विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Gopal Ratna Awards And Climate Resilience Roadmap To Be Launched On National Milk Day

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस: गोपाल रत्न पुरस्कार प्रदान करेगी सरकार, पशुधन क्षेत्र के लिए जलवायु रोडमैप होगा जारी

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Tue, 24 Nov 2026 05:55 PM IST
सार

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर पटना में गोपाल रत्न पुरस्कार दिए जाएंगे और पशुधन क्षेत्र के लिए जलवायु अनुकूलन रोडमैप जारी होगा। दूध प्रसंस्करण, पशु आहार और डेयरी सहकारी समितियों से जुड़ी परियोजनाएं भी शुरू होंगी।

राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार पशुधन और डेयरी क्षेत्र के प्रमुख सम्मानों में शामिल हैं। साल 2024 में हरियाणा की रेणु को मिला गोपाल रत्न अवार्ड।
राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार पशुधन और डेयरी क्षेत्र के प्रमुख सम्मानों में शामिल हैं। साल 2024 में हरियाणा की रेणु को मिला गोपाल रत्न अवार्ड। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार पटना में राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार प्रदान करेगी। इसके साथ ही पशुधन और डेयरी क्षेत्र के लिए जलवायु अनुकूलन रोडमैप जारी किया जाएगा और डेयरी से जुड़ी कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा।

कार्यक्रम में केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह मुख्य अतिथि होंगे। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल और बिहार के डेयरी एवं मत्स्य मंत्री नंद किशोर राम भी शामिल होंगे।

तीन श्रेणियों में दिए जाएंगे गोपाल रत्न पुरस्कार
राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार पशुधन और डेयरी क्षेत्र के प्रमुख सम्मानों में शामिल हैं। इनके जरिये देशी गाय और भैंस की नस्लों के संरक्षण, डेयरी विकास और उत्पादकता बढ़ाने के लिए किए गए कार्यों को सम्मानित किया जाता है।

ये पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए जाएंगे। इनमें देशी नस्लों का पालन करने वाले डेयरी किसान, कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन तथा डेयरी सहकारी समितियां और उत्पादक संगठन शामिल हैं। पूर्वोत्तर और हिमालयी राज्यों के विजेताओं को विशेष पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

पटना-मुजफ्फरपुर में खुलेंगे मिनरल मिक्सचर प्लांट
राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम के तहत पटना और मुजफ्फरपुर में मिनरल मिक्सचर संयंत्रों का उद्घाटन किया जाएगा। समस्तीपुर स्थित मिथिला मिल्क यूनियन में अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र भी शुरू होगा। इसके अलावा डेयरी सहकारी समितियों के लिए दूध संग्रह और डेटा प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित की जाएंगी।

पटना के पास बिहटा में नमस्ते इंडिया के प्रतिदिन दो लाख लीटर क्षमता वाले दूध प्रसंस्करण संयंत्र को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। यह संयंत्र पशुपालन अवसंरचना विकास कोष की सहायता से बनाया गया है। पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत पशु चिकित्सा दवा बिक्री केंद्रों के लिए प्रमाणपत्र भी वितरित किए जाएंगे।

डेयरी सहकारी समितियों की रेटिंग के लिए पोर्टल
कार्यक्रम में डेयरी सहकारी समितियों और दुग्ध उत्पादक संगठनों की रेटिंग एवं ग्रेडिंग के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) और ऑनलाइन पोर्टल जारी किया जाएगा। सरकार के मुताबिक, इससे पारदर्शिता और कामकाज की गुणवत्ता बेहतर होगी।

इस अवसर पर 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य के तहत भारत के पशुधन और डेयरी क्षेत्र के लिए जलवायु अनुकूलन रोडमैप भी जारी होगा। इसके साथ बुनियादी पशुपालन सांख्यिकी 2026 प्रकाशित की जाएगी।

ये आंकड़े 1 मार्च 2025 से 28 फरवरी 2026 तक किए गए सर्वेक्षण पर आधारित हैं। इनमें दूध, अंडा, मांस और ऊन उत्पादन, राज्यों के हिसाब से उत्पादन तथा प्रति व्यक्ति उपलब्धता के अनुमान शामिल होंगे।

कार्यक्रम में प्रगतिशील डेयरी किसानों के साथ संवाद, सुधा ब्रांड की मखाना खीर और रबड़ी की शुरुआत तथा सुधा बिक्री केंद्रों के लिए चाबियां सौंपने जैसे आयोजन भी होंगे।
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस श्वेत क्रांति के जनक वर्गीज कुरियन की जयंती पर मनाया जाता है। उनके प्रयासों से भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बना।
विज्ञापन
विज्ञापन