विज्ञापन
Home› Khabar Junction› India Dependence Foreign Countries Edible Oil Spending 2 Lakh Crore Annually Calls Increased Oilseed Producti

खाद्य तेल के लिए विदेशों पर निर्भर भारत: हर साल 2 लाख करोड़ रुपये हो रहे खर्च; तिलहन उत्पादन बढ़ाने की मांग

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 25 Nov 2026 04:55 PM IST
सार

भारत हर साल 2 लाख करोड़ रुपये का खाद्य तेल आयात करता है। SEA ने आयात पर निर्भरता घटाने और तिलहन उत्पादन में सालाना 5 फीसदी बढ़ोतरी के लिए सरकार से नई योजना बनाने की मांग की है।

खाद्य तेल
खाद्य तेल - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत में खाद्य तेलों की बढ़ती मांग और आयात पर निर्भरता को देखते हुए सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SEA) ने सरकार से तिलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए व्यापक राष्ट्रीय अभियान शुरू करने की अपील की है। एसोसिएशन का कहना है कि खाद्य तेल के मामले में आत्मनिर्भर बनने के लिए किसानों को प्रोत्साहन देने, बेहतर बीज उपलब्ध कराने और खेती में नई तकनीक अपनाने की जरूरत है। यह कदम आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में भी मददगार होगा।

एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से FICCI के वार्षिक सम्मेलन में उद्योग जगत से 'इंडिया फर्स्ट' की सोच के साथ विकसित भारत-2047 के लिए ठोस सुझाव देने की अपील के बाद सरकार को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है। इसमें खाद्य तेल के उत्पादन और आपूर्ति को मजबूत करने के लिए कई सुझाव दिए गए हैं।

हर साल 2 लाख करोड़ रुपये का खाद्य तेल आयात
भारत हर साल करीब 170 लाख टन खाद्य तेल आयात करता है। इससे देश की कुल खपत का लगभग 60 फीसदी हिस्सा पूरा होता है। इस आयात पर सालाना करीब 2 लाख करोड़ रुपये (21 अरब डॉलर) खर्च होते हैं। इससे देश की बड़ी विदेशी मुद्रा बाहर जाती है। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने और आपूर्ति प्रभावित होने का असर भी भारत पर पड़ता है।

SEA के अनुमान के मुताबिक, भारत में खाद्य तेल की मांग 2025 में करीब 260 लाख टन से बढ़कर 2047 तक 439 से 544 लाख टन हो सकती है। वहीं, अगर तिलहन उत्पादन में हर साल मौजूदा 3.24 फीसदी की दर से बढ़ोतरी होती रही तो घरेलू स्तर पर खाद्य तेल की उपलब्धता केवल 225 लाख टन तक पहुंच पाएगी।

अगर उत्पादन बढ़ने की सालाना दर 5 फीसदी भी हो जाती है, तब भी 2047 तक घरेलू खाद्य तेल की उपलब्धता करीब 327 लाख टन रहने का अनुमान है। यानी मांग और उपलब्धता के बीच बड़ा अंतर बना रहेगा, जिसे पूरा करने के लिए आयात पर निर्भर रहना पड़ेगा।

SEA के अध्यक्ष अंशु मलिक ने कहा कि खाद्य तेल के आयात पर निर्भरता अब केवल व्यापार का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह देश की आर्थिक सुरक्षा, किसानों की खुशहाली और विदेशी मुद्रा से भी जुड़ा मामला है। इसलिए तिलहन उत्पादन में हर साल कम से कम 5 फीसदी बढ़ोतरी को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाना होगा। इसके लिए सरकार, कृषि अनुसंधान संस्थानों, उद्योग और किसानों को मिलकर काम करना चाहिए।

तिलहन मिशन का बजट बढ़ाने की मांग
SEA ने सरकार से राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-तिलहन (NMEO-Oilseeds) और राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-पाम ऑयल (NMEO-Oil Palm) के लिए बजट बढ़ाने की मांग की है। साथ ही, इन योजनाओं को 2030-31 के बाद भी जारी रखने के लिए दीर्घकालीन योजना बनाने की अपील की है।

एसोसिएशन के मुताबिक, NMEO-Oilseeds के लिए 2,890 करोड़ रुपये और NMEO-Oil Palm के लिए 1,252 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया था। लेकिन इन योजनाओं पर क्रमशः केवल 1,452 करोड़ और 288 करोड़ रुपये ही खर्च किए गए। इससे साफ है कि योजनाओं के लिए आवंटित बजट का पूरा इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है। SEA ने बजट बढ़ाने के साथ ही धनराशि समय पर जारी करने और उसके सही इस्तेमाल की निगरानी के लिए जवाबदेही व्यवस्था बनाने का सुझाव दिया है।

तिलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए ये सुझाव
एसोसिएशन ने तिलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार के सामने कई सुझाव रखे हैं।
  • हर साल 5 फीसदी उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य : तिलहन की पैदावार बढ़ाने के लिए नई तकनीक और बेहतर खेती पर जोर दिया जाए।
  • तिलहन विकास कोष बने : खाद्य तेल के आयात पर लगने वाले सीमा शुल्क और कृषि अवसंरचना एवं विकास उपकर (AIDC) के एक हिस्से से विशेष कोष बनाया जाए।
  • आयात शुल्क की स्पष्ट नीति : ऐसी नीति बनाई जाए, जिससे विदेशी खाद्य तेल के आयात पर नियंत्रण के साथ घरेलू किसानों को उचित दाम मिल सकें।
  • बेहतर बीज विकसित हों : अधिक पैदावार देने वाली और मौसम की मार सहने में सक्षम तिलहन किस्में विकसित की जाएं। इसके लिए सरकारी और निजी संस्थान मिलकर काम करें।
  • किसानों को मिले उचित दाम : तिलहन फसलों की लाभकारी कीमत, सरकारी खरीद और बाजार तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित की जाए।
  • प्रोसेसिंग सुविधाएं बढ़ें : तेल निकालने वाली इकाइयों को आधुनिक बनाया जाए। भंडारण और फसल कटाई के बाद की सुविधाओं को भी मजबूत किया जाए।
  • दूसरे तेल स्रोतों पर ध्यान : चावल की भूसी, कपास के बीज और पेड़ों से मिलने वाले तेल के उत्पादन और इस्तेमाल की संभावनाएं बढ़ाई जाएं।
  • विशेषज्ञ नेतृत्व की नियुक्ति : तिलहन उत्पादन कार्यक्रम की निगरानी और संचालन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अनुभवी पेशेवर अधिकारी की नियुक्ति हो, जिसका कार्यकाल पांच साल का हो।

2047 तक खाद्य तेल में आत्मनिर्भर बनने पर जोर
अंशु मलिक ने कहा कि भारत को तिलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए केवल छोटे-मोटे बदलावों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए पर्याप्त बजट, आधुनिक तकनीक और स्पष्ट लक्ष्य के साथ राष्ट्रीय स्तर पर योजना बनाने की जरूरत है। SEA ने सरकार से मुलाकात का समय भी मांगा है, ताकि अपने सुझावों को विस्तार से रखा जा सके और खाद्य तेल के आयात पर निर्भरता घटाने के लिए ठोस योजना तैयार की जा सके।

मलिक के मुताबिक, खाद्य तेल के मामले में आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए लगातार निवेश, नई तकनीक, किसान हितैषी नीतियों और मजबूत नेतृत्व की जरूरत है। अगर भारत को 2047 तक खाद्य तेल के मामले में आत्मनिर्भर बनना है तो अभी से ठोस कदम उठाने होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन