विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Ai Monitors Every Farm Activity Indian Startup Company Reaches 4 Million Farmers Now Enters Abu Dhabi

खेत की हर गतिविधि पर AI की नजर : 40 लाख किसानों तक पहुंची भारतीय स्टार्टअप कंपनी, अब अबू धाबी में एंट्री

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 21 Nov 2026 10:03 AM IST
सार

भारतीय एग्रीटेक स्टार्टअप MapMyCrop ने अबू धाबी में कारोबार शुरू किया है। कंपनी AI और सैटेलाइट तकनीक से खेतों की निगरानी, फसल में बीमारी का अलर्ट और खाद-पानी के बेहतर इस्तेमाल की सलाह दे रही है। जानिए कैसे बदल रही है खेती।

कृषि में AI का महत्व
कृषि में AI का महत्व - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

खेती में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सैटेलाइट तकनीक का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। इसी दिशा में काम कर रही भारतीय स्टार्टअप कंपनी MapMyCrop ने अब पश्चिम एशिया में भी अपना कारोबार शुरू कर दिया है। कंपनी ने अबू धाबी कृषि एवं खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण (ADAFSA) के साथ काम करना शुरू किया है। इससे कंपनी को अंतरराष्ट्रीय बाजार में विस्तार का नया मौका मिला है।

महाराष्ट्र से शुरू हुई MapMyCrop का मुख्यालय अमेरिका के न्यूयॉर्क में है। कंपनी सैटेलाइट तस्वीरों और AI की मदद से खेतों की निगरानी करती है। इसके जरिए किसानों को फसल की स्थिति, खाद-पानी की जरूरत, बीमारियों और संभावित नुकसान के बारे में जानकारी दी जाती है।

कंपनी के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नील जाधव के मुताबिक, MapMyCrop अमेरिका के न्यूयॉर्क समेत कई राज्यों में काम कर रही है। ब्रिटेन में भी कंपनी अपना कारोबार बढ़ा रही है। वहां प्रोटीन और जौ की फसलों पर काम शुरू किया गया है। कंपनी अमेरिका की खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) और पेप्सिको जैसी बड़ी कंपनियों के साथ भी काम कर रही है।

B2B2F मॉडल से किसानों तक पहुंच रही तकनीक
MapMyCrop का कारोबार B2B2F यानी कंपनी से कंपनी और फिर किसानों तक पहुंचने वाले मॉडल पर आधारित है। इस व्यवस्था में कंपनी चीनी मिलों, खाद्य प्रसंस्करण कंपनियों और अन्य संस्थानों को अपनी तकनीक उपलब्ध कराती है। ये संस्थान आगे किसानों तक इसकी सेवाएं पहुंचाते हैं। कंपनी ने MapMaker नाम का एक तकनीकी प्लेटफॉर्म भी विकसित किया है, जो खेतों की वास्तविक स्थिति की जांच और निगरानी करता है।

नील जाधव के मुताबिक, कंपनी की खासियत उसकी अपनी सैटेलाइट तकनीक है। यह एक मीटर तक की बारीकी वाली तस्वीरों के आधार पर खेतों की जानकारी जुटाती है। कंपनी का दावा है कि इस तकनीक से हर खेत के करीब 300 मानकों का विश्लेषण किया जा सकता है। इससे किसानों को उनकी फसल और खेत की जरूरत के हिसाब से सलाह मिलती है। कंपनी की सेवाएं देश के लगभग सभी राज्यों में उपलब्ध हैं। महाराष्ट्र और कर्नाटक में इसकी पहुंच सबसे ज्यादा है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और गुजरात में भी कंपनी ने अच्छा काम किया है।

40 लाख से ज्यादा किसानों तक पहुंच
कंपनी पूर्वोत्तर भारत में 40 लाख से ज्यादा किसानों के साथ काम कर रही है। यहां किसानों को मुफ्त और प्रीमियम दोनों तरह की सेवाएं दी जा रही हैं। अमेरिका में भी कंपनी के करीब 3 लाख किसान प्रीमियम सेवाओं से जुड़े हैं, जबकि 1 लाख किसान मुफ्त सेवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं।

कंपनी के मुताबिक, गन्ने की खेती में उसे अच्छी सफलता मिली है। भारतीय चीनी एवं जैव ऊर्जा निर्माता संघ (ISMA) के साथ समझौते के तहत कंपनी 72 चीनी मिलों तक अपनी तकनीक पहुंचा रही है। इस काम में एग्रीकल्चर डेवलपमेंट ट्रस्ट (ADT), माइक्रोसॉफ्ट और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी भी जुड़े हैं।

कंपनी का दावा है कि AI आधारित सलाह से अलग-अलग फसलों में पैदावार 30 से 40 फीसदी तक बढ़ी है। कुछ मामलों में बढ़ोतरी 100 फीसदी तक रही है। गन्ने की खेती में किसानों को लगातार 400 टन प्रति हेक्टेयर तक पैदावार मिलने का दावा किया गया है।

संतरे की खेती में भी मिली सफलता
MapMyCrop संतरे और दूसरे खट्टे फलों की खेती में भी बड़े स्तर पर काम कर रही है। कंपनी ने महाराष्ट्र के नागपुर जिले में 1,500 किसानों के साथ एक परीक्षण परियोजना (पायलट प्रोजेक्ट) चलाई। इस दौरान एक खेत में संतरे के एक पेड़ से 600 से ज्यादा संतरे मिलने का दावा किया गया। खास बात यह रही कि आसपास के खेत सूखे की समस्या से जूझ रहे थे।

कंपनी ओडिशा में भी काम कर रही है। इसके अलावा महाराष्ट्र सरकार, बारामती के एग्रीकल्चर डेवलपमेंट ट्रस्ट और पुणे के वसंतदादा शुगर इंस्टीट्यूट के साथ मिलकर गन्ना किसानों और चीनी मिलों के लिए तकनीकी समाधान उपलब्ध करा रही है।

10-12 नई फसलों तक सेवाएं बढ़ाने की तैयारी
कंपनी अब आम और काजू समेत 10 से 12 अन्य फसलों में भी अपनी सेवाओं का विस्तार करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए दो से तीन राज्यों में काम बढ़ाया जाएगा। कंपनी अलग-अलग राज्यों में पायलट प्रोजेक्ट के जरिए अपनी तकनीक का असर दिखाना चाहती है। MapMyCrop किसानों को दो तरह की सेवाएं देती है। पहली सेवा मुफ्त है, जिसमें खेती से जुड़ी सामान्य सलाह मिलती है। दूसरी प्रीमियम सेवा है, जिसमें किसानों को फसल के हिसाब से विस्तृत जानकारी और तकनीकी सलाह दी जाती है।

कंपनी की कुल कमाई में मुफ्त और प्रीमियम किसान सेवाओं का हिस्सा करीब 6 से 7 फीसदी है। इसकी मुख्य कमाई चीनी मिलों, कपास मिलों, पेप्सिको जैसी कंपनियों और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े कारोबारों को तकनीक उपलब्ध कराने से होती है। भारत में कंपनी के करीब 20 से 25 फीसदी उपयोगकर्ता प्रीमियम सेवाएं लेते हैं। गन्ने जैसी 12 महीने की फसल के लिए कंपनी की प्रीमियम योजनाओं की कीमत 500 से 5,000 रुपये प्रति हेक्टेयर सालाना तक है।

खाद और पानी की बचत में मदद कर रही AI तकनीक
कंपनी की प्रीमियम योजनाओं में खाद के सही इस्तेमाल से जुड़ी सेवा भी शामिल है। इसमें खेत की मौजूदा स्थिति और पुराने आंकड़ों का विश्लेषण किया जाता है। इसके आधार पर खेत को 3 से 5 हिस्सों में बांटकर बताया जाता है कि किस हिस्से में कितनी खाद डालने की जरूरत है।

इसके अलावा, फसलों में बीमारी लगने की आशंका का अनुमान 15 दिन पहले तक दिया जाता है। कंपनी के CEO के मुताबिक, बीमारी का अनुमान लगाने में 7 से 9 दिन पहले तक इसकी सटीकता कम से कम 80 फीसदी रहती है।

कंपनी का दावा है कि उसकी तकनीक से किसानों को सिंचाई के पानी में 20 से 25 फीसदी तक बचत करने में मदद मिलती है। वहीं, खाद के सही इस्तेमाल से खेती की कुल लागत में 35 से 40 फीसदी तक कमी आ सकती है।

AI तकनीक किसानों को 24 घंटे जानकारी देती है। इसके साथ ही कंपनी का कृषि विशेषज्ञ हर 15 दिन में किसानों से फोन पर संपर्क कर खेती से जुड़ी सलाह भी देता है। कंपनी के अनुसार, फिलहाल करीब 3 लाख किसानों तक प्रीमियम सेवाओं की पहुंच बनाने के बाद 40 से 50 हजार किसान इनका भुगतान करके इस्तेमाल कर रहे हैं। अगले कुछ महीनों में इस संख्या को बढ़ाकर एक लाख से ज्यादा करने का लक्ष्य है।
विज्ञापन
विज्ञापन