बिहार के किसान अब मछली पालन संग मोती उगा रहे हैं। राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के तहत आने वाला मत्स्यकी महाविद्यालय किसानों को मोती पालन और उसके प्रसंस्करण के गुर सिखा रहा है। इस प्रशिक्षण की मदद से किसान एक तालाब में मछली संग मोती उत्पादन भी कर सकते हैं। वैज्ञानिक किसानों को सीप की पहचान, उसमें मोती तैयार करने और उसकी बिक्री से जुड़ी तकनीकों की जानकारी दे रहे हैं।
12 से 18 महीने में तैयार होता है मोती
विशेषज्ञों के अनुसार, एक साधारण सीप से 12 से 18 महीने में गोल या डिजाइनर मोती तैयार किया जा सकता है। इसके लिए किसानों को मीठे पानी में मिलने वाले सीपों की पहचान, उनका संग्रह और उनमें शल्य क्रिया यानी इम्प्लांटेशन करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मत्स्यकी महाविद्यालय में प्रशिक्षण और कार्यशालाओं के माध्यम से किसानों को मोती उत्पादन की व्यावहारिक जानकारी दी जाती है। इसमें स्थानीय नदियों और तालाबों में मिलने वाले सीपों का इस्तेमाल करने की तकनीक भी शामिल है।
डिजाइनर मोती और सीप से दूसरे उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को केवल गोल मोती ही नहीं, बल्कि भगवान गणेश, बुद्ध और क्रॉस जैसी आकृतियों वाले डिजाइनर मोती तैयार करना भी सिखाया जा रहा है। इसके अलावा मोती निकालने के बाद उसकी सफाई, पॉलिशिंग और ग्रेडिंग की जानकारी दी जाती है।
मोती को आभूषण बनाने के लिए तैयार करने की प्रक्रिया का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि किसान अपने उत्पाद को सीधे बाजार में बेचकर उचित कीमत हासिल कर सकें। इसके साथ ही मोती निकालने के बाद बचे सीप के खोल का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इनसे बटन, सजावटी सामान और कैल्शियम युक्त पशु आहार बनाने का प्रशिक्षण दिया जाता है। इससे सीप के अलग-अलग हिस्सों का उपयोग करने पर जोर दिया जा रहा है।
महिलाओं और युवाओं के लिए भी रोजगार का अवसर
किसान घर के आंगन में छोटे टैंक बनाकर या गांव के छोटे तालाबों में भी मोती पालन शुरू कर सकते हैं। इसमें भारी शारीरिक मेहनत की जरूरत नहीं होती। इसी वजह से ग्रामीण महिलाएं और शिक्षित युवा भी इस काम से जुड़ रहे हैं।मत्स्यकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. पीपी श्रीवास्तव के अनुसार, एक ही तालाब या नदी में मछली पालन के साथ मोती उत्पादन की अच्छी संभावनाएं हैं। वैज्ञानिकों की ओर से लगातार तकनीकी मदद मिलने से किसानों को इस काम को शुरू करने में सहायता मिल रही है।