विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Less Land Less Water And Bumper Profits Mushroom Cultivation Has Become A Profitable Deal For Young Women T

कम जमीन, कम पानी और बंपर मुनाफा : युवा-महिलाओं के लिए मुनाफे का सौदा बनी मशरूम की खेती; ऐसे बढ़ रही आमदनी...

गांव जंक्शन डेस्क, लखनऊ Published by: Devesh Saraswat Updated Tue, 10 Nov 2026 11:53 AM IST
सार

  • कम जमीन, कम पानी और कम निवेश में मशरूम की खेती से बढ़ाएं किसानों की आय।
  • कचरा बीनने वाली रुथु बनीं सफल उद्यमी, मशरूम उत्पादन से कमा रहीं 35 हजार रुपये महीना।
  • बिहार की अनीता देवी ने 250 से अधिक महिलाओं को मशरूम की खेती से जोड़ा।
  • इंजीनियर और आईटी पेशेवर भी मशरूम उत्पादन को बना रहे हैं कमाई का जरिया।

युवाओं और महिलाओं के लिए फायदे का सौदा बना मशरूम उत्पादन।
युवाओं और महिलाओं के लिए फायदे का सौदा बना मशरूम उत्पादन। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मशरूम की खेती फायदे का सौदा साबित हो रही है। किसानों की आय बढ़़ाने के साथ पोषण से भरपूर मशरूम प्रोटीन, फाइबर और विटामिन के अच्छे स्रोत हैं। सरकारी कृषि संस्थानों के अनुसार, मशरूम की खेती पारंपरिक खेती की तुलना में कम जमीन, कम पानी और कम निवेश में की जा सकती है। इसमें कृषि अपशिष्ट का उपयोग होता है, जिससे यह छोटे और सीमांत किसानों के लिए एक बेहतरीन व्यवसाय बन गया है।

कचरा बीनने वाली लड़की से लेकर 'मशरूम महिला' तक का सफर
आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले की 20 साल की रुथु कभी कचरा बीनने का काम करती थीं, अब वह सफल उद्यमी बन गई हैं। कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), गुंटूर द्वारा दिए गए प्रशिक्षण के बाद उन्होंने मिल्की मशरूम उगाना शुरू किया। आज वह रोजाना 8 किलो मशरूम का उत्पादन कर महीने के लगभग 35,000 रुपये कमा रही हैं। उनकी सफलता को देखकर गांव के दूसरे लोगों ने भी यह खेती शुरू कर दी है।

इसी तरह, बिहार के नालंदा जिले की अनीता देवी ने साल 2010 में केवीके, हरनौत से जुड़कर ऑयस्टर और मिल्की व्हाइट मशरूम उगाना शुरू किया। उनकी इस पहल से गाँव की अन्य महिलाएं भी जुड़ीं। राज्य के कृषि विभाग ने साल 2012 में उनके गाँव अनंतपुर को ‘मशरूम ग्राम’ घोषित कर दिया। अनीता, जिन्हें अब 'मशरूम महिला' कहा जाता है, ने राष्ट्रीय बागवानी मिशन से 15 लाख रुपये की सब्सिडी प्राप्त कर एक स्पॉन (मशरूम के बीज) उत्पादन प्रयोगशाला भी बनाई है। साल 2023 तक, इस पहल से 250 से अधिक महिलाएं जुड़ चुकी हैं।

पेशेवरों और युवाओं के लिए मुनाफे का सौदा
मशरूम की खेती पढ़े-लिखे युवाओं को भी आकर्षित कर रही है। गुजरात के तापी जिले की सिविल इंजीनियर अंजनाबेन गामित ने केवीके से प्रशिक्षण लेकर 2017 में 15x10 फुट के छोटे शेड में खेती शुरू की थी। मात्र 11,000 रुपये की लागत से उन्हें 28,000 रुपये की आय हुई। बाद में उन्होंने अपना उत्पादन बढ़ाया और 3.09 लाख रुपये की आय प्राप्त की, जिसमें उन्हें 2.20 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ। वह सीधे आंगनवाड़ी और बाज़ारों में अपना माल बेचती हैं।

उत्तराखंड के देहरादून की आईटी पेशेवर हिरेशा वर्मा ने 2013 में एक छोटे से कमरे में 25 बैग और 2,000 रुपये के निवेश के साथ मशरूम उगाना शुरू किया था। केवीके और आईसीएआर-डीएमआर, सोलन से प्रशिक्षण लेने के बाद उन्होंने “हाँ एग्रोकेयर” नाम की कंपनी बनाई। आज उनके प्लांट में रोज़ाना 1,000 किलो मशरूम पैदा होता है। वह मशरूम से अचार, सूप, कुकीज़ और पापड़ जैसे उत्पाद भी बना रही हैं और अब तक 2,000 से अधिक पहाड़ी महिलाओं व किसानों को ट्रेनिंग दे चुकी हैं।

पहाड़ी क्षेत्रों के किसानों की आय हुई दोगुनी
उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के उदेरखानी गाँव के किसान मदन मोहन के पास पैसे की कमी थी। आईसीएआर-डीएमआर, अल्मोड़ा और केवीके की मदद से उनके खेत में एक पोर्टेबल पॉलीहाउस (पहाड़ी क्षेत्रों के लिए कम लागत का ढांचा) लगाया गया। उन्होंने मशरूम के साथ-साथ बेमौसम सब्ज़ियां (टमाटर, शिमला मिर्च आदि) भी उगाईं। इस मिश्रित खेती से उन्हें 41,250 रुपये की कमाई हुई, जो उनकी पुरानी खेती की आय से लगभग दोगुनी थी।

प्रशिक्षण में उत्पादन के ये गुर सीखाए जाते हैं
प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान किसानों को मशरूम उगाने के कुछ मुख्य चरण सिखाए जाते हैं, जैसे शरूम के बीज को खाद में मिलाने की प्रक्रिया, नमी बनाए रखने के लिए खाद के ऊपर मिट्टी की परत बिछाना और पिनिंग की अवस्था जब मिट्टी पर मशरूम की छोटी-छोटी आकृतियां (पिनहेड्स) दिखाई देने लगती हैं।


विज्ञापन
विज्ञापन