भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) खेती में नई तकनीकों और वैज्ञानिक शोध को बढ़ावा देने के लिए 27 से 29 अक्टूबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले उभरते विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार सम्मेलन (ESTIC-2026) में भाग लेगी। सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), रोबोटिक्स, डिजिटल कृषि, फसल सुधार, जीन एडिटिंग और टिकाऊ खेती से जुड़ी प्रगति को सामने रखा जाएगा।
इस सम्मेलन से पहले ICAR 15 अक्टूबर को हरियाणा के करनाल स्थित केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान (CSSRI) में परिचयात्मक कार्यक्रम और मीडिया संवाद आयोजित करेगा। इसमें कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE) के सचिव और ICAR के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट सम्मेलन में ICAR की भूमिका पर विचार रखेंगे।
कृषि तकनीक और खाद्य प्रणाली पर होगा विशेष सत्र
ESTIC-2026 में कृषि तकनीक, खाद्य प्रणाली और पोषण पर विशेष सत्र 29 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। इसमें कृषि अनुसंधान, नई तकनीकों और नवाचारों के योगदान पर चर्चा होगी। सत्र में मुख्य संबोधन के अलावा डीप-टेक स्टार्टअप के प्रमुखों, एक महिला उद्यमी और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र के विशेषज्ञों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके बाद पैनल चर्चा भी आयोजित की जाएगी।
इस सत्र की अध्यक्षता DARE के सचिव एवं ICAR के महानिदेशक तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के सचिव करेंगे। ICAR के भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI), राष्ट्रीय पादप जैव प्रौद्योगिकी संस्थान और राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक भी सम्मेलन में वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
खेती में नई तकनीकों और शोध का होगा प्रदर्शन
ICAR सम्मेलन की प्रदर्शनी में कृषि तकनीक, खाद्य प्रणाली और पोषण से जुड़े अपने नवाचारों को प्रदर्शित करेगा। इसमें AI, रोबोटिक्स, डिजिटल खेती, फसलों की उन्नत किस्में विकसित करने, जीन एडिटिंग और टिकाऊ कृषि प्रणालियों में हुई प्रगति को प्रमुखता दी जाएगी। इस आयोजन का उद्देश्य कृषि अनुसंधान को नई तकनीकों से जोड़ना और खेती तथा खाद्य प्रणालियों को अधिक टिकाऊ बनाने के लिए सहयोग बढ़ाना है।
क्या है ESTIC-2026?
ESTIC-2026 विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार से जुड़ा तीन दिवसीय सम्मेलन है। इसका आयोजन भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय के मार्गदर्शन में वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) कर रही है। राष्ट्रीय अंतःविषयक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (NIIST) आयोजन में भागीदार है।
सम्मेलन में विभिन्न मंत्रालयों और वैज्ञानिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ शोधकर्ता, उद्योग जगत के विशेषज्ञ, नीति निर्माता, निवेशक, डीप-टेक स्टार्टअप और वैश्विक विशेषज्ञ शामिल होंगे। इसका उद्देश्य नई तकनीकों और शोध को सामने लाना तथा विकसित भारत@2047 के लक्ष्य के अनुरूप विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देना है। ICAR की भागीदारी से कृषि अनुसंधान, नई तकनीकों और टिकाऊ खाद्य प्रणालियों पर चर्चा को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।