Home›Khabar Junction›
Before Potato Comes Sweet Potato Nine Varieties Trialled In Singna To Boost Farmer Income
आलू से पहले पकेगी मुनाफे की फसल : सीआईपी में शकरकंद की 9 किस्मों पर शुरू हुआ ट्रायल
गांव जंक्शन डेस्क, आगरा
Published by: Umashankar Mishra
Updated Thu, 10 Sep 2026 01:46 PM IST
सार
आगरा के सींगना में बन रहे अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र (सीआईपी) के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (सी-सार्क) में अब शकरकंद की नौ किस्मों पर भी ट्रायल शुरू हो गया है। यह पहल आलू किसानों को एक अतिरिक्त और जल्दी तैयार होने वाली फसल का विकल्प देगी, जिससे उनकी आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी। सफल परीक्षण के बाद उत्तर प्रदेश आलू की तरह शकरकंद का भी बड़ा हब बन सकता है। जानिए, विस्तार से...
सीआईपी के निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह ने बताया कि सींगना में खरीफ सीजन की 9 शकरकंद किस्मों का ट्रायल शुरू हुआ है।
- फोटो : AI Image
आगरा के सींगना में बन रहे अंतरराष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र (सीआईपी) के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (सी-सार्क) में वैज्ञानिकों ने अब शकरकंद की किस्मों पर भी शोध शुरू कर दिया है। इसका मकसद यह है कि किसान आलू के साथ शकरकंद की खेती भी कर सकें, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि यहां की मिट्टी और मौसम में यह प्रयोग सफल होगा और आगरा सहित पूरा उत्तर प्रदेश आलू की तरह शकरकंद का भी बड़ा केंद्र बन सकेगा।
अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की बैठक में बनी रणनीति
मंगलवार को सी-सार्क कार्यालय में सीआईपी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक अहम बैठक हुई, जिसमें सीआईपी महानिदेशक सिमोन हेक, चाइना सेंटर फॉर एशिया पैसिफिक निदेशक यानमिन शी, अफ्रीका क्षेत्रीय निदेशक जॉयस, लैटिन अमेरिका क्षेत्रीय निदेशक वियन पोलर और सी-सार्क निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह शामिल हुए। बैठक में भारत की शकरकंद किस्मों के साथ-साथ वियतनाम, अफ्रीका, चीन और बांग्लादेश की उन्नत किस्मों को स्थानीय परिवेश में विकसित करने और किसानों के लिए उपयोगी बनाने की योजनाओं पर चर्चा हुई।
नौ किस्मों का ट्रायल, हर एक विटामिन से भरपूर
सीआईपी के निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह ने बताया कि सींगना में खरीफ सीजन की 9 शकरकंद किस्मों का ट्रायल शुरू हुआ है। शकरकंद की इन किस्मों में भू-अरुणिमा, भू-कृष्ण, भू-सोना, कमला सुंदरी, एसपी 94/4, कंचनगढ़, कृष्णा, कोरापुट लैंडरेस (लाल छिलका) और कोरापुट लैंडरेस (सफेद छिलका) शामिल हैं। इनमें बैंगनी, नारंगी और सफेद गूदे वाली किस्में शामिल हैं, जिनमें से अधिकतर अंडाकार आकार की और विटामिन से भरपूर हैं।
60 प्रतिशत से अधिक आलू किसानों को मिलेगा फायदा
डॉ. सिंह के अनुसार, आगरा में आलू की खेती करने वाले 60 प्रतिशत से अधिक किसान साल में केवल एक ही फसल ले पाते हैं। शकरकंद की सफल किस्में उन्हें वर्षा जल पर आधारित एक अतिरिक्त फसल का विकल्प देंगी, जो आलू की बुवाई से पहले तैयार हो जाएगी। ट्रायल सफल होने पर संबंधित संस्थाओं के सहयोग से इन किस्मों को जल्द किसानों तक पहुंचाया जाएगा।
छह महीने में तैयार होगा पूरा अनुसंधान केंद्र
डॉ. सिंह ने बताया कि सींगना में अनुसंधान केंद्र के निर्माण का काम तेज़ी से चल रहा है और अगले छह महीनों में यह पूरी तरह तैयार हो जाएगा। यहां आलू की विभिन्न किस्मों पर भी शोध होंगे, साथ ही किसानों को प्रशिक्षण देने के लिए कार्यशालाएं और ट्रेनिंग कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस केंद्र से न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश और दक्षिण एशिया के किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।