बर्ड फ्लू के खिलाफ भारत में पहली स्वदेशी वैक्सीन लॉन्च हुई।
भोपाल स्थित ICAR-NIHSAD के वैज्ञानिकों ने इस वैक्सीन को विकसित किया है।
जानकारी के अनुसार, इस वैक्सी की कीमत 1 से 2 रुपये प्रति खुराक रखी गई है।
भारत में 2006 से अब तक बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप सामने आ चुके हैं।
2026 में ही बर्ड फ्लूे की वजह से करीब 2 लाख मुर्गियों की मौत हुई है।
भारत के पोल्ट्री उद्योग को मजबूती देते हुए शुक्रवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन लॉन्च की। यह वैक्सीन खासतौर से बर्ड फलू के H5N1 स्ट्रेन को टारगेट करती है, जो बीते सालों में देश के पोल्ट्री उद्योग को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंच चुका है।
कितनी है वैक्सीन की कीमत?
मुर्गी पालकों के लिए राहत की बात यह है कि इस वैक्सीन की कीमत महज एक से दो रुपये प्रति खुराद तय की गई है। भोपाल स्थित भाकृअनुप-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान के वैज्ञानिकों द्वारा तैयार इस वैक्सीन से पोल्ट्री क्षेत्र को बर्ड फलू के खिलाफ मजबूती मिलने की उम्मीद है।
देश में 2006 से अब तक बर्ड फ्लू के 500 से अधिक मामले
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में साल 2006 से अब तक बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप देखे जा चुके हैं। देश में इसका पहला मामला महाराष्ट्र के नवापुर में सामने आया था, जिसमें करीब 10 लाख मुर्गियों की मौत हुई थी। मंत्रालय के मुताबिक, इसके बाद वर्ष 2021 में लगभग 9 लाख मुर्गियों की जान गई, जबकि इस साल भी 2 लाख मुर्गियों की मौत हो चुकी है। यह बीमारी मुर्गीयों से स्तनधारियों और इंसानों तक को अपना शिकार बना सकती है। ऐसे में इसकी रोकथाम करना काफी अहम हो जाता है।
पशु रोगों से हर साल करीब 56,000 करोड़ का आर्थिक बोझ
शिवराज सिंह चौहान के अनुसार, पशुपालन क्षेत्र भारत की जीडीपी में 14 प्रतिशत का योगदार देता है, जबकि मुर्गी पालन का इसमें एक प्रतिशत हिस्सा है। . उन्होंने पशुधन को किसानों के लिए चलता फिरता एटीएम बताया जो किसानों कोक खेती संग आमदनी का दूसरा माध्यम खोलते हैं। मंत्री ने बताया कि खुरपका-मुंहपका रोग से सालाना 22,000 करोड़ रुपये, लंपी स्किन डिजीज से 20,000 करोड़ रुपये, ब्रुसेलोसिस से 9,212 करोड़ रुपये और पेस्ट डेस पेटिट्स रुमिनेंट्स (पीपीआर) से 4,683 करोड़ रुपये का नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि ये बीमारियां मिलकर देश पर हर साल लगभग 56,000 करोड़ रुपये का आर्थिक बोझ डालती हैं।
राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत 147.16 करोड़ मुफ्त खुराकें दी गईं
सरकार के टीकाकरण प्रयासों का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत खुरपका-मुंहपका रोग के खिलाफ अब तक 147.16 करोड़ मुफ्त खुराकें लगाई जा चुकी हैं और ब्रुसेलोसिस को भी नियंत्रित कर लिया गया है। इसके अलावा, शिवराज चौहान ने भाकृअनुप-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान को पशु स्वास्थ्य अनुसंधान के क्षेत्र में कई अन्य उपलब्धियों का श्रेय दिया, जिनमें गमबोरो रोग, ब्रुसेला एबॉर्टस एस-19 डेल्टा, क्लासिकल स्वाइन फीवर और अफ्रीकन स्वाइन फीवर के लिए स्वदेशी टीकों का विकास शामिल है।