विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Drought Hits Maharashtra Kharif Pulses Production Expected Decline By 58 Tur Mung Urad Harvests Expected Less

महाराष्ट्र में सूखे की मार: खरीफ दलहन उत्पादन 58% घटने का अनुमान, अरहर-मूंग-उड़द की फसल होगी आधी से भी कम

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 25 Nov 2026 12:11 PM IST
सार

  • दलहन उत्पादन में बड़ी गिरावट: महाराष्ट्र में खरीफ 2026-27 के दौरान कुल दलहन उत्पादन 58% घटकर 6.95 लाख टन रहने का अनुमान।

  • अरहर की पैदावार घटेगी: अरहर उत्पादन में 56% गिरावट का अनुमान, इस साल 5.38 लाख टन उत्पादन रह सकता है।

  • मूंग को भारी नुकसान: मूंग उत्पादन 62% घटकर 49 हजार टन रहने की आशंका।

  • उड़द सबसे ज्यादा प्रभावित: उड़द उत्पादन में 73% से अधिक गिरावट का अनुमान, पैदावार 63 हजार टन रह सकती है।

दलहन उत्पादन
दलहन उत्पादन - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र में इस साल खरीफ फसलों पर सूखे की भारी मार पड़ी है। अल नीनो के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश की कमी के कारण दलहन उत्पादन में बड़ी गिरावट आने का अनुमान है। कृषि विभाग के पहले अग्रिम अनुमान के मुताबिक, खरीफ सीजन 2026-27 में महाराष्ट्र में कुल दलहन उत्पादन 58 फीसदी घटकर 6.95 लाख टन रह सकता है। पिछले साल राज्य में 16.53 लाख टन दलहन का उत्पादन हुआ था। इस गिरावट की मुख्य वजह अरहर, मूंग और उड़द की फसलों को हुआ नुकसान है। इसके साथ ही दलहन की कुल बुवाई का रकबा भी 13 फीसदी घटा है।

महाराष्ट्र कृषि विभाग के पहले अग्रिम अनुमान के अनुसार, इस साल अरहर का उत्पादन 56 फीसदी घटकर 5.38 लाख टन रहने का अनुमान है। पिछले साल इसका उत्पादन 12.16 लाख टन था। हालांकि, अरहर की बुवाई का रकबा लगभग स्थिर रहा। इस साल 12.26 लाख हेक्टेयर में अरहर की बुवाई हुई, जबकि पिछले साल यह 12.27 लाख हेक्टेयर था।

मूंग की फसल को भी बड़ा नुकसान होने का अनुमान है। इस साल इसका उत्पादन 62 फीसदी घटकर 49 हजार टन रह सकता है, जबकि पिछले साल 1.28 लाख टन मूंग पैदा हुई थी। मूंग की बुवाई का रकबा भी करीब 29 फीसदी घटकर 1.51 लाख हेक्टेयर रह गया, जो पिछले साल 2.13 लाख हेक्टेयर था।

उड़द उत्पादन में 73 फीसदी से ज्यादा गिरावट का अनुमान
महाराष्ट्र में उड़द की फसल पर सूखे का सबसे ज्यादा असर पड़ने की आशंका है। इस साल उड़द का उत्पादन 73 फीसदी से ज्यादा घटकर 63 हजार टन रहने का अनुमान है। पिछले साल राज्य में 2.38 लाख टन उड़द का उत्पादन हुआ था।

उड़द की बुवाई का रकबा भी करीब 48 फीसदी घटकर 2.01 लाख हेक्टेयर रह गया है। पिछले साल यह 3.86 लाख हेक्टेयर था। वहीं, अन्य दलहनी फसलों का उत्पादन भी करीब 38 फीसदी घटकर 44 हजार टन रहने का अनुमान है। पिछले साल इन फसलों का उत्पादन 71 हजार टन था। कुल मिलाकर, इस साल राज्य में दलहन की बुवाई 18.95 लाख हेक्टेयर से घटकर 16.48 लाख हेक्टेयर रह गई है। यानी पिछले साल के मुकाबले करीब 13 फीसदी कम क्षेत्र में दलहन की खेती हुई है।

तिलहन समेत दूसरी खरीफ फसलों पर भी सूखे की मार
महाराष्ट्र में सूखे का असर सिर्फ दलहन तक सीमित नहीं है। धान, ज्वार, बाजरा और मक्का जैसी दूसरी खरीफ फसलों का उत्पादन भी घटने का अनुमान है। कृषि विभाग के अनुमान के मुताबिक, इस साल खरीफ धान का उत्पादन 16 फीसदी घटकर 24.61 लाख टन रह सकता है। पिछले साल यह 29.47 लाख टन था। ज्वार का उत्पादन 73 हजार टन से घटकर 30 हजार टन रहने का अनुमान है। वहीं, बाजरे का उत्पादन भी 3.69 लाख टन से घटकर 1.58 लाख टन रह सकता है।

मक्का की फसल को भी बड़ा नुकसान होने की आशंका है। इसका उत्पादन 63 फीसदी घटकर 14.45 लाख टन रहने का अनुमान है, जबकि पिछले साल 39.58 लाख टन मक्का पैदा हुआ था। तिलहन फसलों की स्थिति भी अच्छी नहीं है। इस साल मूंगफली का उत्पादन 27 फीसदी घटकर 1.33 लाख टन और सोयाबीन का उत्पादन करीब 56 फीसदी घटकर 21.20 लाख टन रहने का अनुमान है। पिछले साल राज्य में 48.42 लाख टन सोयाबीन और 1.82 लाख टन मूंगफली का उत्पादन हुआ था। कुल तिलहन उत्पादन भी 50.32 लाख टन से घटकर 22.59 लाख टन रह सकता है।

गन्ना और कपास उत्पादन में भी गिरावट
सूखे का असर महाराष्ट्र की नकदी फसलों पर भी पड़ने की आशंका है। इस साल राज्य में गन्ने का उत्पादन घटकर 10.15 करोड़ टन रहने का अनुमान है, जबकि पिछले साल 13.16 करोड़ टन गन्ना पैदा हुआ था। वहीं, कपास का उत्पादन भी घटकर 48.85 लाख गांठ रहने का अनुमान है। पिछले साल राज्य में 79.53 लाख गांठ कपास का उत्पादन हुआ था। प्रत्येक गांठ का वजन 170 किलोग्राम माना गया है।

कृषि विभाग के इन शुरुआती अनुमानों से साफ है कि इस साल सूखे ने महाराष्ट्र की खरीफ फसलों को बड़े पैमाने पर प्रभावित किया है। दलहन, तिलहन से लेकर गन्ने और कपास तक, ज्यादातर प्रमुख फसलों के उत्पादन में गिरावट की आशंका है।
विज्ञापन
विज्ञापन