विज्ञापन
Home› Khabar Junction› India To Grow 7 In Fy27 El Nino May Push Food Prices Higher S P

अल नीनो से बढ़ सकती हैं खाद्य कीमतें: एसएंडपी ग्लोबल का 2026-27 में भारत की विकास दर 7 फीसदी रहने का अनुमान

गांव जंक्शन डेस्क, जयपुर Published by: Umashankar Mishra Updated Mon, 23 Nov 2026 08:28 PM IST
सार

एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने वित्त वर्ष 2026-27 और 2027-28 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 7 फीसदी रहने का अनुमान जताया है। एजेंसी ने अल नीनो, कम बारिश और जलाशयों में घटते जलस्तर के कारण खाद्य कीमतों और महंगाई पर दबाव बढ़ने की आशंका भी जताई है।

अल नीनो के चलते खाद्य महंगाई बढ़ने का खतरा।
अल नीनो के चलते खाद्य महंगाई बढ़ने का खतरा। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स के मुताबिक, भारत की अर्थव्यवस्था चालू और अगले वित्त वर्ष में 7 फीसदी की दर से बढ़ सकती है। एजेंसी ने भारत को 2027 में एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल किया है। एसएंडपी की एशिया-प्रशांत आर्थिक परिदृश्य रिपोर्ट के अनुसार, भारत और वियतनाम 2027 में इस क्षेत्र की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाएं हो सकती हैं।

निर्यात, सरकारी निवेश और खपत से विकास को सहारा
एजेंसी ने कहा कि जून और सितंबर तिमाही में भारत की आर्थिक वृद्धि को मजबूत वस्तु निर्यात, सरकारी निवेश और घरेलू खपत से समर्थन मिला। घरेलू खपत को बेहतर ऋण वृद्धि से भी बढ़ावा मिला।

भारत जुलाई-सितंबर तिमाही के जीडीपी आंकड़े 30 नवंबर को जारी करेगा। पिछले महीने भारतीय रिजर्व बैंक ने सितंबर तिमाही में 7.2 फीसदी विकास दर का अनुमान जताया था। वहीं, वित्त मंत्रालय की मासिक आर्थिक समीक्षा में यह अनुमान 7.35 फीसदी था।

अल नीनो से खाद्य महंगाई बढ़ने का खतरा
एसएंडपी के मुताबिक, अल नीनो के कारण भारत समेत एशिया-प्रशांत क्षेत्र के देशों में खाद्य कीमतें बढ़ सकती हैं। गर्मी के मौसम में कम बारिश, जलाशयों में घटता जलस्तर और अल नीनो की स्थिति मौजूदा कृषि उत्पादन तथा आगामी रबी फसल को प्रभावित कर सकती है।

एजेंसी ने कहा कि बढ़ती लागत का असर धीरे-धीरे उपभोक्ताओं तक पहुंच सकता है। चालू वित्त वर्ष में महंगाई औसतन 5.3 फीसदी रहने का अनुमान है, जबकि जोखिम ऊपर की ओर हैं। अक्तूबर में खुदरा महंगाई 6.1 फीसदी रही, जो आरबीआई की 2-6 फीसदी की सहनशीलता सीमा से अधिक है।

आरबीआई से ब्याज दर बढ़ाने की उम्मीद
एसएंडपी को उम्मीद है कि आरबीआई दिसंबर में नीतिगत ब्याज दर में 25 आधार अंकों की बढ़ोतरी कर सकता है। इसके बाद 2027 की शुरुआत में भी इतनी ही वृद्धि की संभावना जताई गई है। वित्त वर्ष 2027-28 में महंगाई घटकर 4.7 फीसदी रहने का अनुमान है।
विज्ञापन
विज्ञापन