केरल सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (मिल्मा) ने मवेशियों के लिए तैयार पशु आहार (कंपाउंड कैटल फीड) की कीमतों में बढ़ोतरी की वजह उत्पादन लागत में इजाफा बताया है। महासंघ के मुताबिक, कच्चे माल, पैकिंग सामग्री और परिवहन का खर्च बढ़ने से पशु आहार बनाना महंगा हो गया है। इसके अलावा मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों ने भी कच्चे माल की उपलब्धता को प्रभावित किया है।
मिल्मा के चेयरमैन केएस मणि ने कहा कि जरूरी कच्चे माल और पैकिंग सामग्री की कीमतों में असामान्य बढ़ोतरी के साथ ढुलाई का खर्च भी बढ़ा है। ऐसे में पशु आहार की कीमतों में बदलाव करना जरूरी हो गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि कीमतें बढ़ाने का उद्देश्य कारोबार से ज्यादा मुनाफा कमाना नहीं, बल्कि पशु आहार बनाने और उसकी आपूर्ति व्यवस्था को बनाए रखना है।
किसानों को 80 करोड़ रुपये की सब्सिडी
मणि के मुताबिक, मिल्मा ने डेयरी किसानों को राहत देने और राज्य के दुग्ध क्षेत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए वित्त वर्ष 2022-23 से अब तक करीब 80 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी है। उन्होंने बताया कि उत्पादन लागत लगातार बढ़ने के बावजूद मिल्मा लंबे समय तक इसका बोझ खुद उठाने की कोशिश करता रहा। नवंबर 2022 के बाद पहली बार कंपाउंड कैटल फीड की बिक्री कीमतों में बदलाव किया गया है।
अल नीनो और कम बारिश से कच्चे माल की कमी
मिल्मा ने पशु आहार के कच्चे माल की कमी के पीछे कई कारण बताए हैं। इनमें अल नीनो का प्रभाव, इस साल सामान्य से कम बारिश, मध्य पूर्व में जारी संघर्ष और औद्योगिक क्षेत्र में कच्चे माल की बढ़ती मांग शामिल हैं। इन वजहों से पशु आहार बनाने में इस्तेमाल होने वाले जरूरी कच्चे माल की खरीद को लेकर कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ गई है। इसका असर उत्पादन लागत पर पड़ रहा है।
लागत घटाने के लिए नए विकल्प तलाश रहा मिल्मा
मिल्मा का कहना है कि पशु आहार की उत्पादन लागत कम करने के लिए कई उपायों पर काम किया जा रहा है। इसमें किसानों को अतिरिक्त सब्सिडी देना, कच्चे माल की बेहतर खरीद व्यवस्था बनाना और उत्पादन प्रक्रिया में सुधार करना शामिल है।
इसके अलावा पशुओं के पोषण से समझौता किए बिना वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित वैकल्पिक खाद्य सामग्री के इस्तेमाल की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। महासंघ का प्रयास है कि बढ़ती लागत के बीच पशु आहार की गुणवत्ता बनाए रखते हुए डेयरी किसानों को राहत दी जा सके।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।