मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में उगाई जाने वाली हरी मिर्च और सहजन की फलियां अब दुबई के बाजारों में भी बिक रही हैं। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग और कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के सहयोग से जिले से 1.5 टन सब्जियों का निर्यात संयुक्त अरब अमीरात किया गया है। परीक्षण के तौर पर भेजी गई इस खेप ने शारजाह में गुणवत्ता जांच पास की और जरूरी प्रमाण-पत्र हासिल किए। इसके बाद इन सब्जियों को दुबई के अलग-अलग सुपरमार्केट में बिक्री के लिए उपलब्ध कराया गया है।
किसानों से खरीदी गईं सब्जियां, कंपनी ने किया निर्यात
इस निर्यात प्रक्रिया में मुंबई की कॉग्नीफाय इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड ने शिवहरे एक्सपोर्ट एंड मैन्युफैक्चरिंग और जिले के स्थानीय किसानों से सब्जियां खरीदीं। इसके बाद कंपनी ने इनके निर्यात की व्यवस्था की। कंपनी के निदेशक जलज मोहन के अनुसार, सिवनी और आसपास के क्षेत्रों में कृषि व्यवसाय और निर्यात की अच्छी संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक और जैविक तरीकों से तैयार की गई उपज की विदेशी बाजारों में मांग बढ़ रही
है।
यूरोप और मध्य-पूर्व में भी भेजी जाएंगी सब्जियां
जिला उद्यानिकी अधिकारी डॉ. आशा उपवंशी वासेवार के अनुसार, अधिक से अधिक किसानों और उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके तहत गुणवत्ता प्रमाणन और निर्यात से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में यूरोप और मध्य-पूर्व के देशों में मिश्रित सब्जियों की परीक्षण खेप भेजने की तैयारी है।
किसानों को मिलेगा बड़ा बाजार
कलेक्टर अंजू अरुण कुमार के अनुसार, जिले की कृषि उपज का अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचना कृषि क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे स्थानीय किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है। दुबई और शारजाह में सिवनी की सब्जियों की पहुंच से भविष्य में नियमित निर्यात की संभावनाएं भी बन सकती हैं। इससे हरी मिर्च और सहजन की खेती करने वाले किसानों को स्थानीय मंडियों के अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी उपज बेचने का अवसर मिल सकता है।