मशरूम की खेती से कमाई और स्वरोजगार शुरू करने की तैयारी कर रहे किसानों के लिए अच्छी खबर है। हिमाचल प्रदेश के सोलन स्थित खुंब निदेशालय (डीएमआर) में अब कीड़ा जड़ी मशरूम (कॉर्डिसेप्स) का कल्चर 10 हजार रुपये में उपलब्ध होगा। बाजार में इस मशरूम की कीमत एक लाख रुपये प्रति किलो तक बताई जाती है। इसके अलावा औषधीय और खाने वाली दूसरी मशरूम के कल्चर का शुल्क 2,000 रुपये तय किया गया है। इससे किसान और नए उद्यमी वैज्ञानिक तरीके से मशरूम की खेती शुरू कर सकेंगे।
पहले खुंब निदेशालय में कीड़ा जड़ी मशरूम का कल्चर करीब 6 से 7 हजार रुपये में मिलता था। अब इसकी कीमत बढ़ाकर 10 हजार रुपये कर दी गई है। संस्थान का उद्देश्य अच्छी गुणवत्ता वाले मशरूम कल्चर उपलब्ध कराकर उत्पादन और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।
कल्चर बैंक में 4,464 मशरूम कल्चर सुरक्षित
सोलन स्थित खुंब निदेशालय के कल्चर बैंक में अलग-अलग प्रजातियों के कुल 4,464 मशरूम कल्चर सुरक्षित रखे गए हैं। इनमें औषधीय मशरूम, ढिंगरी और बटन मशरूम सहित कई किस्में शामिल हैं। इसके अलावा संस्थान में 2,642 जंगली मशरूम प्रजातियों के संरक्षण और उन पर शोध का काम भी किया जा रहा है। संस्थान के विशेषज्ञों के अनुसार, सभी कल्चर को वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित रखा जाता है। किसान और उद्यमी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी जरूरत के अनुसार इनका कल्चर प्राप्त कर सकते हैं।
4 डिग्री तापमान पर सुरक्षित रखते हैं कल्चर
निदेशालय के विशेषज्ञ डॉ. परमेश के मुताबिक, मशरूम के कल्चर को चार डिग्री सेल्सियस तापमान पर सुरक्षित रखा जाता है। प्रत्येक कल्चर की चार से पांच प्रतियां अलग-अलग ट्यूब में तैयार की जाती हैं। ऐसा इसलिए किया जाता है, ताकि किसी एक नमूने के खराब होने या उसमें संक्रमण लगने पर बाकी नमूनों को सुरक्षित रखा जा सके। कल्चर को जीवित और सक्रिय बनाए रखने के लिए हर दो महीने में उनका दोबारा रिवाइवल किया जाता है। इससे लंबे समय तक अच्छी गुणवत्ता वाले कल्चर का संरक्षण संभव होता है।
क्या होता है मशरूम कल्चर?
मशरूम कल्चर को इसकी खेती का मूल बीज या मास्टर बीज कहा जाता है। इसे प्रयोगशाला में अच्छी गुणवत्ता वाली मशरूम के ऊतक या बीजाणुओं से तैयार किया जाता है। इन जीवित कोशिकाओं को पोषक माध्यम में विकसित करके कल्चर बनाया जाता है।
इसी कल्चर से आगे स्पॉन तैयार किया जाता है। इसके बाद स्पॉन को खाद या भूसे में मिलाकर मशरूम उगाई जाती है। इसलिए अच्छी गुणवत्ता वाला कल्चर मशरूम की सफल खेती के लिए सबसे जरूरी शुरुआती सामग्री है।
किसानों तक वैज्ञानिक तकनीक पहुंचाना लक्ष्य
खुंब निदेशालय के कार्यकारी निदेशक डॉ. बृज लाल अत्री ने बताया कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य मशरूम की अच्छी किस्मों के कल्चर को सुरक्षित रखना और किसानों तक वैज्ञानिक तकनीक पहुंचाना है।इस पहल से किसानों और ग्रामीण युवाओं को मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे। साथ ही, औषधीय और खाने वाली मशरूम की खेती को बढ़ावा देकर स्वरोजगार और कमाई के नए रास्ते तैयार किए जा सकेंगे।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।