विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Tight Arrivals Of New Pigeon Pea Tur Begin In Markets Prices Reach Up To 11 000 Production At Risk Of Shr

मंडियों में नई तुअर की तंग आवक शुरू : भाव ₹11,000 तक पहुंचे; सूखे के चलते उत्पादन 25 लाख टन तक सिमटने का खतरा

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Tue, 24 Nov 2026 06:44 PM IST
सार

  • कर्नाटक और महाराष्ट्र में सूखे से तुअर की फसल को भारी नुकसान।
  • कलबुर्गी में सामान्य उत्पादन के मुकाबले सिर्फ 10-15 फीसदी पैदावार की उम्मीद।
  • मंडियों में नई तुअर के दाम 8,000 से 11,000 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचे।
  • रकबा बढ़ने के बावजूद देश में तुअर उत्पादन 20-25 लाख टन रहने का अनुमान

बाजार में तुअर दाल की आवक शुरू,
बाजार में तुअर दाल की आवक शुरू, - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

खरीफ तुअर की आवक कर्नाटर और महाराष्ट्र की बड़ी मंडियों में पहुंच चुकी है। हालांकि इन दोनों राज्यों में सूखे का असर फसल पर साफ देखने को मिल रहा है। व्यापार और किसान संगठनों का कहना है कि सूखे के कारण मंडियों में तुअर आवक की मात्रा और गुणवत्ता दोनों पर असर पड़ा है।

कलबुर्गी में मात्र 10 से 15 फीसदी पैदावार की उम्मीद, दोबारा बुवाई भी नहीं आई काम
कर्नाटर के अहम तुअर उत्पादक जिले कलबुर्गी में फसल के मिजाज काफी नाजुक बने हुए हैं। जानकारों के अनुसार, सूखे ने इस साल तुअर की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है और किसानों को इस साल सामान्य के मुकाबले केवल 10 से 15 प्रतिशत फसल मिलने की ही उम्मीद है। उन्होंने बताया कि फसल सीजन की शुरुआत में लंबे समय तक बारिश न होने से बीज ठीक से अंकुरित नहीं हो पाए थे, जिसके चलते कलबुर्गी के कुछ इलाकों में किसानों को दोबारा बुवाई करनी पड़ी थी। दोबारा बोई गई फसल की स्थिति भी ठीक नहीं है और उसकी पैदावार पर भी गहरा असर पड़ा है। बसवराज इंगिन के मुताबिक, क्षेत्र के अधिकांश किसान अब सरकारी राहत का इंतजार कर रहे हैं।

मंडियों में 8,000 से 11,000 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचे तुअर के भाव
जानकारों ने बताया कि कलबुर्गी मंडी में शनिवार को खरीफ सीजन की नई तुअर की थोड़ी आवक दर्ज की गई, जहां फसल के दाम 8,000 रुपये से लेकर 11,000 रुपये प्रति क्विंटल के दायरे में रहे। वहीं, लातूर और सोलापुर जैसी मंडियों में सीमित मात्रा में तुअर फसल की आवक शुरू होने की जानकारी सामने आई है। जानकारों के अनुसार, आवक में दिसंबर के दौरान धीरे-धीरे तेजी के आसार हैं। इन मंडियों में फसल का दाम 10,500 रुपये से 11 हजार रुपये प्रति क्विंटल के आसपास चल रहा है।

सूखे के चलते तुअर का दाना छोटा, संक्रांति से पहले मांग में सुधार के आसार
लातूर के कारोबारी एन. कलंत्री के अनुसार, सूखे के प्रभाव के कारण इस वर्ष तुअर के दाने का आकार छोटा देखा जा रहा है, हालांकि शुष्क मौसम की वजह से फसल में नमी की कोई समस्या नहीं है। मांग की स्थिति पर उन्होंने बताया कि दिवाली के बाद से बाजार में तुअर की मांग में कुछ नरमी आई है, लेकिन दिसंबर के अंत तक मकर संक्रांति और पोंगल के त्योहारों से पहले इसमें दोबारा तेजी आने की उम्मीद है।

रकबा बढ़ने के बावजूद कुल उत्पादन घटकर 20 से 25 लाख टन रहने का अनुमान
आंकड़ों के मुताबिक, इस खरीफ सीजन में तुअर की कुल बुवाई का रकबा 2.83 प्रतिशत बढ़कर 47.25 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया था, जो पिछले साल 45.95 लाख हेक्टेयर था। हालांकि, रकबे में बढ़ोतरी के बावजूद कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे प्रमुख राज्यों में सूखे की मार के चलते पैदावार पर विपरीत असर पड़ा है। दलहन कारोबारियों के अनुसार, इन विपरीत परिस्थितियों के कारण देश भर में तुअर का कुल उत्पादन घटकर 20 से 25 लाख टन के दायरे में ही सिमटने का अनुमान लगाया जा रहा है।

तुअर के आयात में 38 प्रतिशत का उछाल, मोजांबिक और म्यांमार से सबसे अधिक आपूर्ति
व्यापारिक आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष जनवरी से सितंबर की अवधि के दौरान तुअर का कुल आयात लगभग 38 प्रतिशत बढ़कर 6.98 लाख टन दर्ज किया गया, जबकि बीते वर्ष की इसी अवधि में यह 5.07 लाख टन रहा था। आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि में सबसे अधिक 2.51 लाख टन से ज्यादा तुअर का आयात मोजांबिक से किया गया। इसके बाद म्यांमार से 1.76 लाख टन से अधिक, तंजानिया से 1.18 लाख टन, सूडान से 81,368 टन और अन्य देशों से 69,422 टन तुअर का आयात दर्ज किया गया।


विज्ञापन
विज्ञापन