बिहार में ठंड के मौसम में फल, फूल और सब्जियों की नर्सरी लगाने वाले किसानों को पादगलन और आर्द्रगलन रोग से नुकसान हो रहा है। इस बीमारी के कारण छोटे पौधे जमीन की सतह के पास से गलकर सूखने लगते हैं। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार सिंह ने किसानों को इस बीमारी से पौधों को बचाने के लिए जरूरी सावधानियां बरतने और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने की सलाह दी है।
नर्सरी में तेजी से फैलता है रोग
किसान ठंड के मौसम में फल, फूल और सब्जियों की खेती के लिए नर्सरी तैयार कर रहे हैं। कई किसानों ने पहले ही बीज बो दिए हैं और उनके पौधे निकलने भी लगे हैं। लेकिन पादगलन और आर्द्रगलन रोग के कारण छोटे पौधे जमीन की सतह से गलकर खत्म हो रहे हैं। कृषि वैज्ञानिक के अनुसार, यह नर्सरी में होने वाली आम बीमारी है। यह मुख्य रूप से सब्जियों के बीज बोने के समय पौधों को प्रभावित करती है। मृदा जनित कवक के कारण होने वाला यह रोग अंकुरित पौधों को तेजी से नुकसान पहुंचाता है।
टमाटर, मिर्च और पपीते के पौधे प्रभावित
इस बीमारी को समय रहते पहचानना जरूरी है। कृषि वैज्ञानिक के अनुसार, इसके शुरुआती लक्षण छोटे पौधों के तनों पर धंसे हुए घाव के रूप में दिखाई देते हैं। प्रभावित तनों से भूरे पानी जैसा तरल पदार्थ भी निकलता है। इस रोग का असर मुख्य रूप से नर्सरी में तैयार किए जा रहे टमाटर, मिर्च, पपीता, गेंदा और बैंगन के छोटे पौधों पर देखा जाता है।
1.5 ग्राम दवा को एक लीटर पानी में मिलाकर करें छिड़काव
डॉ. संजय कुमार सिंह के अनुसार, नर्सरी के पौधों में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर रिडोमिल और मैनकोजेब युक्त फफूंदनाशक दवा का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसकी 1.5 ग्राम मात्रा को एक लीटर पानी में मिलाकर घोल तैयार करें और पौधों पर छिड़काव करें।
उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि फफूंदनाशक और कीटनाशक दवाओं का इस्तेमाल करते समय सुरक्षात्मक कपड़े पहनें। साथ ही दवा के पैकेट या उत्पाद के लेबल पर दिए गए निर्देशों का पालन जरूर करें। इससे किसान नर्सरी में तैयार हो रहे फल, फूल और सब्जियों के छोटे पौधों को इस बीमारी से बचा सकते हैं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।