भारत में कॉफी उत्पादक किसानों को इन दिनों कीमतों में गिरावट का सामना करना पड़ रहा है। वैश्विक बाजार में कॉफी की कीमतें कमजोर होने का असर अब किसानों को मिलने वाले दाम पर भी दिखने लगा है। कर्नाटक में अक्टूबर 2026 से शुरू हुए नए विपणन सीजन (2026-27) के बाद से कॉफी की अलग-अलग किस्मों की कीमतों में 5 से 19 फीसदी तक गिरावट आई है। खास बात यह है कि इस समय किसान अरेबिका कॉफी की कटाई कर रहे हैं। ऐसे में कीमतें गिरने से उनकी चिंता बढ़ गई है।
ब्राजील और वियतनाम में उत्पादन बढ़ने की उम्मीद से गिरे दाम
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉफी की कीमतें पिछले कुछ हफ्तों से कमजोर हो रही हैं। इसकी बड़ी वजह ब्राजील और वियतनाम में उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है। ये दोनों देश दुनिया के सबसे बड़े कॉफी उत्पादक हैं। अनुकूल मौसम और वियतनाम की नई फसल बाजार में आने से भी कीमतों पर दबाव बढ़ा है। वियतनाम में इस बार कॉफी उत्पादन करीब 5 फीसदी अधिक रहने का अनुमान है।
इसके अलावा भारतीय बाजार में रुपये की मजबूती और मांग कमजोर रहने से भी कॉफी की कीमतों में गिरावट आई है। यूपीएएसआई (UPASI) की कॉफी समिति के अध्यक्ष सहदेव बालकृष्ण के मुताबिक, अरेबिका कॉफी की कीमतों में पिछले कुछ हफ्तों में तेज गिरावट आई है। यह समय भारतीय किसानों के लिए कटाई का है। उन्होंने कहा कि मजदूरी और खेती में इस्तेमाल होने वाली चीजों की लागत काफी बढ़ गई है, जबकि किसानों को मिलने वाली कीमतें घट रही हैं।
जल्दी पक गई फसल, मांग भी कमजोर
इस साल प्रमुख कॉफी उत्पादक क्षेत्रों में कम बारिश और सूखे मौसम के कारण अरेबिका कॉफी के फल जल्दी पक गए। इसके चलते कटाई भी सामान्य समय से पहले शुरू हो गई। कर्नाटक के कोडागु जिले के गोनिकोप्पा में कॉफी कारोबारी प्रमोद सोमैया के अनुसार, नई फसल बाजार में आने और कटाई शुरू होने के साथ ही कीमतों पर दबाव बना हुआ है। बाजार में मांग कमजोर है। ऐसे में किसान भी जल्दबाजी में अपनी उपज नहीं बेच रहे हैं। वे जरूरत पड़ने पर ही कॉफी बेच रहे हैं।
निर्यातकों की ओर से भी मांग कमजोर बनी हुई है। बाजार में बड़ी बहुराष्ट्रीय कंपनियां सक्रिय नहीं हैं। वहीं, व्यापारियों के पास पहले से महंगे दाम पर खरीदी गई कॉफी का स्टॉक मौजूद है। इसलिए वे केवल अपनी तत्काल जरूरत के हिसाब से खरीदारी कर रहे हैं। हालांकि, खाड़ी देशों में कुछ मात्रा में कॉफी का निर्यात जारी है।
बाजार में बढ़ता स्टॉक भी कीमतों पर डाल रहा दबाव
कॉफी बाजार में कीमतें गिरने की एक और वजह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्टॉक बढ़ना है। एग्रानी कॉफी एंड कमोडिटीज के प्रवीण कोलिमारला के मुताबिक, लंबे समय तक कम रहने के बाद अब प्रमाणित कॉफी स्टॉक में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। ब्राजील से नई खेप आने के कारण भी बाजार में उपलब्धता बढ़ी है।
इसके अलावा वियतनाम और युगांडा से रोबस्टा कॉफी की बिक्री बढ़ने से भी कीमतों पर दबाव बना हुआ है। अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉफी का स्टॉक इसी तरह बढ़ता रहा, तो आने वाले समय में कीमतों में गिरावट जारी रह सकती है।
भारत में कॉफी उत्पादन बढ़ने का अनुमान
कॉफी बोर्ड ने 2026-27 के लिए भारत में कॉफी उत्पादन 4.04 लाख टन रहने का शुरुआती अनुमान लगाया है। इसमें 1.20 लाख टन अरेबिका और 2.84 लाख टन रोबस्टा कॉफी शामिल है। वहीं, 2025-26 में देश में कुल 3.73 लाख टन कॉफी का उत्पादन हुआ था। इसमें 1.11 लाख टन अरेबिका और 2.62 लाख टन रोबस्टा कॉफी शामिल थी। इस तरह नए सीजन में कॉफी उत्पादन बढ़ने का अनुमान है। हालांकि, वैश्विक बाजार में कीमतों की कमजोरी और घरेलू मांग में सुस्ती के कारण किसानों को अपनी उपज का बेहतर दाम मिलने की चुनौती बनी हुई है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।