Home›Khabar Junction›
After El Ni O La Ni A May Strike Wheat Crop And Water Shortages Could Raise Concerns In 2027
अल नीनो के बाद ला नीना की दस्तक संभव: 2027 में गेहूं की फसल और पानी की कमी बढ़ा सकती है चिंता
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sat, 21 Nov 2026 11:56 AM IST
सार
अल नीनो का असर 2027 में भारत के मौसम और खेती पर पड़ सकता है। गर्म सर्दियों, गेहूं की पैदावार में गिरावट और पानी की कमी का खतरा है। जानिए ला नीना बनने की संभावना और मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान।
अल नीनो के असर से भारत में सर्दियों के दौरान सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ने और फरवरी-मार्च में तापमान तेजी से बढ़ने की आशंका है। इसका सीधा असर गेहूं की फसल पर पड़ सकता है। खासकर उस समय जब गेहूं में दाने बनने और विकसित होने की प्रक्रिया चलती है। इसके अलावा, कमजोर मानसून के कारण मिट्टी में नमी और जलाशयों में पानी की कमी भी आने वाले महीनों में परेशानी बढ़ा सकती है।
हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 2027 के दूसरे हिस्से में अल नीनो कमजोर पड़ने के बाद ला नीना की स्थिति बनने की संभावना है। अशोका यूनिवर्सिटी के सफरएक्सप्रेस सेंटर फॉर डेटा, लर्निंग एंड डिसीजन साइंसेज के शोधकर्ता मनमीत सिंह और संदीप जुनेजा के मुताबिक, 1997-98 और 2015-16 में भी बेहद मजबूत अल नीनो के बाद ला नीना की स्थिति बनी थी। हालांकि, हर बार अल नीनो के बाद ला नीना आए, यह जरूरी नहीं है।
शोधकर्ताओं ने बिजनेसलाइन से बातचीत में बंगाल की खाड़ी में लगातार बने तीन चक्रवातों के कारणों, मौसम की निगरानी में नई तकनीकों और भारत में सर्दियों, गर्मियों से पहले के मौसम और खेती पर अल नीनो के संभावित असर के बारे में जानकारी दी।
जनवरी तक मजबूत रह सकता है अल नीनो
शोधकर्ताओं के अनुसार, ज्यादातर मौसमी अनुमान संकेत दे रहे हैं कि मौजूदा अल नीनो जनवरी 2027 तक अपने सबसे मजबूत स्तर पर पहुंच सकता है। इसके बाद इसकी ताकत धीरे-धीरे कम होने और अप्रैल से जून 2027 के बीच मौसम के सामान्य स्थिति में लौटने की संभावना है। अमेरिका की राष्ट्रीय समुद्री और वायुमंडलीय प्रशासन (NOAA) के अनुमान के मुताबिक, जनवरी से मार्च 2027 तक मजबूत से बेहद मजबूत अल नीनो बने रहने की करीब 80 फीसदी संभावना है।
हालांकि, वसंत ऋतु के आसपास मौसम का पूर्वानुमान लगाना अपेक्षाकृत कठिन होता है। इसलिए शोधकर्ताओं का कहना है कि 2027 के दूसरे हिस्से में ला नीना की स्थिति बनने की संभावना को ध्यान में रखना चाहिए, लेकिन इसे अभी निश्चित नहीं माना जा सकता।
सर्दियों में बढ़ेगी गर्मी, गेहूं की पैदावार पर असर की आशंका
शोधकर्ताओं के मुताबिक, अल नीनो के दौरान भारत में सर्दियां आमतौर पर गर्म रहती हैं और शीतलहर के दौर कम हो सकते हैं। इसका असर गेहूं की फसल पर पड़ने की आशंका है। फरवरी और मार्च में तापमान तेजी से बढ़ने पर गेहूं के दाने बनने और विकसित होने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इस दौरान ज्यादा गर्मी पड़ने से दानों के विकास का समय कम हो जाता है, जिससे पैदावार घट सकती है।
शोधकर्ताओं ने यह भी आशंका जताई कि मजबूत अल नीनो के अगले साल भी असामान्य गर्मी पड़ सकती है। वर्ष 2016 और 2024 में भी अल नीनो के बाद तापमान के रिकॉर्ड टूटे थे। ऐसे में 2027 में भी इसी तरह की स्थिति बनने की आशंका है।
कमजोर मानसून से बढ़ सकती है पानी की किल्लत
भारत में इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून कमजोर रहा है। सितंबर की शुरुआत तक देश में सामान्य से करीब 14 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई थी। दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के कई इलाकों में बारिश की कमी इससे भी ज्यादा रही। कम बारिश के कारण जलाशयों में पानी का स्तर और खेतों में मिट्टी की नमी सामान्य से कम है। इसका असर आने वाले महीनों में खेती और पानी की उपलब्धता पर पड़ सकता है।
हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने पर उत्तर भारत में सर्दियों के तापमान को नियंत्रित करने और बारिश से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, दक्षिण भारत के प्रायद्वीपीय हिस्सों में उत्तर-पूर्वी मानसून से अच्छी बारिश हो रही है।
इसके बावजूद शोधकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि इन परिस्थितियों से पानी की कमी का खतरा पूरी तरह खत्म नहीं होगा। मध्य और उत्तर भारत में गर्मी का मौसम समय से पहले शुरू होने और ज्यादा तेज रहने की आशंका है।
एक महीने में बंगाल की खाड़ी में बने तीन चक्रवात
शोधकर्ताओं के मुताबिक, अल नीनो का बंगाल की खाड़ी में लगातार चक्रवात बनने से संबंध है, लेकिन केवल इसी वजह से तीन चक्रवात नहीं बने। अल नीनो वाले वर्षों में दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में उत्तर-पूर्वी मानसून ज्यादा सक्रिय हो सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भी बताया है कि अल नीनो के दौरान बंगाल की खाड़ी में बनने वाले चक्रवात अपेक्षाकृत दक्षिणी हिस्सों में पैदा होते हैं और आंध्र प्रदेश तथा तमिलनाडु की ओर बढ़ सकते हैं।
चक्रवात अर्नब, मुरासु और अकवान का रास्ता भी कुछ इसी तरह का रहा। हालांकि, एक महीने से भी कम समय में तीन चक्रवात बनने के पीछे समुद्र और वायुमंडल की दूसरी परिस्थितियों की भी भूमिका रही है।
समुद्र का बढ़ता तापमान और MJO भी चक्रवात की वजह
शोधकर्ताओं के अनुसार, हिंद महासागर का तापमान सामान्य से ज्यादा गर्म रहा है। इससे समुद्र में चक्रवातों को ताकत देने के लिए पर्याप्त ऊर्जा उपलब्ध हुई।चक्रवात अकवान के रास्ते में समुद्र की ऊपरी परत में जमा गर्मी का स्तर करीब 100 किलो जूल प्रति वर्ग सेंटीमीटर (kJ/cm²) था। समुद्र की यह गर्मी चक्रवातों को बनने और उनकी ताकत बढ़ाने में मदद करती है। इसके अलावा, मैडेन-जूलियन ऑसिलेशन (MJO) भी इस दौरान सक्रिय था। यह बादलों, बारिश और हवाओं से जुड़ी एक मौसमी प्रक्रिया है, जो उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में एक दिशा में आगे बढ़ती है।
जब MJO का सक्रिय चरण किसी क्षेत्र से गुजरता है, तो वहां बादल बनने, हवा ऊपर उठने और बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनती हैं। इससे चक्रवात बनने की संभावना बढ़ जाती है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, समुद्र का ज्यादा गर्म होना, MJO का अनुकूल रहना और हिंद महासागर के तापमान में लंबे समय से हो रही बढ़ोतरी ने मिलकर चक्रवातों के बनने और मजबूत होने के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया।
अल नीनो का असर कमजोर होने के बाद भी बना रह सकता है
अल नीनो का असर केवल प्रशांत महासागर तक सीमित नहीं रहता। यह दुनिया के दूसरे समुद्री क्षेत्रों और मौसम को भी प्रभावित करता है। अल नीनो के दौरान उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में हवा के बहाव का सामान्य पैटर्न बदल जाता है। इसे वॉकर सर्कुलेशन (Walker Circulation) कहते हैं। इसके कारण इंडोनेशिया के आसपास बादल बनने और बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं। इससे बंगाल की खाड़ी के आसपास हवाओं और नमी के बहाव पर भी असर पड़ता है।
इसके अलावा, हिंद महासागर में एक ऐसी प्रक्रिया होती है जिसे 'इंडियन ओशन कैपेसिटर इफेक्ट' कहा जाता है। इसके तहत अल नीनो शुरू होने के कुछ महीनों बाद हिंद महासागर का तापमान बढ़ने लगता है। खास बात यह है कि प्रशांत महासागर में अल नीनो कमजोर पड़ने के बाद भी हिंद महासागर में जमा गर्मी बनी रह सकती है।
इसका असर क्षेत्रीय मौसम और वायुमंडलीय गतिविधियों पर लंबे समय तक बना रहता है। भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) के अनुमान के मुताबिक, हिंद महासागर का तापमान अगले साल अप्रैल-मई तक सामान्य से ज्यादा रह सकता है। ऐसे में प्रशांत महासागर में अल नीनो कमजोर पड़ने के बाद भी बंगाल की खाड़ी में समुद्र का तापमान चक्रवातों के अनुकूल बना रह सकता है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।