विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Fifi Connects Indian Seafood Exporters With Global Buyers Initiates Over Usd 2 Million Trade Discussions

समुद्री खाद्य उत्पादों का बढ़ेगा वैश्विक बाजार : जर्मन खरीदारों से 20 लाख डॉलर के कारोबार को लेकर बातचीत

गांव जंक्शन डेस्क, कोच्चि Published by: Umashankar Mishra Updated Tue, 24 Nov 2026 06:06 PM IST
सार

भारतीय खाद्य आयातकों के मंच (FIFI) के कारोबारी कार्यक्रम में भारतीय समुद्री खाद्य निर्यातकों और विदेशी खरीदारों के बीच 120 से अधिक बैठकें हुईं। 20 लाख डॉलर से अधिक के संभावित कारोबार पर बातचीत शुरू हुई है। जानिए, विस्तार से...

वैश्विक मछली उत्पादन में भारत की करीब 8 फीसदी हिस्सेदारी
वैश्विक मछली उत्पादन में भारत की करीब 8 फीसदी हिस्सेदारी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय खाद्य आयातकों के मंच (FIFI) ने जर्मनी के उद्योग संगठनों, जर्मन दूतावास और समुद्री उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (MPEDA) के सहयोग से भारतीय समुद्री खाद्य उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने के लिए एक कारोबारी कार्यक्रम आयोजित किया। आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और केरल के कोच्चि में आयोजित इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, जर्मन उद्योग प्रतिनिधियों, भारतीय निर्यातकों और प्रसंस्करण इकाइयों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान 120 से अधिक लक्षित कारोबारी बैठकें, औद्योगिक इकाइयों के दौरे और व्यापारिक चर्चाएं हुईं। आयोजकों के मुताबिक, 20 लाख डॉलर से अधिक के कारोबार को लेकर बातचीत शुरू हुई है। कई अनुबंधों और कारोबारी साझेदारियों पर बातचीत आगे बढ़ रही है।

वैश्विक मछली उत्पादन में करीब 8 फीसदी हिस्सेदारी
भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मछली उत्पादक देश है और वैश्विक मछली उत्पादन में इसकी हिस्सेदारी करीब 8 फीसदी है। समुद्री खाद्य क्षेत्र देश की कृषि-खाद्य अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।

वित्त वर्ष 2024-25 में भारत ने 16,98,170 मीट्रिक टन समुद्री खाद्य उत्पादों का निर्यात किया, जिनकी कुल कीमत 62,408.45 करोड़ रुपये यानी 7.45 अरब डॉलर रही। इस कारोबार से तटीय समुदायों, मछुआरों, जलीय कृषि करने वाले किसानों, प्रसंस्करण इकाइयों, पैकेजिंग और निर्यात से जुड़े लाखों लोगों की आजीविका जुड़ी है।

भारतीय झींगे को लेकर धारणा बदलने की कोशिश
FIFI के संस्थापक और निदेशक अमित लोहानी ने कहा कि संगठन ने जर्मन खरीदारों के बीच भारतीय झींगे की छवि बदलने का प्रयास किया है। जर्मनी के खरीदार पहले मुख्य रूप से इक्वाडोर और थाईलैंड के उत्पादों पर निर्भर रहते थे। उन्होंने कहा कि भारत को विदेशी उत्पादों के आयात के साथ अपने खाद्य उत्पादों, सामग्री और पैकेज्ड वस्तुओं के लिए भी अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अवसर पैदा करने चाहिए।

MPEDA के साथ व्यापारिक सहयोग पर चर्चा
कार्यक्रम के तहत MPEDA के अध्यक्ष पी. जवाहर के कार्यालय में द्विपक्षीय उद्योग चर्चा आयोजित की गई। इसमें FIFI के संस्थापक निदेशक अमित लोहानी और राकेश बांगा, भारत में जर्मन दूतावास के कृषि एवं खाद्य विभाग के प्रमुख वोल्कर क्लाइमा तथा जर्मन मछली थोक विक्रेता संघ के प्रतिनिधि फैबियन शेफर शामिल हुए। बैठक में भारत की समुद्री खाद्य मूल्य श्रृंखला की संभावनाओं, उद्योगों के बीच सहयोग और निर्यात बढ़ाने के उपायों पर चर्चा हुई।

इस दौरान 1 से 3 जुलाई 2027 तक चेन्नई में आयोजित होने वाले 'सीफूड एक्सपो भारत' का भी उल्लेख किया गया। इसका आयोजन MPEDA करेगा। इसमें समुद्री खाद्य क्षेत्र से जुड़े उद्योगों, अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, तकनीक प्रदाताओं और निर्यातकों को एक मंच पर लाने की योजना है।
विज्ञापन
विज्ञापन