विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Keralam To Promote Tuber Crops As Intercrops Under New Nutri Tuber Scheme

केरल : अंतरवर्ती फसल के रूप में कंद वाली फसलों की खेती बढ़ाने की तैयारी, 'न्यूट्री ट्यूबर केरलम' योजना शुरू

गांव जंक्शन डेस्क, तिरुवनंतपुरम Published by: Umashankar Mishra Updated Tue, 24 Nov 2026 06:18 PM IST
सार

केरल सरकार अंतरवर्ती फसल के रूप में कंद फसलों की खेती बढ़ाने के लिए 'न्यूट्री ट्यूबर केरलम' योजना लागू करेगी। कृषि में एआई, ड्रोन, कार्बन क्रेडिट और स्कूलों में कृषि क्लबों के विस्तार पर भी जोर दिया जाएगा।

पोषण एवं स्वास्थ्य में सुधार के लिए 'न्यूट्री ट्यूबर केरलम' योजना लागू करेगी राज्य सरकार।
पोषण एवं स्वास्थ्य में सुधार के लिए 'न्यूट्री ट्यूबर केरलम' योजना लागू करेगी राज्य सरकार। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केरल सरकार खाद्य आत्मनिर्भरता बढ़ाने और लोगों के पोषण एवं स्वास्थ्य में सुधार के लिए 'न्यूट्री ट्यूबर केरलम' योजना लागू करेगी। इसके तहत दूसरी फसलों के साथ अंतरवर्ती फसल के रूप में कंद फसलों की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।

कृषि मंत्री टी. सिद्दीकी ने मंगलवार को श्रीकार्यंम स्थित ICAR-केंद्रीय कंद फसल अनुसंधान संस्थान (CTCRI) में राज्य स्तरीय कंद फसल दिवस समारोह का उद्घाटन करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस योजना को कृषि भवनों, आदिवासी समुदायों और किसानों के सहयोग से लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य खाद्य उत्पादन बढ़ाने के साथ पौष्टिक भोजन की आदतों को प्रोत्साहित करना है।

खानपान में बदलाव और कीटनाशकों के इस्तेमाल पर चिंता
कृषि मंत्री ने कहा कि खानपान की बदलती आदतों और सब्जियों में कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल का लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है। खाद्य पदार्थों में कीटनाशकों के अवशेष कैंसर, किडनी संबंधी बीमारियों और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों में वृद्धि की वजह बन रहे हैं। इसके चलते लोगों को इलाज पर अधिक खर्च करना पड़ रहा है। उन्होंने लोगों से 'मेरा भोजन, मेरी जिम्मेदारी' की सोच अपनाने और कंद फसलों की खेती करने की अपील की।

स्कूलों से कॉलेजों तक पहुंचेंगे कृषि क्लब
सरकार अगले शैक्षणिक सत्र में 'कथिर' कृषि क्लबों की संख्या 500 स्कूलों से बढ़ाकर 5,000 करने की योजना बना रही है। कॉलेजों और सूचना प्रौद्योगिकी संस्थानों में भी कृषि क्लब शुरू किए जाएंगे। मंत्री ने बताया कि कृषि क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ग्रेस मार्क्स देने पर भी विचार किया जा रहा है।

कृषि में एआई और ड्रोन का इस्तेमाल बढ़ाने की तैयारी
केरल सरकार कृषि उत्पादों के निर्यात और मूल्यवर्धित उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने के लिए विदेशी कंपनियों की भागीदारी वाला बड़ा बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) कृषि एक्सपो आयोजित करेगी।

मंत्री ने कहा कि कृषि में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), ड्रोन और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) जैसी आधुनिक तकनीकों को शामिल करने की योजना है। किसानों को कार्बन क्रेडिट का लाभ दिलाने के लिए कार्बन क्रेडिट सेल भी स्थापित किया जाएगा।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ कंद फसल किसान का पुरस्कार पाने वाले अंबलवायल के के. बाबू और अन्य उत्कृष्ट कृषि कर्मियों को सम्मानित किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन