को भी मंजूरी दी है। इसके तहत राजस्व विभाग में अर्ध-न्यायिक मामलों की सुनवाई और प्रबंधन के लिए रेवेन्यू कोर्ट केस मैनेजमेंट सिस्टम शुरू किया जाएगा। इससे राजस्व से जुड़े मामलों की सुनवाई और निपटारे की प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन