विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Karnataka Seeks Rs 22 400 Crore Drought Aid Writes To Pm And Union Ministers

कर्नाटक: उपमुख्यमंत्री ने पीएम व केंद्रीय मंत्रियों को लिखा पत्र, फिर मांगी 22,400 करोड़ रुपये की सूखा राहत

गांव जंक्शन डेस्क, बेंगलुरु Published by: Umashankar Mishra Updated Mon, 23 Nov 2026 08:57 PM IST
सार

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने केंद्र से 22,400.58 करोड़ रुपये की सूखा सहायता जल्द जारी करने की मांग दोहराई है। राज्य के 226 तालुकों में 57.93 लाख हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है और आर्थिक नुकसान 62,481.88 करोड़ रुपये आंका गया है। जानिए, विस्तार से...

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री एवं राजस्व मंत्री जी. परमेश्वर
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री एवं राजस्व मंत्री जी. परमेश्वर - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को अलग-अलग पत्र लिखकर सूखा राहत की मांग दोहराई। उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने तीनों नेताओं से मुलाकात का समय मांगा और राष्ट्रीय आपदा मोचन कोष (एनडीआरएफ) के तहत मांगी गई सहायता को जल्द मंजूरी देने की अपील की।

57.93 लाख हेक्टेयर में फसल को नुकसान
परमेश्वर ने पत्र में बताया कि राज्य के 226 तालुक सूखे से प्रभावित हैं। 57.93 लाख हेक्टेयर में फसल नुकसान हुआ है और अनुमानित आर्थिक क्षति 62,481.88 करोड़ रुपये है। राज्य सरकार ने 22,400.58 करोड़ रुपये की संशोधित सहायता मांग का ज्ञापन केंद्र को सौंपा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से राहत की पहली किस्त जारी कर दी है और प्रत्येक पात्र किसान को कम से कम 5,000 रुपये देने की घोषणा की है।

किसानों की आर्थिक स्थिति पर जताई चिंता
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सूखे से प्रभावित लाखों किसान परिवारों की आय खत्म हो गई है और उनकी बचत भी समाप्त हो रही है। उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के साथ कृषि ऋण चुकाने और अगली फसल की तैयारी में परेशानी हो रही है।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाएं राजनीतिक सीमाएं और वैचारिक मतभेद नहीं देखतीं। ऐसे समय में केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर किसानों की मदद करनी चाहिए। परमेश्वर ने केंद्र से बिना देरी के सहायता जारी करने की अपील की।
विज्ञापन
विज्ञापन